भ्रष्टाचार कैसे करते हैं ‘भू-पे’ से सीखें, छत्तीसगढ़ में बोले अनुराग ठाकुर, बीजेपी ने लांच किया ऐप

अनुराग ठाकुर ने कहा कि छत्तीसगढ़ में लैंड माफिया, सैंड माफिया, शराब माफिया, ड्रग माफिया, माफिया पर माफिया और माफिया राज से छत्तीसगढ़ माफी चाहता है. मैंने यहां के युवाओं में जो आक्रोश देखा है, वह गवाही दे रहा है कि युवा अपने आपको ठगा हुआ महसूस कर रहे हैं.
Chhattisgarh News: केंद्रीय खेल एवं युवा कल्याण मंत्री अनुराग ठाकुर ने गुरुवार (5 अक्टूबर) को छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में कांग्रेस की भूपेश बघेल सरकार पर जमकर हमला बोला. साथ ही भू-पे नाम से एक ऐप भी लांच किया. उन्होंने कहा कि भूपेश बूघेल की अगुवाई में चल रही सरकार के काले कारनामों को दर्शाने के लिए भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) भू-पे ऐप लांच कर रही है. उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने भ्रष्टाचार करने की खुली छूट दे रखी है. उसका कहना है कि भ्रष्टाचार करो और भू-पे करो. केंद्रीय मंत्री ने कहा कि जब से छत्तीसगढ़ में भूपेश बघेल की सरकार बनी है, तब से भ्रष्टाचार के नए-नए तरीके ईजाद किए जा रहे हैं. अनुराग ठाकुर ने कहा कि जब से छत्तीसगढ़ बना है, तब से पहली बार ऐसी सरकार आई है, जो नए-नए तरीके निकालकर भ्रष्टाचार के नए-नए आयाम गढ़ रही है. दो नंबर की शराब कैसे बेची जाती है, कोयला के ट्रांसपोर्टेशन में कमीशन कैसे खाते हैं, हर मामले में भ्रष्टाचार के नए प्रयोग हो रहे हैं. उन्होंने मुख्यमंत्री से सवाल पूछा कि छत्तीसगढ़ में 36 प्रमुख वादे किए थे, वह पूरे क्यों नहीं हुए. कहा कि वादे पूरे करना तो दूर, बदले में माफिया राज स्थापित कर दिया.
माफिया राज से माफी चाहता है छत्तीसगढ़
अनुराग ठाकुर ने कहा कि छत्तीसगढ़ में लैंड माफिया, सैंड माफिया, शराब माफिया, ड्रग माफिया, माफिया पर माफिया और माफिया राज से छत्तीसगढ़ माफी चाहता है. मैंने यहां के युवाओं में जो आक्रोश देखा है, वह गवाही दे रहा है कि युवा अपने आपको ठगा हुआ महसूस कर रहे हैं. युवा प्रतीक्षा में हैं कि उनका समय कब आएगा. इनको रोजगार का अवसर मिलेगा. कांग्रेस ने ढाई हजार रुपए प्रति माह बेरोजगारी भत्ता देने का वादा किया था, नहीं दिया. ब्याज सहित युवा उसकी वसूली करने के लिए तैयार है. अब तक कांग्रेस के नेताओं के जरिए वसूली हो रही थी. अब महिलाएं भी वादाखिलाफी का बदला लेने के लिए तैयार बैठीं हैं.
भू-पे लिंक से जुड़ें, बघेल सरकार के कारनामे सामने लाएं
केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार की जमकर तारीफ की. कहा कि अगर किसानों की उपज का समर्थन मूल्य कोई तय करता है, तो वह है केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार. खरीदी भी केंद्र सरकार करती है. छत्तीसगढ़ की कांग्रेस सरकार ने किसानों के दो वर्ष के बकाया बोनस का अब तक भुगतान नहीं किया. मंडी टैक्स हटाने की बात कही थी, लेकिन उसे बढ़ा दिया. गरीबों के आवास के मामले में उन्होंने कहा कि यहां पर तो राज्य का जो हिस्सा था, वह भी राज्य सरकार नहीं दे रही. उन्होंने युवाओं सहित सभी से आग्रह किया कि भू-पे लिंक से जुड़कर भूपेश बघेल सरकार के कारनामों को सबके सामने लाएं.
छत्तीसगढ़ में हुआ 2,000 करोड़ का शराब घोटाला
केंद्रीय मंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ को अग्रणी राज्य बनाने के लिए बीजेपी ने छत्तीसगढ़ राज्य बनाया. उस समय मध्यप्रदेश ही बीमारू राज्य था, तो समझ सकते हैं कि छत्तीसगढ़ में क्या स्थिति थी. जब यहां कमल खिला, तो हमने विकास के नए आयाम स्थापित किए. कांग्रेस ने सिर्फ पांच साल में छत्तीसगढ़ की दुर्दशा कर दी. बेहाल कर दिया. अनुराग ठाकुर ने कहा कि जब किसी ने गंगाजल की कसम खाकर कहा हो कि शराबमुक्त कर देंगे, लेकिन घर-घर शराब पहुंचा दी, तो ये तो होना ही था. समझ सकते हैं कि एक तरफ मोदी जी ऑपरेशन गंगा चलाकर यूक्रेन से 23,000 भारतीय युवाओं को सुरक्षित स्वदेश ले आए और दूसरी तरफ छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री गंगाजल की कसम खाकर क्या कर रहे हैं? दिल्ली में 200 करोड़ रुपए का शराब घोटाला हुआ, तो वहां के मंत्री-नेता जेल में हैं. यहां 2,000 करोड़ का घोटाला हुआ, तो समझ सकते हैं कि इनका क्या होगा?
भू-पे ऐप की अनुराग ठाकुर ने की तारीफ
अनुराग ठाकुर ने भू-पे ऐप लांचिंग की तारीफ करते हुए कहा कि छत्तीसगढ़ बीजेपी ने टेक्नोलॉजी का उपयोग करके प्रदेश की जनता को भूपेश बघेल सरकार के कारनामों से अवगत कराया है. नाम बहुत शानदार दिया है- भू-पे ऐप. छत्तीसगढ़ वालों को भू-पे सुनने की आदत पड़ गई है. हर रोज सुन रहे हैं कि भ्रष्टाचार करो और भू-पे करो. शराब घोटाला करो फिर भू-पे, गोठान घोटाला करो भू-पे करो, अन्न घोटाला करो, सट्टा घोटाला करो, यूरिया घोटाला करो, पीएससी घोटाला करो और भू-पे करो. सारे घोटाले में भू-पे! यह हाल हो गया कि सब कुछ लूट लिया. कलेक्टर का काम विकास करना होता है, यहां कलेक्टर को कलेक्शन में लगा दिया. यह सरकार पूरे देश में घोटाले के लिए जानी जाती है. दो नंबर में शराब कैसे बेची जाती है और पैसा कहां डाला जाता है, कोयला लाने ले जाने में कैसे दलाली ली जाती है, छत्तीसगढ़ में भू-पे सरकार से सीखा जा सकता है.
डॉ रमन सिंह ने भी कांग्रेस पर बोला हमला
पूर्व मुख्यमंत्री डॉ रमन सिंह ने मीडिया संवाद सह ऐप लांचिंग कार्यक्रम में कहा कि भूपेश बघेल सरकार के भ्रष्टाचार को दिखाने के लिए बीजेपी ने आज इस ऐप को लांच किया है. पांच साल में कांग्रेस ने भ्रष्टाचार के कीर्तिमान बनाए हैं. कांग्रेस के घोटालों की सूची बहुत लंबी है. पीएससी में 18 पदों पर हुई नियुक्ति पर माननीय हाईकोर्ट ने रोक लगा दी है. प्रदेश के युवाओं को महादेव ऐप के जरिये जुआ-सट्टा में झोंका जा रहा है. पहले कांग्रेसी नारा लगाते थे- छत्तीसगढ़ की चार चिन्हारी नरवा, गरवा, घुरवा, बाड़ी. पर अब यह बदल गया है. उसकी जगह अब चोरी, बेईमानी, भ्रष्टाचारी और लबारी का नारा लगने लगा है. कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ बीजेपी के वरिष्ठ नेता, पूर्व मंत्री एवं विधायक बृजमोहन अग्रवाल, सांसद सुनील सोनी, पूर्व मंत्री एवं प्रदेश प्रवक्ता राजेश मूणत, पूर्व मंत्री महेश गागडा, प्रदेश प्रवक्ता दीपक म्हस्के, केदार गुप्ता, प्रदेश मीडिया प्रभारी अमित चिमनानी, सह प्रभारी अनुराग अग्रवाल उपस्थित थे.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Mithilesh Jha
मिथिलेश झा PrabhatKhabar.com में पश्चिम बंगाल राज्य प्रमुख (State Head) के रूप में कार्यरत वरिष्ठ पत्रकार हैं. उन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में 32 वर्षों से अधिक का व्यापक अनुभव है. उनकी रिपोर्टिंग राजनीति, सामाजिक मुद्दों, जलवायु परिवर्तन, नवीकरणीय ऊर्जा, कृषि और अन्य समसामयिक विषयों पर केंद्रित रही है, जिससे वे क्षेत्रीय पत्रकारिता में एक विश्वसनीय और प्रामाणिक पत्रकार के रूप में स्थापित हुए हैं. अनुभव : पश्चिम बंगाल, झारखंड और बिहार में 3 दशक से अधिक काम करने का अनुभव है. वर्तमान भूमिका : प्रभात खबर डिजिटल (prabhatkhabar.com) में पश्चिम बंगाल के स्टेट हेड की भूमिका में हैं. वे डिजिटल न्यूज कवर करते हैं. तथ्यात्मक और जनहित से जुड़ी पत्रकारिता को प्राथमिकता देते हैं. वर्तमान में बंगाल विधानसभा चुनाव 2026 पर पूरी तरह से फोकस्ड हैं. भौगोलिक विशेषज्ञता : उनकी रिपोर्टिंग का मुख्य फोकस पश्चिम बंगाल रहा है, साथ ही उन्होंने झारखंड और छत्तीसगढ़ की भी लंबे समय तक ग्राउंड-लेवल रिपोर्टिंग की है, जो उनकी क्षेत्रीय समझ और अनुभव को दर्शाता है. मुख्य विशेषज्ञता (Core Beats) : उनकी पत्रकारिता निम्नलिखित महत्वपूर्ण और संवेदनशील क्षेत्रों में गहरी विशेषज्ञता को दर्शाती है :- राज्य राजनीति और शासन : झारखंड और पश्चिम बंगाल की राज्य की राजनीति, सरकारी नीतियों, प्रशासनिक निर्णयों और राजनीतिक घटनाक्रमों पर निरंतर और विश्लेषणात्मक कवरेज. सामाजिक मुद्दे : आम जनता से जुड़े सामाजिक मुद्दों, जनकल्याण और जमीनी समस्याओं पर केंद्रित रिपोर्टिंग. जलवायु परिवर्तन और नवीकरणीय ऊर्जा : पर्यावरणीय चुनौतियों, जलवायु परिवर्तन के प्रभाव और रिन्यूएबल एनर्जी पहलों पर डेटा आधारित और फील्ड रिपोर्टिंग. डाटा स्टोरीज और ग्राउंड रिपोर्टिंग : डेटा आधारित खबरें और जमीनी रिपोर्टिंग उनकी पत्रकारिता की पहचान रही है. विश्वसनीयता का आधार (Credibility Signal) : तीन दशकों से अधिक की निरंतर रिपोर्टिंग, विशेष और दीर्घकालिक कवरेज का अनुभव तथा तथ्यपरक पत्रकारिता के प्रति प्रतिबद्धता ने मिथिलेश झा को पश्चिम बंगाल और पूर्वी भारत के लिए एक भरोसेमंद और प्रामाणिक पत्रकार के रूप में स्थापित किया है.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




