कोलकाता में पारा 11 पर पहुंचा, कोहरे की दी गयी चेतावनी

मंगलवार को कोलकाता में न्यूनतम तापमान 12.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था. बुधवार को यह गिरकर 11 डिग्री पर आ गया.
कोलकाता. साल के आखिरी दिन बुधवार को ठंड ने कोलकाता में रिकॉर्ड बनाया. सुबह कोलकाता में पारा 11 डिग्री तक गिर गया. शहर में अब तक इस सीजन का यह सबसे ठंडा दिन है. इससे पहले सबसे कम तापमान मंगलवार को था. मंगलवार को कोलकाता में न्यूनतम तापमान 12.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था. बुधवार को यह गिरकर 11 डिग्री पर आ गया. यह सामान्य से 2.8 डिग्री कम है. अलीपुर मौसम कार्यालय ने कहा कि पिछले कुछ दिनों से शहर में कड़ाके की ठंड पड़ रही है. फिलहाल उत्तर से आने वाली हवा के रास्ते में कोई रुकावट नहीं है. इसके असर से ठंड बढ़ रही है. उपनगरों की सड़कें कोहरे की मोटी चादर में लिपटी हुई रहीं. इससे ट्रैफिक में दिक्कत हुई. उत्तर बंगाल में कोहरे की स्थिति और भी भयानक है. कोहरे के कारण दोपहर में कूचबिहार और जलपाईगुड़ी जैसे जिलों में विजिबिलिटी लगभग शून्य हो जा रही है. साल के आखिरी दिन दार्जिलिंग में तापमान चार डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया. मौसम विभाग ने दार्जिलिंग में बर्फबारी का भी अनुमान लगाया है. अगर पूरे राज्य में ठंड को देखा जाये तो इसमें पहला स्थान दार्जिलिंग का है. वहीं दूसरा बीरभूम का श्रीनिकेतन है. बुधवार को यहां तापमान 6.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. नदिया के कल्याणी में न्यूनतम तापमान सात डिग्री सेल्सियस, सिउड़ी में 7.2 डिग्री सेल्सियस और आसनसोल में 7.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ. हावड़ा के उलबेड़िया में तापमान 9.5 डिग्री सेल्सियस, बांकुड़ा में आठ डिग्री सेल्सियस, कैनिंग में नौ डिग्री सेल्सियस, हुगली के मगरा में 9.5 डिग्री सेल्सियस, कलाईकुंडा में 9.4 डिग्री सेल्सियस, बर्दवान में आठ डिग्री सेल्सियस, पानागढ़ में 9.2 डिग्री सेल्सियस, बैरकपुर में 8.6 डिग्री सेल्सियस, झारग्राम में 9.1 डिग्री सेल्सियस, दीघा में 10 डिग्री सेल्सियस, डायमंड हार्बर में 10 डिग्री सेल्सियस, कांथी में 10.1 डिग्री सेल्सियस, पुरुलिया में 10.5 डिग्री सेल्सियस और बशीरहाट में 10 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. बुधवार को कोलकाता के बाहरी इलाके दमदम में सबसे कम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस रहा. इसके अलावा साल्टलेक में तापमान 11.4 डिग्री सेल्सियस और हल्दिया में 11.2 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया. मौसम विभाग ने दक्षिण बंगाल के कई जिलों में घने कोहरे की चेतावनी जारी की है. बताया गया है कि दक्षिण 24 परगना, पूर्व मेदिनीपुर, पश्चिम मेदिनीपुर, झारग्राम, पुरुलिया, बांकुड़ा, पश्चिम बर्दवान, बीरभूम व मुर्शिदाबाद में विजिबिलिटी 50 मीटर तक गिर सकती है. मौसम विभाग के मुताबिक अगले 24 घंटे के दौरान तापमान इसी तरह बना रहेगा.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




