AC ऑन करने से पहले जरूर करें ये काम, नहीं तो महंगी पड़ जाएगी सर्विसिंग

एसी टिप्स
गर्मी के मौसम में AC चालू करने से पहले कुछ जरूरी बातों का ध्यान रखना बेहद जरूरी है. इससे आपको न सिर्फ अच्छी कूलिंग मिलेगी, बल्कि आप महंगी सर्विसिंग से बच जाएंगे.
गर्मी शुरू होते ही घर और ऑफिस में सबसे ज्यादा इस्तेमाल होने वाला इलेक्ट्रॉनिक अप्लायंसेज एयर कंडीशनर (AC) बन जाता है. ऐसे में कई लोग महीनों से बंद पड़े AC को बिना सर्विसिंग या किसी जांच के सीधे ऑन कर देते हैं. लेकिन ऐसा करना सही नहीं है. सीजन की शुरुआत में AC ऑन करने से पहले कुछ जरूरी बातों का ध्यान न रखा जाए तो कमजोर कूलिंग, बदबू, ज्यादा बिजली बिल और मशीन में खराबी जैसी समस्याएं सामने आ सकती हैं. इसलिए AC चालू करने से पहले कुछ जरूरी चीजों की जांच करना बेहद जरूरी है.
फिल्टर की सफाई जरूरी
लंबे समय तक बंद रहने की वजह से AC के फिल्टर में धूल, नमी और फंगस जमा हो जाती है. जब आप AC चालू करते हैं तो वही गंदी हवा कमरे में फैलने लगती है, जिससे एलर्जी, सांस लेने में दिक्कत, आंखों में जलन और सिरदर्द जैसी समस्याएं हो सकती हैं. इसलिए सीजन की शुरुआत में AC चालू करने से पहले फिल्टर को निकालकर पानी से अच्छी तरह धो लें और उसे पूरी तरह सूखने के बाद ही वापस लगाएं. अगर फिल्टर ज्यादा पुराना या खराब हो गया है, तो उसे बदल देना बेहतर रहता है. साफ फिल्टर से कूलिंग बेहतर होती है और बिजली की खपत भी कम होती है.
आउटडोर यूनिट की सफाई भी जरूरी
AC की सिर्फ इनडोर यूनिट ही नहीं, बल्कि बाहर लगी आउटडोर यूनिट भी लंबे समय तक धूल और मौसम की मार झेलती है. इसके कॉइल्स पर धूल की परत जम जाती है, जिससे गर्म हवा सही तरीके से बाहर नहीं निकल पाती.
ऐसी स्थिति में AC को ज्यादा मेहनत करनी पड़ती है, जिसका असर सीधे बिजली बिल और कंप्रेसर की लाइफ पर पड़ता है. इसलिए पहली बार AC चालू करने से पहले आउटडोर यूनिट को ब्रश या हल्के पानी के प्रेशर से साफ कर लेना चाहिए.
बदबू को नजरअंदाज न करें
अगर AC चालू करते ही उसमें से सीलन या अजीब सी बदबू आने लगे तो इसे हल्के में नहीं लेना चाहिए. यह संकेत हो सकता है कि अंदर फंगस या बैक्टीरिया पनप चुके हैं.
ऐसे में सिर्फ फिल्टर साफ करना काफी नहीं होता. इनर यूनिट की डीप क्लीनिंग और एंटी-बैक्टीरियल ट्रीटमेंट जरूरी हो जाती है. कई लोग बदबू को छिपाने के लिए रूम फ्रेशनर का इस्तेमाल करते हैं, लेकिन इससे समस्या खत्म नहीं होती और हवा की क्वालिटी खराब हो सकती है.
बिजली कनेक्शन की जांच करें
AC चालू करने से पहले बिजली की सप्लाई और प्लग पॉइंट भी जरूर चेक करें. लंबे समय तक इस्तेमाल न होने से वायरिंग ढीली हो सकती है या करंट लीकेज का खतरा हो सकता है.
AC जैसे हाई पावर अप्लायंसेज के लिए स्टेबलिटी बिजली सप्लाई जरूरी होती है. अगर आपके इलाके में वोल्टेज फ्लक्चुएशन ज्यादा होता है तो स्टेबलाइजर का इस्तेमाल करना बेहतर रहता है, क्योंकि वोल्टेज की समस्या कंप्रेसर को नुकसान पहुंचा सकती है.
शुरुआत में बहुत कम टेंपरेचर न रखें
कई लोग AC चालू करते ही टेंपरेचर को सबसे कम पर सेट कर देते हैं, ताकि कमरा जल्दी ठंडा हो जाए. लेकिन ऐसा करने से मशीन पर अचानक ज्यादा लोड पड़ता है और कूलिंग भी उतनी इफेक्टिव नहीं होती.
ऐसे में बेहतर है कि शुरुआत में टेंपरेचर 24 से 26 डिग्री के बीच रखें. इससे AC धीरे-धीरे कमरे के टेंपरेचर और नमी को बैलेंस करता है, बिजली की खपत भी कम होती है और मशीन की उम्र भी बढ़ती है.
इन्वर्टर AC को बार-बार ऑन-ऑफ न करें
अगर आपके घर में इन्वर्टर AC है, तो उसे बार-बार ऑन और ऑफ करने से बचें. इन्वर्टर टेक्नोलॉजी लगातार चलकर ही बेहतर काम करती है. बार-बार बंद और चालू करने से कंप्रेसर पर ज्यादा दबाव पड़ सकता है.
वहीं पुराने नॉन-इन्वर्टर AC में पहली बार चालू करने पर शुरुआती कुछ मिनटों तक हल्की आवाज आना नॉर्मल बात है. लेकिन अगर आवाज ज्यादा तेज हो या कंपन महसूस हो तो माउंटिंग या इंस्टॉलेशन की जांच करवाना जरूरी है.
सीजन की शुरुआत में सर्विस कराना बेहतर
अक्सर लोग AC की सर्विस तब करवाते हैं जब कूलिंग कम होने लगती है. लेकिन उस समय सर्विस सेंटर पर ज्यादा भीड़ होती है और टेक्नीशियन मिलने में भी समय लग सकता है.
सीजन की शुरुआत में ही AC की बेसिक सर्विस करवा लेने से कई बड़ी समस्याओं से बचा जा सकता है. गैस लीकेज, ड्रेनेज पाइप ब्लॉक या सेंसर से जुड़ी दिक्कतें अगर समय पर पकड़ में आ जाएं तो रिपेयरिंग आसान और सस्ती हो जाती है.
यह भी पढ़ें: AC-कूलर चलाने के बाद भी कम आएगा बिजली बिल, अपनाएं ये आसान टिप्स
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Shivani Shah
डिजिटल पत्रकारिता में 3 सालों का अनुभव है. प्रभात खबर में जूनियर टेक कंटेंट राइटर के तौर पर काम कर रही हैं. टेक्नोलॉजी कैटेगरी में ये स्मार्टफोन से लेकर टेक-टिप्स, गैजेट्स, एआई, सॉफ्टवेयर और डिजिटल ट्रेंड्स पर रिसर्च-बेस्ड, इन-डेप्थ और यूजर-फोकस्ड कंटेंट लिखती हैं. इसके अलावा ये ऑटोमोबाइल से जुड़ी खबरें भी लिखती हैं.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




