ePaper

डोकलाम गतिरोध के बीच चीनी सेना ने तिब्बत में भेजा भारी सैन्य साजोसामान

Updated at : 19 Jul 2017 8:30 PM (IST)
विज्ञापन
डोकलाम गतिरोध के बीच चीनी सेना ने तिब्बत में भेजा भारी सैन्य साजोसामान

मुलायम सिंह ने दी चेतावनी, चीन कर चुका है हमले की पूरी तैयारी बीजिंग/दिल्ली : पीएलए के मुखपत्र में बुधवार को कहा गया कि सिक्किम सेक्टर के डोकलाम इलाके में भारतीय सैनिकों के साथ गतिरोध के बाद चीनी सेना ने हजारों टन सैन्य साजोसामान और गाड़ियां सुदूरवर्ती पहाड़ी तिब्बत क्षेत्र में पहुंचा दिया है. वहीं, […]

विज्ञापन

मुलायम सिंह ने दी चेतावनी, चीन कर चुका है हमले की पूरी तैयारी

बीजिंग/दिल्ली : पीएलए के मुखपत्र में बुधवार को कहा गया कि सिक्किम सेक्टर के डोकलाम इलाके में भारतीय सैनिकों के साथ गतिरोध के बाद चीनी सेना ने हजारों टन सैन्य साजोसामान और गाड़ियां सुदूरवर्ती पहाड़ी तिब्बत क्षेत्र में पहुंचा दिया है. वहीं, दूसरी ओर समाजवादी पार्टी के नेता और पूर्व रक्षा मंत्री मुलायम सिंह यादव ने चीन को भारत का सबसे बड़ा दुश्मन बताते हुए दावा किया कि यह पड़ोसी देश भारत के खिलाफ षड्यंत्र रच रहा है और भारत पर हमले की पूरी तैयारी कर चुका है. उन्होंने यह आरोप भी लगाया कि सरकार इस विषय पर उनकी बात नहीं सुन रही और उठाये जानेवाले कदमों पर राय नहीं ले रही.

चीनी सेना के आधिकारिक मुखपत्र पीएलए डेली में कहा गया कि अशांत शिनजियांग और तिब्बत क्षेत्र में निगरानी रखने और भारत के साथ सीमा के मुद्दों को संभालनेवाली पश्चिमी थियेटर कमान द्वारा क्षेत्र के दक्षिण में उत्तरी तिब्बत के कुनलुन पहाड़ियों पर इस बड़े जखीरे को पहुंचाया है. रिपोर्ट में कहा गया कि यह कदम पिछले महीने उठाया गया और समूचे क्षेत्र से रेल और सड़क मार्ग से इन साजोसामान को पहुंचाया गया.

चीन के सरकारी मीडिया ने हाल के हफ्तों में भारत के खिलाफ अपनी बातों के जाल में तेजी लायी है, लेकिन यहां कोई तरीका नहीं जिससे ऐसे दावों की सच्चाई की पुष्टि हो सके. इस हफ्ते के शुरू में सरकारी सीसीटीवी ने पीपुल्स लिबरेशन आर्मी के जवानों के तिब्बत के पठार में भारी सैन्य अभ्यास में हिस्सा लेने और गोला बारूद के इस्तेमाल का प्रसारण किया था.

हांगकांग स्थित साउथ चाइना मॉर्निंग पोस्ट की खबर में कहा गया कि यह जगह विवादित डोकलाम इलाके से ज्यादा दूर नहीं जहां चीनी और भारतीय सेना गतिरोध के बाद डटी है. पीएलए डेली की खबर में हालांकि यह नहीं कहा गया कि यह सैन्य उपकरण सैन्य अभ्यास के लिहाज से पहुंचाये गये थे या इसके पीछे कोई और वजह है.

वहीं, दूसरी ओर समाजवादी पार्टी के नेता मुलायम सिंह यादव ने चीन को भारत का सबसे बड़ा दुश्मन बताते हुए दावा किया कि यह पड़ोसी देश भारत के खिलाफ षड्यंत्र रच रहा है और भारत पर हमले की पूरी तैयारी कर चुका है. उन्होंने यह आरोप भी लगाया कि सरकार इस विषय पर उनकी बात नहीं सुन रही और उठाये जानेवाले कदमों पर राय नहीं ले रही. यादव ने बुधवार को लोकसभा में शून्यकाल में इस विषय को उठाते हुए कहा, ‘मैं बीस साल से सावधान करता आ रहा हूं और हर साल इस बारे में इस सदन में बोलता हूं कि चीन से भारत को बहुत खतरा है. चीन भारत के खिलाफ षड्यंत्र कर रहा है और हिंदुस्तान पर हमले की पूरी तैयारी कर चुका है.’ उन्होंने कहा कि हमें पाकिस्तान से नहीं चीन से खतरा है. उसने पाकिस्तान को भी अपने साथ मिला लिया है. नेपाल पर भी चीन की नजर है.

यादव ने सरकार को आगाह करते हुए यह दावा भी किया, ‘सूचना मिली है कि चीन ने पाकिस्तान की जमीन में एटम बम गाड़ दिया है. हमें नहीं पता कि सरकार के पास यह सूचना है या नहीं.’ सपा नेता ने कहा कि तत्कालीन सरकारों की सबसे बड़ी भूल रही कि तिब्बत पर चीन का कब्जा होने दिया. तिब्बत के आध्यात्मिक नेता दलाई लामा पूरी तरह भारत के साथ रहे और आज भी भारत के साथ हैं, लेकिन हम उन्हें संरक्षण नहीं दे सके. उन्होंने कहा कि हमें अब भी तिब्बत की आजादी का समर्थन करना चाहिए.

उन्होंने सिक्किम सेक्टर के पास डोकलाम में चीन और भारत की सेनाओं के बीच हालिया गतिरोध की स्थिति के संदर्भ में कहा कि भूटान और सिक्किम की सीमा की रक्षा करना सरकार की जिम्मेदारी है. यादव के अनुसार चीन के एक अखबार ने मंगलवारको दावा किया कि उसकी सेना तिब्बत की सीमा पर युद्धाभ्यास कर रही है. उन्होंने कहा कि इसका कड़ा विरोध सरकार को दर्ज कराना चाहिए. उन्होंने यह भी कहा कि चीन और पाकिस्तान मिलकर कश्मीर में भी षड्यंत्र रच रहे हैं. यादव ने कहा कि इतनी बार इस विषय को उठाये जाने के बाद भी और चीन के साथ इस तरह की गतिरोध की स्थिति के बावजूद सरकार सुन नहीं रही. अभी तक सरकार की ओर से कोई जवाब नहीं मिला और ना ही हमारी राय ली गयी. सरकार को बताना चाहिए कि उसने क्या-क्या कदम उठाये हैं.

विज्ञापन
Prabhat Khabar Digital Desk

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola