4 दोषियों को फांसी की सजा,15 साल पुराने राज सिंह हत्याकांड में आया फैसला, कोर्ट बोला- न्याय में देरी भी अन्याय

Updated:
विज्ञापन
राज सिंह हत्याकांड में आया फैसला ( AI सांकेतिक तस्वीर)

राज सिंह हत्याकांड में आया फैसला ( AI सांकेतिक तस्वीर)

UP News: उत्तर प्रदेश के शामली जिले में 15 साल पुराने राज सिंह हत्याकांड में अदालत ने बड़ा फैसला सुनाया है. लूट का विरोध करने पर किसान की हत्या के दोषी पाए गए चारों आरोपियों को फांसी की सजा सुनाई गई है.

विज्ञापन

UP News: उत्तर प्रदेश के शामली जिले के चर्चित राज सिंह हत्याकांड में करीब 15 साल बाद अदालत ने बड़ा फैसला सुनाया है. मुजफ्फरनगर की अपर जिला एवं सत्र न्यायालय एवं त्वरित न्यायालय संख्या-3 ने मामले के चारों दोषियों को फांसी की सजा सुनाई. फैसला सुनाते हुए पीठासीन अधिकारी रवि कुमार दिवाकर ने टिप्पणी की कि "न्याय में देरी, न्याय से इनकार के समान है." यह मामला वर्ष 2011 में लूट का विरोध करने पर किसान की हत्या से जुड़ा था.

बाइक और नकदी लूटने के दौरान की गई थी हत्या

अभियोजन के मुताबिक, भोपा थाना क्षेत्र के भोकरहेड़ी निवासी 48 वर्षीय किसान राज सिंह 20 अगस्त 2011 की रात अपने साथी बिजेंद्र के साथ बाइक से शामली के कुड़ाना गांव स्थित अपनी बहन के घर जा रहे थे. रास्ते में कुड़ाना से करीब एक किलोमीटर पहले आम के बाग के पास बदमाशों ने दोनों को रोक लिया. पहले लाठी-डंडों से हमला किया गया और फिर दोनों को जबरन बाग में ले जाया गया. वहां बिजेंद्र के हाथ-पैर बांध दिए गए, जबकि राज सिंह ने लूट का विरोध किया तो आरोपियों ने उनकी बेरहमी से पिटाई की और बाद में गोली मारकर हत्या कर दी. वारदात के बाद सभी आरोपी मौके से फरार हो गए.

12 गवाहों और सबूतों के आधार पर चारों को मिली फांसी

घटना के बाद कुड़ाना निवासी राहुल मलिक की शिकायत पर मुकदमा दर्ज किया गया. पुलिस जांच में फुगाना के बहावड़ी गांव निवासी अजीत, सूरज उर्फ काला, शहर क्षेत्र के वहलना निवासी अनिल और देवरिया के घुसवा रामपुर निवासी सुनील के नाम सामने आए. चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ अदालत में आरोपपत्र दाखिल किया गया. सुनवाई के दौरान अभियोजन पक्ष ने 12 गवाहों के बयान और अन्य साक्ष्य अदालत के सामने पेश किए. सुनवाई के दौरान सुनील के अदालत में पेश न होने पर 9 जुलाई को उसके खिलाफ गैर-जमानती वारंट भी जारी किया गया था. सभी साक्ष्यों और गवाहों पर विचार करने के बाद अदालत ने चारों आरोपियों को दोषी करार देते हुए फांसी की सजा सुनाई.

वारदात से पहले बनाते थे शिकार की पूरी योजना

पुलिस की जांच में खुलासा हुआ कि आरोपी सुनसान रास्तों पर आने-जाने वाले लोगों पर नजर रखते थे. मौका मिलते ही वे उन्हें रोककर हमला करते और पास के बाग में ले जाकर लूटपाट करते थे. इसी तरह राज सिंह और उनके साथी को भी निशाना बनाया गया. विरोध करने पर आरोपियों ने राज सिंह की गोली मारकर हत्या कर दी.

Must Read- 24 घंटे में यूपी पुलिस का तीसरा एनकाउंटर, 300 पुलिसकर्मियों की घेराबंदी के बाद दोनों बदमाश ढेर, एसओजी के दो सिपाही घायल


विज्ञापन
Komal Agarwal

लेखक के बारे में

By Komal Agarwal

कोमल अग्रवाल पिछले तीन वर्षों से पत्रकारिता और डिजिटल मीडिया के क्षेत्र में सक्रिय हैं और वर्तमान में प्रभात खबर में डिजिटल पत्रकार के रूप में कार्यरत हैं. वे डिजिटल मीडिया के क्षेत्र में सक्रिय हैं और विभिन्न विषयों पर समाचार एवं लेख लिखती हैं. इससे पहले उन्होंने प्रिंट और डिजिटल मीडिया में इंटर्नशिप एवं कार्य अनुभव प्राप्त किया है, जहां उन्होंने रिपोर्टिंग, कंटेंट राइटिंग, सोशल मीडिया मैनेजमेंट और वीडियो एडिटिंग जैसे क्षेत्रों में काम किया. उन्होंने पटना विमेंस कॉलेज से जनसंचार एवं पत्रकारिता की पढ़ाई की है. कोमल तथ्यपरक, विश्वसनीय और पाठक-केंद्रित पत्रकारिता में विश्वास रखती हैं तथा सरल, सटीक और प्रभावी समाचार लेखन को प्राथमिकता देती हैं.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola