2,200 करोड़ के ऑनलाइन ट्रेडिंग घोटाले में बंगाल से मुख्य आरोपी अरेस्ट
Published by : Prabhat Khabar News Desk Updated At : 16 Nov 2024 1:59 AM
केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआइ) ने असम में करीब 2,200 करोड़ रुपये के ऑनलाइन ट्रेडिंग घोटाले से जुड़े एक मामले के मुख्य आरोपी को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है.
सीबीआइ का शिकंजा. बंगाल व असम समेत 92 ठिकानों पर छापेमारी के बाद हुई गिरफ्तारी
संवाददाता, कोलकाताकेंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआइ) ने असम में करीब 2,200 करोड़ रुपये के ऑनलाइन ट्रेडिंग घोटाले से जुड़े एक मामले के मुख्य आरोपी को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है. आरोपी को पश्चिम बंगाल के सिलीगुड़ी से गिरफ्तार किया गया. आरोपी का नाम गोपाल पाल है, जिसे एजेआरएस मार्केटिंग प्राइवेट लिमिटेड से जुड़े एक विशेष मामले की जांच सिलसिले में गिरफ्तार किया गया, जो केंद्रीय जांच एजेंसी द्वारा तफ्तीश किये जा रहे घोटाले से संबंधित 41 मामलों में से एक है. यह जानकारी सीबीआइ ने शुक्रवार को दी. सीबीआइ के एक अधिकारी ने बताया कि असम सरकार की सिफारिश के बाद केंद्रीय जांच एजेंसी ने इस वर्ष अक्तूबर महीने के अंतिम सप्ताह में उक्त राज्य में विभिन्न अनियमित जमा योजनाओं से संबंधित 41 मामलों की जांच अपने हाथ में ली. यह जांच पहले असम पुलिस द्वारा की जा रही थी, जिसने मामले में मुख्य आरोपियों में के कुछ को पहले ही गिरफ्तार कर लिया था, लेकिन पुलिस द्वारा प्राथमिकी दर्ज किये जाने के बाद से ही गोपाल पाल फरार था.मामले की जांच के तहत सीबीआइ ने पश्चिम बंगाल और असम समेत पांच राज्यों/केंद्रशासित प्रदेशों के 92 स्थानों पर ताबड़तोड़ छापेमारी की. अभियान के दौरान 24 मोबाइल फोन, 18 डेस्कटॉप, सात हार्ड ड्राइव, 11 लैपटॉप और महत्वपूर्ण दस्तावेज जब्त किये गये हैं. बताया जा रहा है कि सीबीआइ ने उन जमाकर्ताओं के विवरण वाले डेटाबेस का सफलतापूर्वक पता लगा लिया है, जिन्हें इन अनियमित जमा योजनाओं में निवेश करने के लिए धोखा दिया गया था. एजेआरएस मार्केटिंग प्राइवेट लिमिटेड से जुड़े एक विशेष मामले में सीबीआइ ने मुख्य आरोपी पाल को पकड़ा, जो सिलीगुड़ी के एक स्थान में छिपा हुआ था. ठिकाने से आपत्तिजनक साक्ष्य भी बरामद किये गये हैं. आरोपी पाल को विशेष न्यायाधीश (सीबीआइ मामले) की अदालत में पेश किया गया, जहां से पूछताछ व आगे की जांच हेतु उसकी हिरासत सीबीआइ को दे दी गयी है.
अब तक 18 लोगों की हो चुकी है गिरफ्तारी
असम में ऑनलाइन ट्रेडिंग घोटाला इस साल अगस्त के अंतिम सप्ताह में तब प्रकाश में आया था, जब 29 वर्षीय दीपंकर बर्मन की कंपनी में भारी मात्रा में धन लगाने वाले निवेशकों ने उन्हें धन वापस नहीं दिये जाने का आरोप लगाया. बर्मन का कार्यालय 21 अगस्त से बंद है. मामले की जांच कर रही असम पुलिस ने बर्मन, विशाल फुकन, अभिनेत्री सुमी बोरा और उनके पति समेत अन्य को गिरफ्तार किया था. अधिकारियों ने बताया कि इस मामले में अब तक करीब 18 लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है.डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Prabhat Khabar News Desk
यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










