पूर्व विधायकों स्मिता बख्शी व संजय बख्शी पर उगाही करने का आरोप

Updated:
विज्ञापन
पूर्व विधायकों स्मिता बख्शी व संजय बख्शी पर उगाही करने का आरोप

यह शिकायत कोलकाता के मेयर फिरहाद हकीम के दफ्तर में लिखित रूप से दर्ज करायी गयी है.

विज्ञापन

तृणमूल पार्षद राजेश कुमार सिन्हा ने मेयर फिरहाद हकीम से की शिकायत

कोलकाता. कोलकाता में तृणमूल कांग्रेस के एक पार्षद ने पार्टी के दो पूर्व विधायकों-पूर्व पार्षदों पर उगाही का गंभीर आरोप लगाया है. यह शिकायत कोलकाता के मेयर फिरहाद हकीम के दफ्तर में लिखित रूप से दर्ज करायी गयी है. इसी मामले में गिरीश पार्क पुलिस स्टेशन में भी शिकायत दर्ज की गयी है. कोलकाता नगर निगम के वार्ड- 25 के पार्षद राजेश कुमार सिन्हा ने पूर्व विधायकों स्मिता बख्शी और संजय बख्शी पर उगाही का आरोप लगाया है. मेयर को लिखे अपने पत्र में सिन्हा ने बताया कि पांच मई को वार्ड के 138 बलराम दे स्ट्रीट निवासी सीमा सिंह अपने परिसर में कुछ मरम्मत का काम करवा रही थीं. इसी दौरान संजय बख्शी खुद वहां पहुंचे और उनसे 30,000 रुपये की मांग की. इस घटना के बाद सीमा सिंह ने संजय बख्शी और उनके सहयोगी सुशांत दत्ता के खिलाफ गिरीश पार्क थाने में शिकायत दर्ज करायी है. इसके बाद दो जून को स्मिता बख्शी ने नगर निगम के बिल्डिंग विभाग के डायरेक्टर जनरल (डीजी) को फोन कर बताया कि सीमा सिंह अवैध निर्माण कर रही हैं. डीजी बिल्डिंग ने तुरंत कार्रवाई करते हुए बोरो चार के सहायक अभियंता को मौके पर पहुंचकर काम रोकने और एफआइआर दर्ज कराने का निर्देश दिया. हालांकि, जब सहायक अभियंता (एसएइ) मौके पर पहुंचे, तो उन्होंने पाया कि परिसर में किसी तरह का अवैध निर्माण नहीं हो रहा था.

पार्षद सिन्हा ने अपने पत्र में लिखा है कि स्मिता बख्शी और संजय बख्शी अक्सर इसी तरह के मामलों में डीजी बिल्डिंग को फोन कर शिकायत करते हैं और डीजी भी मामले की पुष्टि किये बिना ही कार्रवाई कर देते हैं. उन्होंने इन नेताओं पर अपनी राजनीतिक शक्ति का दुरुपयोग करके स्थानीय लोगों को परेशान करने और फर्जी फोन करके निगम अधिकारियों को प्रभावित करने का आरोप लगाया है. राजेश कुमार सिन्हा ने इस मामले में मेयर से उचित कार्रवाई करने की मांग की है. उन्होंने यह भी बताया कि शुक्रवार और शनिवार को निगम में छुट्टी होने के कारण वे सोमवार को खुद मेयर फिरहाद हकीम से इस मामले पर बात करेंगे.

स्मिता बख्शी ने आरोपों को बताया बेबुनियाद

पूर्व विधायक स्मिता बख्शी ने तृणमूल पार्षद द्वारा लगाये गये आरोपों बेबुनियाद बताया. उन्होंने कहा कि वह 1995 से 2021 तक निगम की पार्षद भी रही हैं. उनके पति संजय बख्शी भी 10 साल तक पार्षद थे. हमारे 36 साल के कार्यकाल में किसी ने अंगुली नहीं उठायी है. राजेश सिन्हा जो आरोप लगा रहे हैं, उसका वह प्रमाण दें. स्मिता ने कहा : अब हम न पार्षद हैं और न ही विधायक. हम ममता दीदी के सैनिक हैं. हमें कोलकाता नगर निगम से कोई लेना देना नहीं है. तृणमूल पार्षद जितनी राशि की वसूली का आरोप लगा रहे हैं, उससे अधिक हम हमेशा किसी जरूरतमंद को देते रहते हैं.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

विज्ञापन
Ganesh Mahto

लेखक के बारे में

By Ganesh Mahto

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola