कूचबिहार व अलीपुरद्वार में प्रचार थमा, मतदान कल

दोनों सीटों पर भाजपा और तृणमूल ने झोंकी है पूरी ताकत मोदी, अमित शाह और ममता बनर्जी ने की हैं चुनावी सभाएं सिलीगुड़ी : सात चरणों में हो रहे आम चुनाव 2019 के पहले चरण का मतदान 11 अप्रैल यानी गुरुवार को है. इस दिन पश्चिम बंगाल की केवल दो सीटों पर वोट पड़ेंगे. ये […]
दोनों सीटों पर भाजपा और तृणमूल ने झोंकी है पूरी ताकत
मोदी, अमित शाह और ममता बनर्जी ने की हैं चुनावी सभाएं
सिलीगुड़ी : सात चरणों में हो रहे आम चुनाव 2019 के पहले चरण का मतदान 11 अप्रैल यानी गुरुवार को है. इस दिन पश्चिम बंगाल की केवल दो सीटों पर वोट पड़ेंगे. ये दोनों ही सीटें उत्तर बंगाल की हैं. इनमें से कूचबिहार अनुसूचित जाति और अलीपुरद्वार अनुसूचित जनजाति के लिए सुरक्षित है. मंगलवार शाम को इन दोनों संसदीय क्षेत्रों में चुनाव प्रचार थमने से पहले दिनभर सभी प्रत्याशियों ने धुआंधार प्रचार किया और अपनी-अपनी जीत का दावा किया.
कूचबिहार संसदीय क्षेत्र में कूचबिहार जिले के आठ विधानसभा क्षेत्र माथाभांगा, कूचबिहार उत्तर, कूचबिहार दक्षिण, सीतलकुची, सिताई, दिनहाटा और नाटाबाड़ी शामिल हैं. यह सीट भाजपा और तृणमूल के बीच प्रतिष्ठा की लड़ाई बन गयी है. कूचबिहार में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह दोनों ही चुनावी सभा कर चुके हैं. मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने भी कूचबिहार और अलीपुरद्वार में चुनावी सभा कर पूरा दम लगाया है. कूचबिहार सीट से कुल 11 प्रत्याशी मैदान में हैं. भाजपा ने तृणमूल से निष्कासित युवा नेता निशीथ प्रमाणिक पर दांव लगाया है.
जबकि तृणमूल ने अपने निवर्तमन सांसद का टिकट काटते हुए इस बार वाम मोर्चा छोड़कर आये पूर्व खाद्य मंत्री परेश चंद्र अधिकारी को उम्मीदवार बनाया है.
तृणमूल के बड़े नेताओं में शामिल राज्य के उत्तर बंगाल विकास मंत्री रवींद्रनाथ घोष, वन मंत्री विनय कृष्ण बर्मन और वन विकास निगम के चेयरमैन उदयन गुहा कूचबिहार जिले से ही आते हैं. कूचबिहार सीट इन नेताओं के लिए भी प्रतिष्ठा का विषय है. इस सीट से वाम मोर्चा से गोविंद चंद्र राय और कांग्रेस से पिया राय चौधरी चुनाव लड़ रहे हैं. कूचबिहार में मतदाताओं की संख्या 18 लाख से ऊपर है.
अलीपुरद्वार संसदीय क्षेत्र तीन जिलों में फैला हुआ है. इसमें कूचबिहार जिले का एक विधानसभा क्षेत्र, अलीपुरद्वार जिले के पांच विधानसभा क्षेत्र और जलपाईगुड़ी जिले का एक विधानसभा क्षेत्र शामिल है. इस सीट से कुल सात प्रत्याशी चुनाव मैदान में हैं. तृणमूल ने एक बार फिर अपने निवर्तमान सांसद दशरथ तिर्की को मैदान में उतारा है, जबकि भाजपा की ओर से चाय बागानों के बड़े श्रमिक नेता जॉन बरला ताल ठोंक रहे हैं. इसके अलावा वाम मोर्चा से मिली उरांव और कांग्रेस से मोहनलाल बासुमाता चुनाव लड़ रहे हैं. अलीपुरद्वार में लगभग साढ़े 16 लाख मतदाता चुनाव में उतरे प्रत्याशियों की किस्मत का फैसला करेंगे.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Prabhat Khabar Digital Desk
यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




