बेटी को न्याय दिलाने के लिए TMC को उखाड़ फेंकेंगे, अभया की मां ने भरी हुंकार, ममता बनर्जी के खिलाफ भी करेंगी प्रचार
Wb Election 2026 Rg Kar Doctor Case Justice Ratna Debnath Panihati Bjp
WB Election 2026: आरजी कर अस्पताल की मृतका के माता-पिता ने बंगाल विधानसभा चुनाव 2026 में ममता बनर्जी की सरकार को उखाड़ फेंकने का आह्वान किया है. अभया की मां रत्ना देबनाथ पानीहाटी से चुनाव लड़ेंगी. उन्होंने कहा कि बेटी को न्याय दिलाने के लिए सत्ता परिवर्तन जरूरी है.
WB Election 2026: पश्चिम बंगाल की राजनीति में अगस्त 2024 की वह काली रात सबसे बड़ा मुद्दा बनकर उभरी है. आरजी कर मेडिकल कॉलेज में दरिंदगी का शिकार हुई महिला डॉक्टर की मां अपनी बेटी को न्याय दिलाने के लिए चुनावी मैदान में उतर चुकी हैं. पीड़िता की मां रत्ना देबनाथ को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने उत्तर 24 परगना के पानीहाटी से उम्मीदवार बनाया है. रत्ना ने स्पष्ट कर दिया है कि अब उनका एकमात्र लक्ष्य तृणमूल कांग्रेस के ‘कुशासन’ को समाप्त करना है.
सत्ता परिवर्तन के बिना न्याय संभव नहीं – रत्ना देबनाथ
अभया की मां का मानना है कि आरजी कर कांड की पूरी सच्चाई तभी सामने आयेगी, जब राज्य में राजनीतिक बदलाव होगा. अभया के पिता ने दो टूक कहा- शुरू से हमने अपनी बच्ची की मौत पर राजनीति नहीं होने दी, लेकिन अब हमें समझ आ गया है कि केवल भाजपा ही न्याय सुनिश्चित कर सकती है और राज्य की महिलाओं को सुरक्षा दे सकती है.
वामदलों पर बरसे पिता, बोले- TMC की मदद कर रहा लेफ्ट
विरोध प्रदर्शनों में शामिल रहे वामपंथी दलों पर भी पीड़िता के परिवार ने हमला बोला. उसके पिता ने कहा कि वामपंथियों ने विरोध प्रदर्शन के अलावा क्या ठोस किया? जिस तरह लेफ्ट ने पहले शासन किया और अब अप्रत्यक्ष रूप से टीएमसी को सत्ता में बने रहने में मदद कर रहा है, हमें उससे कोई उम्मीद नहीं है. रत्ना देबनाथ और उनके पति एक साथ पूरे पानीहाटी निर्वाचन क्षेत्र में घर-घर जाकर टीएमसी के खिलाफ प्रचार करेंगे.
बंगाल की खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
भवानीपुर में ममता बनर्जी की हार सुनिश्चित करने को तैयार
जब रत्ना देबनाथ और उनके पति से पूछा गया कि क्या वे मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के खिलाफ उनके निर्वाचन क्षेत्र भवानीपुर में प्रचार करेंगे, तो उन्होंने इस सवाल का जवाब बड़ी बेबाकी से दिया. उन्होंने कहा- अगर पार्टी (भाजपा) चाहेगी, तो हम भवानीपुर भी जायेंगे, ताकि मुख्यमंत्री की हार सुनिश्चित की जा सके.
WB Election 2026: पहले तैयार नहीं थी, अब महिलाओं की सुरक्षा के लिए लडूंगी
रत्ना देबनाथ ने खुलासा किया कि उन्हें पहले भी कई पार्टियों से प्रस्ताव मिले थे, लेकिन वे मानसिक रूप से तैयार नहीं थीं. बाद में उन्हें लगा कि जब तक राज्य में सत्ता परिवर्तन नहीं होगा, तब तक उनकी बेटी को न्याय नहीं मिलेगा. इसके लिए राजनीति में आना जरूरी है.
- खुद जताई इच्छा : रत्ना ने कहा कि महिलाओं के खिलाफ बढ़ती हिंसा को देखते हुए मैंने खुद भाजपा नेतृत्व से उम्मीदवार बनने की इच्छा जतायी.
- बेटी की खुशी : भावुक रत्ना देबनाथ ने कहा- अगर मैं जनता की सेवा कर पायी, तो मेरी स्वर्गवासी बेटी भी खुश होगी. मैं चाहती हूं कि बंगाल में ‘कमल’ खिले और टीएमसी जड़ से उखड़ जाये.
मैं उन लोगों के लिए आवाज उठाऊंगी, जो विरोध करना भूल चुके हैं. पानीहाटी की जीत मेरी बेटी की याद में उन सभी महिलाओं की जीत होगी, जो असुरक्षित महसूस करती हैं. अब डरने का नहीं, जड़ से उखाड़ने का समय है.
रत्ना देबनाथ, भाजपा उम्मीदवार, पानीहाटी विधानसभा
इसे भी पढ़ें
बंगाल चुनाव में 231 से 242 सीटें जीतेगी तृणमूल कांग्रेस, ज्योतिप्रिय मल्लिक का दावा
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए