बंगाल में अवैध बालू माफिया पर कृषि मंत्री का एक्शन, सड़क पर उतरकर खुद पकड़े 14 डंपर

सड़क पर खड़ा डंपर
पश्चिम बंगाल के बीरभूम जिले में कृषि मंत्री दुध कुमार मंडल ने अवैध बालू तस्करी के खिलाफ मोर्चा खोल दिया. उन्होंने खुद सड़क पर उतरकर 12 से 14 बालू लदे डंपरों को रोका और पुलिस के हवाले कर दिया. मंत्री की इस कार्रवाई से बालू माफियाओं में हड़कंप मच गया है.
बीरभूम से मुकेश तिवारी की रिपोर्ट
बीरभूम जिले के मयूरेश्वर में अवैध बालू तस्करी के खिलाफ एक बार फिर राज्य के कृषि मंत्री एवं मयूरेश्वर के विधायक दुध कुमार मंडल खुद सड़क पर उतर आए.गुरुवार को उन्होंने अवैध बालू लादकर जा रहे करीब 12 से 14 डंपरों को रोक लिया और सभी वाहनों को पुलिस के हवाले कर दिया. मंत्री की इस कार्रवाई से इलाके में हड़कंप मच गया, जबकि बालू माफियाओं में खलबली मच गई.
लगातार मिल रही थी शिकायतें
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, मंत्री को लगातार अवैध बालू परिवहन की शिकायतें मिल रही थीं. इसके बाद उन्होंने स्वयं सड़क पर निगरानी शुरू की. इसी दौरान कई डंपरों को रोका गया, जिनमें कथित रूप से बिना वैध दस्तावेजों के बालू का परिवहन किया जा रहा था. मंत्री ने तत्काल पुलिस को मौके पर बुलाकर वाहनों को उनके सुपुर्द कर दिया.
मंत्री की कार्रवाई देख जुटी लोगों की भीड़
घटना के बाद मौके पर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई और कुछ समय के लिए इलाके में तनाव का माहौल बन गया. हालांकि पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित कर लिया. कृषि मंत्री दुध कुमार मंडल ने कहा कि किसी भी कीमत पर अवैध बालू कारोबार को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा. उन्होंने पुलिस और प्रशासन को स्पष्ट अल्टीमेटम देते हुए कहा कि अवैध बालू तस्करी पर तत्काल और स्थायी रूप से रोक लगाई जाए. यदि कार्रवाई में लापरवाही बरती गई तो आगे और भी कड़े कदम उठाए जाएंगे.
पश्चिम बंगाल की अन्य महत्वपूर्ण खबरों को पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
बालू माफियाओं के बीच दहशत का माहौल
मंत्री की इस कार्रवाई के बाद पूरे इलाके में बालू माफियाओं के बीच दहशत का माहौल है.स्थानीय लोगों ने भी अवैध खनन और बालू तस्करी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग करते हुए मंत्री के कदम का समर्थन किया.पुलिस ने पकड़े गए डंपरों की जांच शुरू कर दी है और संबंधित दस्तावेजों की पड़ताल की जा रही है.
Also Read: पश्चिम बंगाल बनेगा देश का ‘सीड हब’, खुलेंगे चार कृषि प्रशिक्षण एवं अनुसंधान केंद्र
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By आशीष झा
डिजिटल पत्रकारिता के क्षेत्र में 10 वर्षों का अनुभव. लगातार कुछ अलग और बेहतर करने के साथ हर दिन कुछ न कुछ सीखने की कोशिश. वर्तमान में बंगाल में कार्यरत. बंगाल की सामाजिक-राजनीतिक नब्ज को टटोलने के लिए प्रयासरत. देश-विदेश की घटनाओं और किस्से-कहानियों में विशेष रुचि. डिजिटल मीडिया के नए ट्रेंड्स, टूल्स और नैरेटिव स्टाइल्स को सीखने की चाहत.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










