Sports News Live: ढाका में आपा खोने पर कोई पछतावा नहीं : हरमनप्रीत कौर
Sports News Live Updates in Hindi: जसप्रीत बुमराह की अगुवाई में टीम इंडिया ने आयरलैंड को दूसरे टी20 मुकाबले में भी 33 रनों से हरा दिया है. इस प्रकार भारत ने तीन मैचों की सीरीज अपने नाम कर ली है. अब तीसरा मुकाबला एक औपचारिकता मात्र है. जसप्रीत बुमराह ने आज फिर दो विकेट चटकाये और उन्होंने चार ओवर में केवल 15 रन खर्च किये. इससे पहले बल्लेबाजी करते हुए भारत ने आयरलैंड को 186 रनों का लक्ष्य दिया. रुतुराज गायकवाड़ ने शानदार अर्धशतक जड़ा. क्रिकेट, फुटबॉल, रेसलिंग, बैडमिंटन, आर्चरी और निशानेबाजी जैसे खेलों से जुड़े हर बड़े अपडेट के लिए बने रहें prabhatkhabar.com के साथ.
ढाका में आपा खोने पर कोई पछतावा नहीं : हरमनप्रीत
भारतीय महिला क्रिकेट टीम की कप्तान हरमनप्रीत कौर ने रविवार को कहा कि पिछले महीने ढाका में बांग्लादेश के खिलाफ तीसरे वनडे के दौरान उन्हें अपना आपा खोने पर कोई पछतावा नहीं है. हरमनप्रीत पर इस कारण दो मैचों का प्रतिबंध लगा था। ढाका में अंपायर के उन्हें आउट देने के बाद उन्होंने स्टंप पर बल्ला मार दिया था. बाद में मैच के बाद भी उन्होंने द्विपक्षीय श्रृंखला के दौरान हुई अंपायरिंग को खराब बताया था. इस प्रतिबंध के कारण हरमनप्रीत भारत के सितंबर-अक्टूबर में हांगझोउ में होने वाले एशियाई खेलों के पहले दो टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच में नहीं खेल पायेंगी. हरमनप्रीत ने महिलाओं के ‘द हंड्रेड’ के दौरान ‘द क्रिकेट पेपर’ से कहा , ‘मैं ऐसा नहीं कहूंगी कि मुझे किसी चीज का पछतावा है क्योंकि बतौर खिलाड़ी आप देखना चाहते हो कि ठीक चीजें हो रही हैं. बतौर खिलाड़ी आपके पास हमेशा खुद को अभिव्यक्त करने और आप क्या महसूस कर रहे हो, उसे बताने का अधिकार होता है. ’
भारत ने आयरलैंड को 33 रनों हरा दिया है.
टीम इंडिया ने दूसरे टी20 मुकाबले में आयरलैंड को 33 रनों से हराकर सीरीज पर कब्जा कर लिया है. जसप्रीत बुमराह ने दूसरे मुकाबले में भी अपने कोटे के चार ओवर डाले और 15 रन देकर दो विकेट चटकाए. बुमराह पूरी तरह फिट नजर आ रहे हैं. पहले मैच में बुमराह ने 24 रन देकर दो विकेट चटकाए थे. बल्लेबाजी में रुतुराज गायकवाड़ ने भारत ने अर्धशतकीय पारी खेली.
भारत ने आयरलैंड को दिया 186 रनों का लक्ष्य
दूसरे टी20 मुकाबले में बल्लेबाजों के शानदार प्रदर्शन से भारत ने आयरलैंड को जीत के लिए 186 रनों का लक्ष्य दिया है. रुतुराज गायकवाड़ ने अर्धशतक जड़ा है. जबकि रिंकू सिंह ने आखिरी में 21 गेंद पर 38 रनों की पारी खेली. मध्यक्रम में संजू सैमसन ने 26 गेंद पर 40 रन बनाये. उन्होंने गायकवाड़ के साथ बेहतरीन साझेदारी की.
अखिल श्योराण ने भारत के लिए पांचवां ओलंपिक कोटा जीता, महिला और पुरुष टीम को गोल्ड
अखिल श्योराण ने रविवार को यहां आईएसएसएफ विश्व निशानेबाजी चैंपियनशिप की पुरुष राइफल थ्री पोजीशन स्पर्धा में कांस्य पदक के साथ पेरिस ओलंपिक के लिए देश का पांचवां कोटा स्थान हासिल किया. अखिल आठ निशानेबाजों के फाइनल में 450.0 अंक के साथ तीसरे स्थान पर रहे और अगले साल होने वाले ओलंपिक खेलों का कोटा हासिल करने में सफल रहे. वह क्वालीफिकेशन के बाद 585 अंक के साथ छठे स्थान पर थे. ऑस्ट्रेलिया के एलेक्जेंडर शर्मिल ने 462.6 अंक के साथ स्वर्ण पदक अपने नाम किया. चेक गणराज्य के पेत्र निमबर्स्की 459.2 अंक के साथ रजत पदक जीतने में सफल रहे. भारतीय महिला टीम ने 25 मीटर पिस्टल में चीनी ताइपै को हराकर स्वर्ण पदक जीता. टीम में रिदम सांगवान, एशा सिंह और मनु भाकर थी. तीनों ने 1744 अंक बनाए. चीन को कांस्य पदक मिला. सांगवान व्यक्तिगत फाइनल में आठवें स्थान पर रही और पेरिस ओलंपिक का कोटा हासिल करने में नाकाम रही. श्योराण, ऐश्वर्य प्रताप सिंह तोमर और नीरज कुमार ने पुरुषों की थ्री पोजिशन पिस्टल स्पर्धा में स्वर्ण पदक जीता.
भारत की अनाहत सिंह ने एशियाई जूनियर स्क्वाश में जीता गोल्ड
भारत की अनाहत सिंह ने 16 से 20 अगस्त तक हुई एशियाई जूनियर स्क्वाश व्यक्तिगत चैंपियनशिप के अंडर-17 वर्ग में स्वर्ण पदक जीता. पंद्रह साल ही अनाहत ने रविवार को हुए फाइनल में हांगकांग की एना क्वोंग को 3-1 से हराकर स्वर्ण पदक अपने नाम किया. अनाहत ने क्वार्टर फाइनल और सेमीफाइनल में मलेशियाई खिलाड़ियों क्रमश: डॉयस ली और विटनी इसाबेल को हराया था. पिछले साल थाईलैंड में दिल्ली की अनाहत ने इस प्रतियोगिता का अपना पहला स्वर्ण पदक जीता था. अनाहत ने 2019 में मकाऊ में अंडर-13 वर्ग में भी कांस्य पदक जीता था. अनाहत बर्मिंघम 2022 राष्ट्रमंडल खेलों में भी भारत का प्रतिनिधित्व कर चुकी हैं. वह 14 साल की उम्र में इस प्रतियोगिता में हिस्सा लेने वाली सबसे युवा भारतीय खिलाड़ी थीं.
लेखक के बारे में
By Sanjeet Kumar
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए