31.1 C
Ranchi

BREAKING NEWS

Advertisement

FIH हॉकी ओलंपिक क्वालीफायर की मेजबानी के लिए रांची है तैयार, दर्शकों को फ्री में मिलेगी इंट्री

झारखंड की राजधानी रांची में 13 जनवरी से महिला हॉकी ओलंपिक क्वालीफायर 2024 का आयोजन किया जाएगा. हॉकी इंडिया और झारखंड सरकार के बीच इसको लेकर एक एमओयू हुआ है. सभी मुकाबले मरांग गोमके जयपाल सिंह एस्ट्रोटर्फ हॉकी स्टेडियम में खेले जाएंगे.

एफआईएच हॉकी ओलंपिक क्वालीफायर 2024 का आयोजन रांची में 13 से 19 जनवरी 2024 तक किया जाएगा. इसकी मेजबानी के लिए रांची पूरी तरह तैयार है. सभी मुकाबले रांची के मरांग गोमके जयपाल सिंह एस्ट्रोटर्फ हॉकी स्टेडियम में खेले जाएंगे. इस आयोजन के लिए गुरुवार को झारखंड सरकार और हॉकी इंडिया के बीच एक एमओयू पर हस्ताक्षर हुए हैं. यह आयोजन पहले चीन में होने वाला था, लेकिन चीन को पेरिस ओलंपिक 2024 के लिए सीधे प्रवेश मिल गया. इसके बाद हॉकी इंडिया ने एफआईएच इसका आयोजन भारत में करने का अनुरोध किया.

हॉकी इंडिया और झारखंड सरकार के बीच एमओयू

एमओयू पर हस्ताक्षर के समय भारतीय महिला हॉकी टीम के खिलाड़ी भी मौजूद थे. झारखंड सरकार की ओर से खेल सचिव मनोज कुमार और खेल निदेशक सुशांत गौरव मौके पर थे. हॉकी इंडिया के महासचिव भोला नाथ सिंह और हॉकी इंडिया कोषाध्यक्ष शेखर जे मनोहरन उपस्थित थे. यह लगातार दूसरा मौका है, जब झारखंड की राजधानी रांची में महिला हॉकी का बड़ा आयोजन हो रहा है. पिछले साल यहां एशियन चैंपियंस ट्रॉफी 2023 का सफल आयोजन किया गया था. जिसमें भारत चैंपियन बना था.

Also Read: हॉकी इंडिया का बड़ा फैसला, सरदार सिंह और रानी रामपाल को बनाया कोच

हॉकी इंडिया के सचिव ने झारखंड सरकार का जताया आभार

एमओयू पर हस्ताक्षर के बाद हॉकी इंडिया के महासचिव भोला नाथ सिंह ने कहा कि एफआईएच हॉकी ओलंपिक क्वालीफायर रांची 2024 के लिए यह समझौता ज्ञापन भारत में हॉकी को बढ़ावा देने की दिशा में हमारी सामूहिक यात्रा में एक महत्वपूर्ण मील का पत्थर है. हम इसके लिए झारखंड सरकार के प्रति हार्दिक आभार व्यक्त करते हैं. इस विशिष्ट टूर्नामेंट की मेजबानी में उनका अटूट समर्थन मिला है. अब हमारा लक्ष्य एक विश्व स्तरीय कार्यक्रम आयोजित करना है जो हमारे देश में खेल के कद को और ऊपर उठाएगा.

खेल सचिव ने कही यह बात

खेल सचिव मनोज कुमार ने कहा कि हमें एफआईएच हॉकी ओलंपिक क्वालीफायर रांची 2024 से जुड़ने पर गर्व है. यह एक महत्वपूर्ण आयोजन है जो खेल भावना को दर्शाता है. झारखंड इस प्रतिष्ठित टूर्नामेंट की मेजबानी करने के लिए सम्मानित महसूस कर रहा है और इसका स्वागत करता है. हॉकी इंडिया के साथ यह सहयोग खेल उत्कृष्टता को प्रोत्साहित करने और झारखंड को एक जीवंत खेल गंतव्य के रूप में प्रदर्शित करने की हमारी प्रतिबद्धता को रेखांकित करता है.

Also Read: हॉकी इंडिया लीग 2024 में फिर से होगा शुरू, कमर्शियल और मार्केटिंग पार्टनर की हुई घोषणा

दर्शकों के लिए इंट्री फ्री

भोला नाथ सिंह ने कहा कि जिस प्रकार एशियन चैंपियंस ट्रॉफी 2023 के समय सामान्य दर्शकों के लिए इंट्री फ्री था, उसी प्रकार इस आयोजन में भी इंट्री फ्री रहेगा. किसी प्रकार की टिकटें नहीं होंगी. हां, प्रवेश पहले आओ, पहले पाओ के आधार पर होगा. स्टेडियम भर जाने की स्थिति में इंट्री बंद कर दी जाएगी. ऐसे में पहले आकर अपना स्थान सुरक्षित कर लें. यह एक ऐसा आयोजन है जिसपर पूरी दुनिया की निगाहें होंगी. 13 जनवरी को पहला मुकाबला भारत और संयुक्त राज्य अमेरिका के बीच शाम 7:30 बजे से खेला जाएगा. इय मुकाबले का लाइव टेलीकास्ट स्पोर्ट्स18 पर किया जाएगा. मैच का लाइव स्ट्रीमिंग जियो सिनेमा पर फ्री में देखा जा सकता है.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Advertisement

अन्य खबरें