West Bengal Breaking News : पुलिसकर्मियों पर फायरिंग करने के आरोप में आइएसएफ का नेता गिरफ्तार
West Bengal Breaking News Updates : पश्चिम बंगाल भारत का चौथा सबसे अधिक आबादी वाला राज्य है . इस राज्य की राजनीति, शिक्षा, स्वास्थ्य, धर्म, अपराध एवं अन्य खबरों के लिए बने रहिए प्रभात खबर डॉट कॉम के साथ. पश्चिम बंगाल की हर छोटी-बड़ी खबरें आपको यहां मिलेंगी सबसे पहले…
पुलिसकर्मियों पर फायरिंग करने के आरोप में आइएसएफ का नेता गिरफ्तार
दक्षिण 24 परगना के काशीपुर थाना क्षेत्र में पंचायत चुनाव व मतगणना के दौरान हिंसा की घटनाओं में शामिल होने के आरोप में पुलिस ने इंडियन सेकुलर फ्रंट (आइएसएफ) के एक नेता को गिरफ्तार किया है. आरोपी का नाम वहिदुल इस्लाम मोल्ला है. उसे हिंसा की घटनाओं के मुख्य आरोपियों में से एक माना जा रहा है. मोल्ला ने पंचायत चुनाव में जीत भी हासिल की है. हालांकि, वह हिंसा की घटनाओं के बाद से ही फरार था.
एक टन छोटी हिल्सा मछलियां जब्त
हिल्सा मछलियों के लगातार गिरते उत्पादन के बीच पश्चिम बंगाल सरकार ने वर्ष 2018 से ही छोटी हिल्सा मछली को पकड़ने पर बैन लगा है, ताकि ये मछली बढ़ सके और इसकी ब्रीडिंग में बढ़ोतरी हो सके. इसी बीच दक्षिण 24 परगना के फ्रेजरगंज कोस्टल इलाके में अवैध तरीके से छोटी हिल्सा मछलियों को पकड़ने का मामला प्रकाश में आया है. मंगलवार की देर रात पुलिस को इसकी सूचना मिलते ही फ्रेजरगंज कोस्टल थाने की पुलिस ने करीब एक टन छोटी हिल्सा मछलियों से भरा एक ट्राॅलर जब्त किया है. ट्रॉलर बालीयाड़ा घाट के पास जब्त किया गया है. ट्राॅलर का नाम ‘मां-माहेश्वरी’ है. मछलियों को स्थानीय एक आढ़त के स्टोरेज में रखा गया है. पुलिस आरोपी मछुआरों की तलाश में जुटी है.
भांगड़ : झाड़फूंक के नाम पर दुष्कर्म करने की कोशिश
झाड़फूंक करने के नाम पर महिला से दुष्कर्म करने की कोशिश का आरोप एक ओझा पर लगा है. घटना दक्षिण 24 परगना के भांगड़ थाना क्षेत्र के नलमुड़ी इलाके की है. पीड़िता ने घटना की शिकायत स्थानीय थाने में दर्ज करायी है. घटना के बाद से ही आरोपी फरार है. बताया जा रहा है कि भांगड़ की रहने वाली यह महिला गत कुछ महीनों से बीमार थी. तभी उसे एक विज्ञापन के जरिये उक्त ओझा के बारे में पता चला, जो हर तरह की बीमारियों से छुटकारा दिलाने का दावा करता था. झांसे में आकर महिला अपने पति के साथ ओझा के पास पहुंची. झाड़फूंक करने के नाम पर आरोपी ओझा महिला को अलग एक कमरे में ले गया और उससे दुष्कर्म करने की कोशिश की. महिला किसी तरह से वहां से निकली और अपने पति को सारी बातें बतायीं, जिसके बाद आरोपी के खिलाफ थाने में शिकायत दर्ज करायी गयी.
सुजयकृष्ण भद्र के खिलाफ जल्द चार्जशीट पेश करने की तैयारी में इ़डी
सुजयकृष्ण भद्र उर्फ कालीघाटेर काकू के खिलाफ केंद्रीय जांच एजेंसी प्रवर्तन निदेशालय (इ़डी) की टीम जल्द चार्जशीट पेश करने जा रही है. इसके बाद काकू की मुश्किलें और बढ़ सकती है. इडी सूत्रों की माने तो आगामी दो से तीन दिन के भीतर अदालत में इडी सुजयकृष्ण भद्र उर्फ कालीघाटेर काकू के खिलाफ आरोप पत्र दाखिल करने जा रही है. जांचकर्ताओं को अबतक काकू से पूछताछ में 11 करोड़ रुपये के भ्रष्टाचार होने की जानकारी मिली है. इडी इन सभी जानकारी का जिक्र चार्जशीट में करेगी.
फर्जी कॉल सेंटल खोल ऑस्ट्रेलियन नागरिकों से ठगी, गिरोह के 15 सदस्य गिरफ्तार
गुप्त जानकारी के आधार पर महानगर के गरफा में दो अलग इलाकों में फर्जी कॉल सेंटर खोलकर ऑस्ट्रेलियन नागरिकों से मोटी रकम ठगने के आरोप में लालबाजार के एंटी राउडी स्क्वाड (एआरएस) की टीम ने दोनों ठिकानों से गिरोह के 15 सदस्यों को गिरफ्तार किया है. पकड़े गये आरोपियों के पास से बड़ी संख्या में इलेक्ट्रॉनिक उपकरण जब्त किये गये हैं. पुलिस के मुताबिक शहीद नगर इलाके में दो अलग ठिकानों पर छापामारी कर गिरोह के 15 सदस्यों को गिरफ्तार किया गया. इसमें दोनों ठिकानों में कॉल सेंटर चलानेवाले मालिक भी शामिल हैं. इनसे पूछताछ करने पर पता चला कि यह गिरोह ऑस्ट्रेलियन नागरिकों को फोन करता था.
बासंती : तृणमूल युवा कांग्रेस के कार्यकर्ताओं के घर पर बमबाजी
राज्य में हुए पंचायत चुनाव के बाद भी दक्षिण 24 परगना के कुछ इलाकों का माहौल अशांत है. गत मंगलवार की देर रात को बासंती थाना क्षेत्र के चुनाखाली ग्राम पंचायत के सचियाखाली गांव में तृणमूल युवा कांग्रेस के दो कार्यकर्ताओं के घरों पर बमबाजी की घटना प्रकाश में आयी है. बमबाजी का आरोप तृणमूल के ही कार्यकर्ताओं पर लगा है. आरोप है कि तृणमूल युवा कांग्रेस के कार्यकर्ता रफीकुल मोल्ला और सादेक मोल्ला के घरों पर विरोधी गुट के कार्यकर्ताओं ने बमबाजी की.
लेखक के बारे में
By Shinki Singh
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए