विधानसभा लाइव 2022 : कांग्रेस ने मणिपुर के लिए घोषित किए 10 और उम्मीदवार, 27 फरवरी और 3 मार्च को मतदान
विधानसभा लाइव 2022 LIVE : भारत के चार राज्य पंजाब, उत्तराखंड, गोवा और मणिपुर में विधानसभा चुनाव फरवरी में होने हैं. इसके लिए नामांकन की प्रक्रिया और चुनाव प्रचार जारी है. चार राज्यों के विधानसभा चुनाव से संबंधित ताजा अपडेट लगातार जानने के लिए आप हमारे साथ जुड़े रहें.
कांग्रेस ने मणिपुर के लिए घोषित किए 10 और उम्मीदवार
कांग्रेस ने मंगलवार को मणिपुर विधानसभा चुनाव के लिए 10 उम्मीदवारों की दूसरी सूची जारी की. पार्टी ने सगोलाबंद विधानसभा क्षेत्र से एम मोमो सिंह, यास्कूल से एन हेलेन्द्रो सिंह और जिरिराम से बदरुर रहमान को टिकट दिया है. इससे पहले कांग्रेस ने 22 जनवरी को 40 उम्मीदवार घोषित किए थे जिनमें पूर्व मुख्यमंत्री ओकराम इबोबी सिंह और प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष एन लोकेन सिंह के नाम शामिल थे. मणिपुर की 60 सदस्यीय विधानसभा के लिए दो चरणों में 27 फरवरी और तीन मार्च को मतदान होगा। मतगणना 10 मार्च को होगी.
पंजाब में सिर्फ पीएलसी-भाजपा गठबंधन कर सकता है जरूरी सुरक्षा सुनिश्चित: कैप्टन
पंजाब लोक कांग्रेस (PLC) के प्रमुख कैप्टन अमरिंदर सिंह ने मंगलवार को दावा किया कि केवल पीएलसी-भाजपा गठबंधन ही संवेदनशील सीमावर्ती राज्य में सुरक्षा सुनिश्चित कर सकता है. अमरिंदर सिंह ने कहा कि राज्य और देश की सुरक्षा सर्वोपरि है, जिसे केवल पीएलसी गठबंधन, केंद्र में भाजपा के नेतृत्व वाली सरकार के समर्थन से सुनिश्चित कर सकता है. उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह पीएलसी-भाजपा-शिअद संयुक्त गठबंधन के प्रचार के लिए जल्द पंजाब आएंगे.
बोले उत्तराखंड CM,जो हमारे विपक्ष में खड़े हैं, वे चुनाव बाद नहीं दिखेंगे
देहरादून में उत्तराखंड CM पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि जो हमारे विपक्ष में खड़े हैं चुनाव के बाद न वो दिखने वाले हैं, न उनका एजेंडा दिखने वाला है. सवाल करते हुए उन्होंने आगे कहा कि आज पंजाब, छत्तीसगढ़, महाराष्ट्र, राजस्थान में उनकी सरकार है. क्या वहां गैस सिलेंडर सस्ता कर पाए हैं? क्या वहां सभी को रोज़गार दे दिया गया है.
पंजाब के सीएम का अनुरोध, मुझे चमकौर साहिब से 50 हजार मतों के अंतर से जीत दिलाएं
पंजाब के मुख्यमंत्री एवं कांग्रेस उम्मीदवार चरणजीत सिंह चन्नी ने अपने विधानसभा क्षेत्र चमकौर साहिब के लोगों से मंगलवार को अनुरोध किया कि वे राज्य विधानसभा चुनावों के लिए 20 फरवरी को होने वाले मतदान के दौरान कम से कम 50,000 मतों से अंतर से उन्हें विजयी बनाएं. चन्नी के बयान से कुछ दिन पहले आम आदमी पार्टी (आप) नेता और दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने दावा किया था कि चन्नी चमकौर साहिब सीट से हार रहे हैं.
मणिपुर में 10 सीटों पर चुनाव लड़ेगी एनपीएफ, शिवसेना ने 6 प्रत्याशियों का किया ऐलान
मणिपुर में 2017 के विधानसभा चुनाव में चार सीटें जीतने वाले क्षेत्रीय दल नगा पीपुल्स फ्रंट (एनपीएफ) ने कहा कि वह इस बार 10 सीटों पर चुनाव लड़ेगा. वहीं, शिवसेना ने भी राज्य की 60 सदस्यीय विधानसभा के चुनाव के लिए छह उम्मीदवारों की पहली सूची जारी की है. एनपीएफ ने एक बयान में कहा कि उसके प्रत्याशी उन 10 निर्वाचन क्षेत्रों से लड़ेंगे, जो अनुसूचित जनजाति (एसटी) श्रेणी के लिए आरक्षित है. मणिपुर में 20 एसटी निर्वाचन क्षेत्र हैं और सभी पहाड़ियों पर स्थित हैं.
लेखक के बारे में
By Prabhat Khabar Digital Desk
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए