दक्षिण 24 परगना के तटवर्ती क्षेत्रों में माइकिंग व आपात तैयारी

Updated at : 27 Oct 2025 1:13 AM (IST)
विज्ञापन
दक्षिण 24 परगना के तटवर्ती क्षेत्रों में माइकिंग व आपात तैयारी

मौसम विभाग के मुताबिक, तूफान का लैंडफॉल आंध्र प्रदेश के तटीय क्षेत्रों में होगा और इसकी गति 90 से 100 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है.

विज्ञापन

कोलकाता. आंध्र प्रदेश की ओर बढ़ रहे चक्रवाती तूफान मोंथा को देखते हुए दक्षिण 24 परगना व बंगाल के तटीय जिलों में अलर्ट जारी कर दिया गया है. मौसम विभाग के मुताबिक, तूफान का लैंडफॉल आंध्र प्रदेश के तटीय क्षेत्रों में होगा और इसकी गति 90 से 100 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है. बंगाल में भी बारिश और तेज हवाओं का खतरा है, इसलिए स्थानीय प्रशासन ने सक्रिय कदम उठाये हैं. दक्षिण 24 परगना जिले में सोमवार से ही भारी वर्षा का पूर्वाभास है. मंगलवार से बारिश की तीव्रता बढ़ सकती है. हालांकि, रविवार को ही जिले के कई जगहों पर बारिश हुई. प्रशासन ने तटीय इलाकों में हवाओं की रफ्तार 50 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंचने की चेतावनी जारी की है. इसी कारण से जिले के सभी तटीय थाना क्षेत्रों में माइकिंग के जरिये लोगों को सतर्क किया जा रहा है. प्रशासन ने स्थानीय लोगों को चेतावनी दी है कि वे अनावश्यक यात्रा और समुद्र के निकट जाने से बचें. मछुआरों को समुद्र में काम पर जाने से रोकने के लिए चेतावनी जारी की गयी है. मौसम विभाग और प्रशासन ने सभी मछुआरों को सोमवार शाम तक घर लौटने का निर्देश दिया है. कृषि विभाग ने किसानों को तैयार हो चुके धान जल्द कटवाने और सुरक्षित स्थानों पर रखने की सलाह दी है, ताकि तूफान से फसल का नुकसान कम किया जा सके. जिला प्रशासन ने महकमा और ब्लॉक स्तर पर कंट्रोल रूम खोलकर 24 घंटे सतर्कता बरती है. सभी ब्लॉकों को निर्देश दिये गये हैं कि वे पर्याप्त मात्रा में राहत सामग्री, पेयजल, दवाइयां और बचाव उपकरण तैयार रखें. इसके अलावा, सुंदरबन और आसपास के तटीय क्षेत्रों में प्रशासन ने नदी के कमजोर बांधों की स्थिति की विशेष निगरानी शुरू कर दी है. मरम्मत और सुरक्षा कार्य युद्धस्तर पर जारी है. जिला प्रशासन ने सभी राहत और बचाव दलों को अलर्ट मोड पर रखा है. स्वास्थ्य विभाग ने प्राथमिक चिकित्सा और आपात दवाइयों की उपलब्धता सुनिश्चित की है. पुलिस प्रशासन ने चौकसी बढ़ायी है और तटीय इलाकों में सतर्क गश्त चल रही है. स्थानीय प्रशासन का कहना है कि माइकिंग अभियान के जरिये लोगों को तूफान के दौरान सुरक्षा उपाय और बचाव केंद्रों की जानकारी दी जा रही है. साथ ही, लोगों से अपील की गयी है कि वे अफवाहों से प्रभावित न हों और प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें. मौसम विभाग का अनुमान है कि तूफान मोंथा का असर आने वाले 48 घंटों में अधिकतम रहेगा, इसलिए सभी नागरिकों और मछुआरों को सतर्क रहने और सुरक्षित स्थानों पर जाने की सलाह दी है.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

विज्ञापन
GANESH MAHTO

लेखक के बारे में

By GANESH MAHTO

GANESH MAHTO is a contributor at Prabhat Khabar.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola