ePaper

बिष्णुपुर : द्वारकेश्वर नदी में बह गये नौवीं कक्षा के तीन छात्र, तलाश जारी

Updated at : 25 Jun 2025 2:10 AM (IST)
विज्ञापन
बिष्णुपुर : द्वारकेश्वर नदी में बह गये नौवीं कक्षा के तीन छात्र, तलाश जारी

जिले के बिष्णुपुर थाना क्षेत्र में द्वारकेश्वर नदी को पार करने के चक्कर में नौवीं कक्षा के तीन विद्यार्थी बह कर लापता हो गये.

विज्ञापन

स्कूल के समय छात्रों के बाहर निकलने पर उठ रहे सवाल

तीनों बिष्णुपुर हाइस्कूल की नौवीं कक्षा के हैं विद्यार्थी

बांकुड़ा. जिले के बिष्णुपुर थाना क्षेत्र में द्वारकेश्वर नदी को पार करने के चक्कर में नौवीं कक्षा के तीन विद्यार्थी बह कर लापता हो गये. तीनों बिष्णुपुर हाइ स्कूल में नौवीं कक्षा में पढ़ते हैं. उनके नाम सायन चटर्जी(15), परमेश्वर मिश्रा(15) व अर्कदीप दास (15) बताये गये हैं. घटना का पता चलते ही स्थानीय पुलिस व सिविल डिफेंस के लोग नदी में डूबे किशोरों की तलाश में जुट गये हैं. अभी तक किसी का पता नहीं चला है.

जानकारी के मुताबिक बिष्णुपुर थाना क्षेत्र के सुभाषपल्ली से पांडवेश्वर जानेवाले मार्ग में द्वारकेश्वर नदी के तट पर तीनों छात्रों को स्कूली पोशाक में देखा गया था. स्कूल के समय तीनों छात्र वहां से कैसे निकल गये, इसे लेकर सवाल उठ रहे हैं. बताया गया है कि मंगलवार को दोपहर करीब 1:30 बजे तीनों छात्र नदी को पार करने की कोशिश में बह कर लापता हो गये. तीनों किशोर बिष्णुपुर शहर के अलग-अलग इलाकों के रहनेवाले हैं. स्थानीय लोगों को लगता है कि नदी में उतरे छात्रों को गहराई का अंदाजा नहीं रहा होगा, जिससे वे डूब या बह गये. कुछ अन्य लोगों का दावा है कि किशोर नदी के किनारे सेल्फी लेने के चक्कर में गिरे होंगे और एक-दूसरे को बचाने के चक्कर में तीनों डूब गये. घटना की खबर फैलते ही स्थानीय लोगों ने बिष्णुपुर थाने की पुलिस को सूचना दी. उसके बाद पुलिस और सिविल डिफेंस के बचावकर्मी द्वारकेश्वर नदी के तट पर पहुंचे और किशोरों की तलाश में लग गये. दुर्घटना को लेकर स्कूल प्रशासन की भूमिका पर भी संदेह जताया जा रहा है. डूबे किशोर सायन की दादी मौसमी चौधरी ने कहा कि उनका पोता तैरना नहीं जानता था.

वह नदी में नहीं उतर सकता. उसके पिता चंचल चटर्जी के अनुसार स्कूल के शिक्षकों से पूछा गया, तो पता चला कि पहले पीरियड के बाद सभी विद्यार्थी निकल गये थे. बच्चे स्कूल से क्यों व कैसे निकल गये. घटनास्थल के पास रहे संजय गिरि नामक शख्स ने बताया कि तीन छात्रों को नदी के तट पर चाकलेट व बिस्कुट खाते देखा था. बाद में पता चला कि तीनों किशोर नदी में बह गये हैं.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

विज्ञापन
AKHILESH KUMAR SINGH

लेखक के बारे में

By AKHILESH KUMAR SINGH

AKHILESH KUMAR SINGH is a contributor at Prabhat Khabar.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola