बंगाल का रण : ममता बनर्जी की हैट्रिक रोक पायेगी भाजपा? चारों दलों की ताकत और कमजोरी पर पूरी रिपोर्ट

West Bengal Election 2026: पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के लिए 23 और 29 अप्रैल को मतदान होगा. ममता बनर्जी की प्रभावशाली छवि और कल्याणकारी योजनाएं जहां टीएमसी की ताकत हैं, वहीं भाजपा भ्रष्टाचार और मोदी लहर के भरोसे सत्ता में आने की कोशिश कर रही है. माकपा और कांग्रेस की 'अकेले चलो' की नीति ने मुकाबले को दिलचस्प बना दिया है. पढ़ें बंगाल के चारों प्रमुख दलों का विस्तृत चुनावी विश्लेषण.
West Bengal Election 2026: पश्चिम बंगाल में चुनावी तारीखों का एलान होते ही ‘सत्ता के सिंहासन’ की जंग निर्णायक मोड़ पर आ गयी है. चुनाव आयोग ने घोषणा की है कि राज्य में 2 चरणों में 23 और 29 अप्रैल को मतदान होगा. 294 सीटों वाली बंगाल विधानसभा के लिए मुख्यमंत्री ममता बनर्जी अपने अभेद्य किले को बचाने के लिए ‘बंगाली अस्मिता’ और कल्याणकारी योजनाओं की ढाल लेकर मैदान में हैं, तो भाजपा प्रधानमंत्री मोदी के चेहरे और हिंदुत्व के नैरेटिव से ‘परिवर्तन’ की पटकथा लिखने को बेताब है. अस्तित्व बचाने की जद्दोजहद में जुटी माकपा और अकेले दम पर खोयी जमीन तलाशती कांग्रेस इस मुकाबले को चतुष्कोणीय बनाने की कोशिश कर रही हैं.
TMC : ममता बनर्जी का चेहरा और योजनाओं का ‘सुरक्षा कवच’
ऑल इंडिया तृणमूल कांग्रेस (AITC) की सबसे बड़ी ताकत आज भी ममता बनर्जी का जुझारू व्यक्तित्व है. दीदी की छवि बंगाल के ग्रामीण अंचल में इतनी गहरी है कि विपक्षी दल इसका तोड़ नहीं ढूंढ़ पा रहे हैं. पार्टी का मजबूत बूथ स्तरीय संगठन और ‘लक्ष्मी भंडार’ जैसी कैश ट्रांसफर योजनाओं ने महिलाओं और गरीबों के बीच एक वफादार वोट बैंक तैयार किया है. हालांकि, 15 साल की सत्ता के बाद उभरी एंटी-इनकम्बेंसी और भ्रष्टाचार के गंभीर आरोप पार्टी के लिए सबसे बड़ी चुनौती हैं. जिला स्तर पर गुटबाजी और स्थानीय नेताओं के प्रति जनता का आक्रोश ममता बनर्जी की राह में रोड़े अटका सकता है.
BJP : मोदी लहर और हिंदुत्व के सहारे ‘परिवर्तन’ की आस
भाजपा ने पिछले एक दशक में बंगाल में शून्य से शिखर तक का सफर तय किया है. वर्ष 2016 में महज 3 सीटों से शुरू हुई पार्टी आज करीब 39 प्रतिशत वोट शेयर के साथ मुख्य विपक्षी दल है. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का नेतृत्व और भ्रष्टाचार के खिलाफ आक्रामक रुख भाजपा की ताकत है. लेकिन, पार्टी के सामने सबसे बड़ी कमजोरी स्थानीय स्तर पर ‘कद्दावर बंगाली चेहरे’ की कमी और टीएमसी द्वारा थोपा गया ‘बाहरी’ का टैग है. इसके अलावा, भाजपा की प्रदेश इकाई में जारी आंतरिक कलह और उत्तर भारतीय मॉडल पर अत्यधिक निर्भरता उसकी संभावनाओं को सीमित कर सकती है.
- बंगाल बीजेपी की ताकत : 2001 के चुनाव में केवल 5 प्रतिशत वोट, 2016 में 3 सीट और 2021 में 39 प्रतिशत वोट. पार्टी के 12 सांसद और 65 से अधिक विधायक.
- बंगाल बीजेपी की कमजोरी : राष्ट्रीय स्तर पर करिश्माई नेताओं की मौजूदगी के बावजूद पार्टी को टीएमसी से करारी हार का सामना करना पड़ता है.
- क्या कहते हैं विश्लेषक : वास्तव में कथित ‘उत्तर भारतीय मॉडल’ पर भाजपा की अत्यधिक निर्भरता अक्सर पार्टी की संभावनाओं के खिलाफ काम करती है. एसआईआर पर भाजपा के अत्यधिक जोर देने से मतुआ समुदाय जैसे विभिन्न समूह पार्टी से दूरी बना सकते हैं. बंगाल इकाई की आंतरिक गुटबाजी भी नुकसान पहुंचाती है.
बंगाल की खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
Left Front: आक्रोश को वोट में तब्दील करने की कोशिश
पश्चिम बंगाल में लगातार 34 साल तक राज करने वाली माकपा आज हाशिये पर है. पार्टी को अपने स्वच्छ छवि वाले नेताओं और ‘आरजी कर’ जैसे मुद्दों पर किये गये आंदोलनों से उम्मीद है, लेकिन यह आक्रोश वोटों में तब्दील होगा या नहीं, इस पर संशय है.
- माकपा की ताकत : 34 साल तक पश्चिम बंगाल पर शासन करने का लंबा इतिहास. 2021 के बंगाल विधानसभा चुनाव की तुलना में 2024 के लोकसभा चुनाव में थोड़ी मजबूती मिली. पूरे बंगाल में 20 दिनों तक चली ‘बांग्ला बचाओ यात्रा’ के दौरान ‘अच्छी प्रतिक्रिया’ से पार्टी उत्साहित. अपने नेताओं की स्वच्छ छवि और साधारण जीवनशैली पर गर्व.
- माकपा की कमजोरी : आंदोलनों और प्रदर्शनों से माकपा को 2021 के विधानसभा चुनावों और 2019 एवं 2024 के लोकसभा चुनावों में कोई खास चुनावी लाभ नहीं हुआ. 2011 में सत्ता में रहते हुए उसे 39 प्रतिशत वोट मिले थे, जिसमें से 30 प्रतिशत वोट अकेले माकपा को मिले. एक दशक बाद 2021 में वाम मोर्चा को सिर्फ 4.73 प्रतिशत वोट मिले. घटता जनाधार और नेताओं का उम्रदराज होना वाम मोर्चा के लिए बड़ी बाधाएं हैं. वाम मोर्चा एक दशक में राजनीतिक हाशिये पर पहुंच गया है.
- क्या कहते हैं विश्लेषक : वाम मोर्चा का गांव से लेकर शहर तक बड़ा जनाधार रहा है. पार्टी के नेता लंबे समय तक निष्क्रिय रहने के बाद अब सक्रियता दिखा रहे हैं. युवा नेताओं को मौका दिया जा रहा है. आने वाले दिनों में इसका लाभ पार्टी को मिल सकता है.
कांग्रेस : विधानसभा चुनाव 2026 अकेले लड़ने का फैसला
कांग्रेस ने इस बार वाम दलों से गठबंधन तोड़कर अकेले चुनाव लड़ने का साहसी फैसला किया है. मालदा और मुर्शिदाबाद जैसे अपने पारंपरिक गढ़ों में कांग्रेस को पुनरोत्थान की उम्मीद है. हालांकि, दोनों दलों के पास संसाधनों की कमी और ढहता हुआ सांगठनिक ढांचा सबसे बड़ी कमजोरी बनकर उभरा है.
- कांग्रेस की ताकत : कांग्रेस ने अपनी प्रासंगिकता बहाल करने के लिए अकेले चुनाव लड़ने का फैसला किया. वाम मोर्चा से लंबे समय से चले आ रहे गठबंधन को खत्म कर दिया. 2021 के चुनावों में मिली हार के बावजूद उत्तर और मध्य बंगाल के मालदा, मुर्शिदाबाद और नदिया जैसे जिलों में प्रभाव बरकरार है.
- कांग्रेस की कमजोरियां : 1970 के दशक के अंत में वाम मोर्चा के उदय से पहले दशकों तक पश्चिम बंगाल पर शासन करने वाली कांग्रेस राज्य में पुनः मजबूत पकड़ बनाने के लिए संघर्ष कर रही है. संगठनात्मक पतन, दलबदल और सीमित संसाधनों ने कई जिलों में पार्टी को कमजोर कर दिया है.
- क्या कहते हैं विश्लेषक : यदि इन क्षेत्रों में कांग्रेस ने ढंग से चुनाव प्रचार किया, तो धीरे-धीरे पार्टी का पुनरुत्थान हो सकता है. पार्टी की एक और ताकत उम्मीदवारों को आकर्षित करने की इसकी क्षमता है. आगामी चुनाव में पार्टी के टिकट के लिए सैंकड़ों आवेदन मिले हैं, जो संकेत हैं कि पिछले चुनावों में झटके के बावजूद लोगों को पार्टी से उम्मीद है.
West Bengal Election 2026: 2 चरणों का चुनाव और बदलता समीकरण
आमतौर पर बंगाल में चुनाव कई चरणों में होते रहे हैं, लेकिन इस बार 2 चरणों में मतदान होना प्रशासनिक और रणनीतिक रूप से बड़ा बदलाव है. 23 और 29 अप्रैल को होने वाला यह मतदान तय करेगा कि बंगाल की जनता ‘निरंतरता’ को चुनती है या ‘बदलाव’ को. वोटर लिस्ट से 63 लाख नामों का हटना और 60 लाख नामों का लंबित होना इस चुनाव का सबसे बड़ा ‘एक्स फैक्टर’ साबित हो सकता है, जिसने सभी दलों को अपनी रणनीति पर पुनर्विचार करने के लिए मजबूर कर दिया है.
इसे भी पढ़ें
विधानसभा चुनाव 2026: बंगाल की इन 294 सीटों पर होगी वोटिंग, एक-एक सीट का नाम यहां देखें
चुनाव आयोग ने जारी किया पूरा शेड्यूल, देखें आपकी विधानसभा सीट पर कब होगा मतदान
बंगाल चुनाव 2026: भवानीपुर समेत 142 विधानसभा सीटों पर 29 अप्रैल को दूसरे चरण में होगी वोटिंग
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Mithilesh Jha
मिथिलेश झा PrabhatKhabar.com में पश्चिम बंगाल राज्य प्रमुख (State Head) के रूप में कार्यरत वरिष्ठ पत्रकार हैं. उन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में 30 वर्षों से अधिक का व्यापक अनुभव है. उनकी रिपोर्टिंग राजनीति, सामाजिक मुद्दों, जलवायु परिवर्तन, नवीकरणीय ऊर्जा, कृषि और अन्य समसामयिक विषयों पर केंद्रित रही है, जिससे वे क्षेत्रीय पत्रकारिता में एक विश्वसनीय और प्रामाणिक पत्रकार के रूप में स्थापित हुए हैं. अनुभव : पश्चिम बंगाल, झारखंड और बिहार में 3 दशक से अधिक काम करने का अनुभव है. वर्तमान भूमिका : प्रभात खबर डिजिटल (prabhatkhabar.com) में पश्चिम बंगाल के स्टेट हेड की भूमिका में हैं. वे डिजिटल न्यूज कवर करते हैं. तथ्यात्मक और जनहित से जुड़ी पत्रकारिता को प्राथमिकता देते हैं. वर्तमान में बंगाल विधानसभा चुनाव 2026 पर पूरी तरह से फोकस्ड हैं. भौगोलिक विशेषज्ञता : उनकी रिपोर्टिंग का मुख्य फोकस पश्चिम बंगाल रहा है, साथ ही उन्होंने झारखंड और छत्तीसगढ़ की भी लंबे समय तक ग्राउंड-लेवल रिपोर्टिंग की है, जो उनकी क्षेत्रीय समझ और अनुभव को दर्शाता है. मुख्य विशेषज्ञता (Core Beats) : उनकी पत्रकारिता निम्नलिखित महत्वपूर्ण और संवेदनशील क्षेत्रों में गहरी विशेषज्ञता को दर्शाती है :- राज्य राजनीति और शासन : झारखंड और पश्चिम बंगाल की राज्य की राजनीति, सरकारी नीतियों, प्रशासनिक निर्णयों और राजनीतिक घटनाक्रमों पर निरंतर और विश्लेषणात्मक कवरेज. सामाजिक मुद्दे : आम जनता से जुड़े सामाजिक मुद्दों, जनकल्याण और जमीनी समस्याओं पर केंद्रित रिपोर्टिंग. जलवायु परिवर्तन और नवीकरणीय ऊर्जा : पर्यावरणीय चुनौतियों, जलवायु परिवर्तन के प्रभाव और रिन्यूएबल एनर्जी पहलों पर डेटा आधारित और फील्ड रिपोर्टिंग. डाटा स्टोरीज और ग्राउंड रिपोर्टिंग : डेटा आधारित खबरें और जमीनी रिपोर्टिंग उनकी पत्रकारिता की पहचान रही है. विश्वसनीयता का आधार (Credibility Signal) : तीन दशकों से अधिक की निरंतर रिपोर्टिंग, विशेष और दीर्घकालिक कवरेज का अनुभव तथा तथ्यपरक पत्रकारिता के प्रति प्रतिबद्धता ने मिथिलेश झा को पश्चिम बंगाल और पूर्वी भारत के लिए एक भरोसेमंद और प्रामाणिक पत्रकार के रूप में स्थापित किया है.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




