तृणमूल सांसदों का दिल्ली में धरना जारी

Updated:
विज्ञापन
तृणमूल सांसदों का दिल्ली में धरना जारी

तृणमूल कांग्रेस के सांसद सुखेंदु शेखर राय, सागरिका घोष और साकेत गोखले ने बांग्ला-भाषी बहुल बस्ती की बिजली काटे जाने के विरोध में दिल्ली स्थित जय हिंद कॉलोनी में मंगलवार को भी अपना धरना जारी रखा.

विज्ञापन

कोलकाता/नयी दिल्ली. तृणमूल कांग्रेस के सांसद सुखेंदु शेखर राय, सागरिका घोष और साकेत गोखले ने बांग्ला-भाषी बहुल बस्ती की बिजली काटे जाने के विरोध में दिल्ली स्थित जय हिंद कॉलोनी में मंगलवार को भी अपना धरना जारी रखा. इस दिन सुबह उनके साथ पार्टी नेता व राज्यसभा सदस्य डेरेक ओ’ब्रायन और पार्टी की सांसद डोला सेन भी धरने में शामिल हुए. अतिक्रमण के मामले में एक अदालत द्वारा आठ जुलाई को दिये गये आदेश के अनुपालन में उक्त कॉलोनी की बिजली काट दी गयी थी. सांसद घोष ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर कुछ स्थानीय लोगों का एक वीडियो पोस्ट साझा किया, जिसमें वे लोग बिजली काटे जाने का विरोध करते हुए नजर आ रहे हैं. चालक के रूप में काम करने वाले एक निवासी नायब हुसैन ने कहा कि उनके पास आधार कार्ड और ड्राइविंग लाइसेंस जैसे पहचान प्रमाण हैं. वह वीडियो में कह रहे हैं, ‘‘ये पहचान पत्र भारत सरकार ने दिये हैं. हम भारतीय हैं. हमारे पास सबूत हैं, हमारा इस तरह अपमान क्यों किया जा रहा है? हमें भी बाकियों की तरह सम्मान दिया जाना चाहिए.

घोष ने पोस्ट में कहा : कूचबिहार की रूमा एक बंगाली है, जिसे ‘बांग्लादेशी’ बताकर दिल्ली पुलिस ने कैद कर लिया था और अंततः रिहा होने से पहले उसे अपने दादा की जमीन के रिकॉर्ड दिखाने पड़े थे.

तृणमूल के सांसदों ने भी रविवार को इलाके का दौरा किया था और स्थानीय लोगों को पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी की ओर से मदद का आश्वासन दिया था. मुख्यमंत्री ममता बनर्जी और तृणमूल के राष्ट्रीय महासचिव अभिषेक बनर्जी इस मुद्दे पर बुधवार को कोलकाता में मार्च निकालने वाले हैं.

स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया कि बांग्लाभाषी होने के कारण उनके साथ भेदभाव किया जा रहा है. उन्होंने दावा किया कि दिल्ली पुलिस ने कुछ महीने पहले एक सत्यापन अभियान चलाया था, जिसमें इलाके में उन्हें एक भी ‘‘बांग्लादेशी या रोहिंग्या’’ नहीं मिला. यह अनौपचारिक बस्ती पॉश इलाके वसंतकुंज और शहरी गांव मसूदपुर के बीच स्थित है, जहां रहने वाले लगभग पांच हजार निवासियों में से अधिकांश का दावा है कि वे पश्चिम बंगाल के कूचबिहार से हैं.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

विज्ञापन
Akhilesh Kumar Singh

लेखक के बारे में

By Akhilesh Kumar Singh

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola