कुलपी : मोबाइल पर ज्यादा समय बिताने पर डांट, छात्रा ने की आत्महत्या
Published by : GANESH MAHTO Updated At : 13 Sep 2025 2:24 AM
घटना की जानकारी मिलते ही कुलपी थाने की पुलिस मौके पर पहुंची. छात्रा को तुरंत स्थानीय अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया.
पुलिस कर रही मामले की जांच कोलकाता. दक्षिण 24 परगना के कुलपी थाना क्षेत्र में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आयी है. यहां कथित तौर पर ग्यारहवीं कक्षा की एक छात्रा ने परिवारवालों की डांट से आहत होकर आत्महत्या कर ली. परिजन ने उसे देर रात मोबाइल फोन देखने पर फटकार लगायी थी. आशंका जतायी गयी है कि इससे नाराज होकर छात्रा ने गुरुवार को अपने ही घर में गले में फंदा लगाकर जान दे दी. घटना की जानकारी मिलते ही कुलपी थाने की पुलिस मौके पर पहुंची. छात्रा को तुरंत स्थानीय अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया. इसके बाद शव को पोस्टमॉर्टम के लिए डायमंड हार्बर पुलिस मोर्ग भेज दिया गया. परिवार पूरी तरह सदमे में है और उनका कहना है कि उन्होंने बेटी को केवल पढ़ाई पर ध्यान देने के लिए कहा था, लेकिन किसे पता था कि वह इस तरह का कदम उठा लेगी. पुलिस ने कहा कि शुरुआती जांच में आत्महत्या की पुष्टि हुई है. हालांकि, पुलिस यह भी देख रही है कि क्या उसके जीवन में कोई और तनाव या दबाव था, जिसने उसे इतना बड़ा कदम उठाने के लिए मजबूर किया. स्थानीय लोगों ने भी इस घटना पर चिंता व्यक्त की है. उनका कहना है कि पढ़ाई और अनुशासन जरूरी है, लेकिन आजकल किशोरों पर पढ़ाई और सामाजिक दबाव दोनों ही बढ़ते जा रहे हैं. कई बार छोटी-छोटी बातों को भी वे सहन नहीं कर पाते और ऐसे कठोर कदम उठा लेते हैं. फिलहाल पुलिस ने अस्वाभाविक मौत का मामला दर्ज किया है. अधिकारियों का कहना है कि शव के पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही पूरी स्थिति साफ होगी.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










