1.5 करोड़ लोग परेशान, 2000 करोड़ का नुकसान, बंगाल चुनाव से पहले टीएमसी का केंद्र और चुनाव आयोग पर हमला

बंगाल चुनाव से पहले तृणमूल कांग्रेस ने केंद्र सरकार और चुनाव आयोग पर तीखा हमला बोला है. पार्टी का आरोप है कि SIR प्रक्रिया के कारण 1.5 करोड़ लोग परेशान हुए और करीब 2000 करोड़ रुपए का आर्थिक नुकसान हुआ. टीएमसी ने इसे लोकतंत्र को कमजोर करने की साजिश करार दिया है.
Table of Contents
पश्चिम बंगाल की सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और केंद्र सरकार पर लोकतंत्र को कुचलने का आरोप लगाया है. अखिल भारतीय तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर एक बयान जारी कर कहा है कि ‘वन नेशन, वन इलेक्शन’ अब बंगाल में ‘वन नेशन, वन परसेक्यूशन’ (एक चुनाव, एक उत्पीड़न) बन चुका है. निर्वाचन आयोग को राजनीतिक हथियार की तरह इस्तेमाल किया जा रहा है.
महंगाई और बेरोजगारी से त्रस्त जनता पर थोपा गया नुकसान – टीएमसी
तृणमूल कांग्रेस ने अपने ऑफिशियल ‘एक्स’ हैंडल @AITCofficial पर एक वीडियो पोस्ट कर यह हमला बोला है. इस वीडियो में एसआईआर की सुनवाई के लिए लाइन में खड़े लोगों को दिखाया गया है, तो प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, अमित शाह और भाजपा की टोपी पहने एक नेता को भी दिखाया गया है. वीडियो में टीएमसी ने एक रिपोर्ट के हवाले से केंद्र सरकार, भारतीय जनता पार्टी और चुनाव आयोग को निशाने पर लिया है. वीडियो की शुरुआत में ही इसका जिक्र किया गया है. कहा गया है कि एक भयंकर रिपोर्ट सामने आयी है. टीएमसी का दावा है कि सबर इंस्टीट्यूट ने यह रिपोर्ट पब्लिश की है.
रिपोर्ट को दबा रहा मीडिया और केंद्र सरकार – तृणमूल कांग्रेस
टीएमसी ने इस वीडियो में मीडिया को ‘गोदी मीडिया’ करार दिया है. 1 मिनट 24 सेकेंड के इस वीडियो में कहा गया है कि गोदी मीडिया और भारतीय जनता पार्टी की केंद्र सरकार इस रिपोर्ट को दबाने के लिए हरसंभव कोशिश कर रही है. टीएमसी ने दावा किया है कि बंगाल के लोगों को दिवालिया कर देने की साजिश रची गयी है. पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2026 से पहले विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के नाम पर 1.5 करोड़ लोगों को परेशान किया गया. करीब 2,000 करोड़ रुपए का आर्थिक नुकसान जनता पर थोपा गया. यह सब ऐसे समय में हुआ, जब पहले से ही महंगाई और बेरोजगारी से जनता त्रस्त है.
बंगाल की खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
पहले स्टेट का फंड रोडा, अब लोगों को किया जा रहा परेशान – टीएमसी
बंगाल विधानसभा चुनाव 2026 का जिक्र करते हुए तृणमूल कांग्रेस ने कहा कि पहले राज्य के बकाया फंड रोके गये. अब जनता को सीधे आर्थिक रूप से तोड़ा जा रहा है. पार्टी ने इसे लोकतंत्र का गला घोंटने की साजिश बताया. साथ ही चेतावनी दी कि बंगाल इस अन्याय का जवाब चुनाव में देगा. वीडियो के अंत में कहा गया है कि बंगाल चुनाव में इस बार की लड़ाई बंगाली बनाम भाजपा है. क्यों? बंगाली तैयार हैं न?
केंद्र ने चुनाव आयोग को भाजपा का राजनीतिक ‘हिट स्क्वॉड’ बना दिया – टीएमसी
तृणमूल कांग्रेस ने आरोप लगाया है कि चुनाव आयोग को भाजपा का राजनीतिक ‘हिट स्क्वॉड’ बना दिया गया है. इसलिए आयोग बंगाल की जनता को डराने और झुकाने का काम कर रहा है. टीएमसी के मुताबिक, एसआईआर अभियान पूरी तरह लापरवाह, अमानवीय और बदले की राजनीति से प्रेरित है.
चुनाव आयोग की वजह से हालात अमानवीय – तृणमूल कांग्रेस
टीएमसी ने आरोप लगाया कि एसआईआर की वजह से प्रवासी मजदूरों की मजदूरी छिन गयी, बुजुर्गों की बचत खत्म हो गयी और महिलाओं एवं मरीजों को अपमानजनक हालात झेलने पड़े. तृणमूल के मुताबिक, हालात इतने अमानवीय हैं कि बीमार और अस्पताल में भर्ती मरीजों तक को घसीटकर कागज दिखाने के लिए मजबूर किया गया, मानो वे अपने ही देश में घुसपैठिये हों.
आर्थिक तौर पर लोकतंत्र का गला घोंटने की कोशिश करने का लगाया आरोप
ममता बनर्जी की पार्टी टीएमसी ने ने इसे ‘आर्थिक तौर पर लोकतंत्र का गला घोंटने’ की कोशिश करार देते हुए कहा कि यह सब एक पार्टी और एक व्यक्ति की सत्ता की भूख का नतीजा है. बंगाल विधानसभा चुनाव 2026 को लेकर तृणमूल ने तीखा संदेश दिया है. कहा कि यह चुनाव सिर्फ सत्ता का नहीं, बल्कि लोकतंत्र बनाम तानाशाही की लड़ाई होगा.
तृणमूल की चेतावनी- बंगाल न माफ करेगा, न भूलेगा
तृणमूल कांग्रेस का दावा है कि भाजपा और चुनाव आयोग की इस कथित सांठ-गांठ का जवाब बंगाल की जनता बैलेट से देगी. तृणमूल कांग्रेस ने चेतावनी भरे लहजे में कहा कि बंगाल न माफ करेगा, न भूलेगा और हर उस ताकत को जवाब देगा, जो जनता के अधिकारों और सम्मान पर हमला करेगी.
इसे भी पढ़ें
एसआईआर केस में ममता बनर्जी को सुप्रीम कोर्ट से झटका, तृणमूल कांग्रेस सरकार पर सख्त टिप्पणी
एसआईआर का एनआरसी कनेक्शन! राज्यसभा में केंद्र पर बरसीं तृणमूल सांसद सुष्मिता
पश्चिम बंगे सरकार नेई, तृणमूल चोले गेछे, तृणमूल चोले जाबे, नदिया में बोले शमिक भट्टाचार्य
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Mithilesh Jha
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










