ePaper

झारखंड में दिसंबर के पहले निकाय चुनाव की कोई संभावना नहीं, काम करती रहेंगी पंचायत समितियां, जानें पूरा डिटेल

Updated at : 03 Sep 2021 9:06 AM (IST)
विज्ञापन
झारखंड में दिसंबर के पहले निकाय चुनाव की कोई संभावना नहीं, काम करती रहेंगी पंचायत समितियां, जानें पूरा डिटेल

राज्य निर्वाचन आयोग ने नगर निकायों के लिए वार्डों का परिसीमन, आरक्षण रोस्टर, मतदाता सूची का प्रकाशन जैसे चुनाव पूर्व सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं. 14 नगर निकायों में मई 2020 से ही चुनाव लंबित है.

विज्ञापन

Panchayat Election, Jharkhand News: राज्य में नगर निकाय व पंचायत चुनाव पर अक्तूबर के बाद ही विचार किया जायेगा. काेविड-19 संक्रमण की आशंका के कारण दिसंबर-जनवरी के पहले राज्य सरकार पंचायत चुनाव की तिथि निर्धारित नहीं करेगी. मुख्यमंत्री के सचिव विनय कुमार चौबे ने कहा कि हाल के दिनों में देश भर में संक्रमितों की संख्या में वृद्धि दर्ज की गयी है. तीसरी लहर के खतरे को देखते हुए अगले एक-दो महीनों तक चुनाव कार्यक्रम निर्धारित करने पर विचार करना उचित प्रतीत नहीं होता है. श्री चौबे ने कहा कि राज्य सरकार चुनाव से संबंधित मामलों को नजदीक से देख रही है. संक्रमण की समीक्षा के बाद सुरक्षित माहौल में मुख्यमंत्री के निर्देश पर नगर निकाय और पंचायत चुनाव का कार्यक्रम तय किया जायेगा.

तिथि निर्धारण के बाद स्थगित हो चुका है चुनाव : राज्य निर्वाचन आयोग ने नगर निकायों के लिए वार्डों का परिसीमन, आरक्षण रोस्टर, मतदाता सूची का प्रकाशन जैसे चुनाव पूर्व सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं. 14 नगर निकायों में मई 2020 से ही चुनाव लंबित है. तीन वर्षों में बने छह नगर निकायों गोमिया, बड़की सरिया, धनवार, हरिहरगंज, बचरा और महगामा में पहली बार चुनाव होने हैं. धनबाद, देवघर, चास, चक्रधरपुर, झुमरी तिलैया, विश्रामपुर, कोडरमा और मझियांव नगर निकायों में भी कार्यकाल पूरा होने के कारण चुनाव लंबित है. पांच वार्डों की खाली सीट पर भी उपचुनाव कराना है.

चुनाव होने तक काम करती रहेंगी पंचायत समितियां: पिछला पंचायत चुनाव 2015 में हुआ था. पंचायतों की पांच साल की अवधि का कार्यकाल इस वर्ष 15 जनवरी को पूरा हो गया. कोविड-19 संक्रमण की आशंका के कारण चुनाव नहीं होने से विकास कार्यों को बाधित नहीं होने देने के लिए राज्य सरकार ने पंचायत समितियों का गठन किया. गठित की गयी समितियों को अब तक दो बार छह-छह महीनों का अवधि विस्तार दिया जा चुका है.

पंचायत चुनाव होने तक यह संस्थाएं कार्यकारी व्यवस्था के तहत काम जारी रखेंगी. इधर, राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा की जा रही पंचायत चुनाव की तैयारियां अंतिम दौर में पहुंच गयी है. संक्रमण की आशंका समाप्त होते ही आयोग राज्य सरकार को सूचित करते हुए चुनाव कार्यक्रम निर्धारित करेगा.

Posted by: Pritish Sahay

विज्ञापन
Prabhat Khabar News Desk

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar News Desk

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola