ePaper

IND vs SL Highlights: एशिया कप सुपर 4 में भारत की लगातार दूसरी हार, फाइनल में पहुंचने की टूटी उम्मीद

Updated at : 07 Sep 2022 9:33 AM (IST)
विज्ञापन
IND vs SL Highlights: एशिया कप सुपर 4 में भारत की लगातार दूसरी हार, फाइनल में पहुंचने की टूटी उम्मीद

एशिया कप के सुपर 4 मुकाबले में मंगलवार को श्रीलंका ने भारत को 6 विकेट से हरा दिया है. इसके साथ ही भारत के फाइनल में पहुंचने की उम्मीदों पर पानी फिर गया है. भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए श्रीलंका को जीत के लिए 174 रन का लक्ष्य दिया है. जिसे श्रीलंका ने एक गेंद शेष रहते हासिल कर लिया.

विज्ञापन
undefined

पिछले चैंपियन भारत को एशिया कप (Asia Cup 2022) सुपर 4 चरण के बेहद महत्वपूर्ण मैच में श्रीलंका ने मंगलवार को छह विकेट से हराकर बाहर होने की कगार पर धकेल दिया. अब भारतीय टीम को फाइनल में पहुंचने के लिए दूसरी टीमों के नतीजे पर निर्भर रहना होगा.

undefined

भारतीय कप्तान रोहित शर्मा की 41 गेंद में 72 रन की पारी बेकार गयी और श्रीलंका ने 174 रन का लक्ष्य एक गेंद बाकी रहते हासिल कर लिया. श्रीलंका को आखिरी दो ओवर में 21 रन चाहिये थे लेकिन भुवनेश्वर कुमार ने 19वें ओवर में 14 रन देकर मैच भारत की जद से बाहर ही कर दिया.

Also Read: IND vs PAK: अर्शदीप सिंह को ट्रोल करने से नाराज नहीं हैं उनके माता-पिता, कहा- इसे सकारात्मक रूप में लें
undefined

वे भुवनेश्वर कुमार ही थे जिन्होंने पाकिस्तान के खिलाफ रविवार को भी 19वें ओवर में 19 रन पिटवाये थे और भारत वह मुकाबला हार गया था. पाकिस्तान अगर बुधवार को अफगानिस्तान को हरा देता है तो भारत टूर्नामेंट से बाहर हो जायेगा.

undefined

श्रीलंका को सलामी बल्लेबाज कुसल मेंडिस (37 गेंद में 57 रन) और पाथुम निसांका (37 गेंद में 52 रन) ने शानदार शुरुआत दिलाई और तेजी से 91 रन जोड़े. श्रीलंका के पचास रन छठे ओवर में ही बन गये जिससे भारतीय गेंदबाजों पर दबाव बन गया.

undefined

लेग स्पिनर युजवेंद्र चहल ने हालांकि 12वें ओवर में दो विकेट लेकर श्रीलंका की रनगति पर अंकुश लगाने की कोशिश की. रविचंद्रन अश्विन ने धनुष्का गुणतिलका (1) को पवेलियन भेजा. श्रीलंका का स्कोर 14वें ओवर में तीन विकेट पर 110 रन था.

undefined

अगले ओवर में चहल ने मेंडिस को पगबाधा आउट किया. इसके बाद हालांकि श्रीलंका के कप्तान दासुन शनाका (नाबाद 33) और भानुका राजपक्षा (नाबाद 25) ने पांचवें विकेट के लिये 64 रन की अटूट साझेदारी करके मैच जिताया.

undefined

इससे पहले भारतीय कप्तान रोहित शर्मा ने मोर्चे से अगुवाई करते हुए 41 गेंद पर 72 रन बनाये जिसकी मदद से भारत ने आठ विकेट पर 173 रन का स्कोर बनाया. शुरुआती दो विकेट जल्दी गंवाने के बाद रोहित ने कप्तानी पारी खेली और पांच चौके तथा चार छक्के जड़े.

undefined

सूर्यकुमार यादव ने 29 गेंद में 34 रन बनाकर उनका बखूबी साथ दिया. दोनों ने तीसरे विकेट के लिये 97 रन जोड़े. रोहित के आउट होने के बाद हालांकि भारतीय बल्लेबाज 63 रन ही बना पाये. एक समय भारत का स्कोर 13वें ओवर में तीन विकेट पर 110 रन था जब रोहित आउट हुए.

undefined

श्रीलंका की शुरुआत बहुत अच्छी रही जिसने सलामी बल्लेबाज केएल राहुल (6) और तीसरे नंबर पर उतरे विराट कोहली (0) को सस्ते में आउट किया. भारत का स्कोर तीसरे ओवर में दो विकेट पर 13 रन था.

undefined

दूसरे ओवर में एक्स्ट्रा कवर पर चौका जड़ने के बाद राहुल ऑफ स्पिनर महीष तीक्षणा की गेंद पर पगबाधा हो गये. राहुल ने रिव्यू भी लिया लेकिन फैसला उनके पक्ष में नहीं रहा. उसके बाद आये स्टार बल्लेबाज कोहली चार गेंदों में खाता भी नहीं खोल सके और बायें हाथ के तेज गेंदबाज दिलशान मधुशंका ने उन्हें पवेलियन भेज दिया.

विज्ञापन
Prabhat Khabar Digital Desk

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola