धनबाद के लोगों को जाम से मिलेगी मुक्ति, इस समय पर यात्री बस शहर में नहीं कर पाएंगे प्रवेश, जानें नये नियम

Bihar News
यातायात में बदलाव, धनबाद शहरवासियों को जाम से राहत मिलने की उम्मीद, प्रशासन ने उठाया कदम- धनबाद शहर में सुबह नौ बजे से रात नौ बजे तक यात्री बसों का नहीं होगा प्रवेश. धनबाद रेलवे स्टेशन का स्टैंड बरटांड़ होगा स्थानांतरित
Dhanbad Traffic Rules 2021 धनबाद : बड़े शहरों की तर्ज पर अब धनबाद शहर में भी पीक टाइम में यात्री बसों की नो एंट्री का नियम सख्ती से लागू होगा. तीन सितंबर से यात्री बसें तय समय के बाद ही शहर में दाखिल हो सकेंगी. जिला प्रशासन ने यातायात में बदलाव करते हुए नये नियम और रूट का निर्धारण किया है. यही नहीं, धनबाद शहर में भारी और मालवाहक वाहनों के प्रवेश पर पूर्णतया रोक लगा दी गयी है.
उपायुक्त संदीप सिंह ने मंगलवार को ट्वीट कर शहरी क्षेत्र की नयी ट्रैफिक व्यवस्था के बारे में जानकारी साझा की. नये नियमों के अनुसार, यात्री बसों के परिचालन पर सुबह नौ से रात नौ बजे तक रोक रहेगी. वहीं, भारी और मालवाहक वाहनों के प्रवेश पर पूर्णत: पाबंदी रहेगी. जिला प्रशासन ने रेलवे स्टेशन स्थित अनधिकृत बस पड़ाव को बरटांड़ स्थित वाहन पड़ाव में स्थानांतरित करने का आदेश दिया है. सभी आदेश तीन सितंबर से प्रभावी हो जायेंगे.
नये आदेश में नये रूट चार्ट को मंजूरी देते हुए इसे लागू कराने को कहा गया है. आदेश के अनुसार, सुबह नौ से रात नौ बजे तक यात्री बसें शहर में नहीं घुस सकेंगी. मालवाहक तथा भारी वाहनों के प्रवेश पर हमेशा के लिए प्रतिबंध लगा दिया गया है. शहरी क्षेत्र में स्थित व्यावसायिक प्रतिष्ठानों, दुकानों में माल ढुलाई का समय रात 11 से सुबह आठ बजे तक तय किया गया है. गोल बिल्डिंग से लेकर डीआरएम चौक तक भारी वाहनों के परिचालन पर रोक संबंधी पूर्व में जारी आदेश लागू रहेगा.
बोकारो तथा रांची की तरफ से आने वाले भारी वाहन करकेंद मोड़, राजू यादव स्मारक चौक लोयाबाद, सिजुआ नया मोड़, पांडेयडीह, तेतुलमारी थाना, शहीद शक्ति नाथ चौक, बिनोद बिहारी चौक, बिरसा मुंडा पार्क होते हुए धनबाद बस स्टैंड पहुंचेंगे. इसी तरह जमशेदपुर और पुरुलिया की तरफ से आने वाले भारी वाहन नगीना बाजार, सुदामडीह थाना, जामाडोबा मोड़, पुटकी मोड़ होते हुए करकेंद से लोयाबाद, तेतुलमारी होते हुए बरटांड़ स्टैंड आयेंगे. सिंदरी, झरिया से आने वाले भारी वाहन इंदिरा चौक, कतरास मोड़, करकेंद होते हुए रांची से आने वाले वाहनों के लिए निर्धारित रूट से आयेंगे. कतरास मोड़ से बाटा मोड़ होते हुए चार नंबर बस स्टैंड तक वाहनों का परिचालन वन-वे रहेगा.
तीन सितंबर से लागू होगा नया नियम
कतरास मोड़ से झरिया चार नंबर तक वन-वे रहेगा ट्रैफिक
शहरी क्षेत्र के प्रतिष्ठानों, दुकानों में माल ढुलाई का समय रात 11 से सुबह आठ बजे तक तय
गोल बिल्डिंग से डीआरएम चौक तक भारी वाहनों के परिचालन पर रोक संबंधी पूर्व का आदेश जारी रहेगा
बरटांड़ बस स्टैंड से रात नौ बजे के बाद खुलने वाली यात्री बसें रेलवे स्टेशन रोड से गुजरेंगी. लेकिन वहां बने स्टैंड पर स्टाॅपेज नहीं होगा. बाहर से आने वाली बसें भी रात में स्टेशन रोड होकर गुजर सकती हैं. वहां यात्रियों के लिए टिकट बुकिंग काउंटर वगैरह नहीं रहेगा.
Posted By : Sameer Oraon
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Prabhat Khabar News Desk
यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




