हेयर डाई पीकर पांचवीं की छात्रा ने की आत्महत्या

भगवानपुर थाना क्षेत्र के गुड़ग्राम गांव में पड़ोसी के घर खेलते समय पायल चोरी के आरोप और मां की डांट से आहत होकर पांचवीं कक्षा की एक छात्रा ने आत्महत्या कर ली.
पायल चोरी का लगा था आरोप
कोलकाता/हल्दिया. भगवानपुर थाना क्षेत्र के गुड़ग्राम गांव में पड़ोसी के घर खेलते समय पायल चोरी के आरोप और मां की डांट से आहत होकर पांचवीं कक्षा की एक छात्रा ने आत्महत्या कर ली. मंगलवार देर रात हुई इस घटना से पूरे इलाके में शोक का माहौल है. मृत छात्रा की पहचान संगीता बेरा के रूप में हुई है. पिता उत्तम बेरा इलाके में एक छोटी सी दुकान चलाते हैं, जबकि मां मीता बेरा घर पर विग बनाने का काम करती हैं.
सूत्रों के अनुसार, मंगलवार को संगीता अपनी तीन साल की पड़ोसी बच्ची के साथ खेलने उसके घर गयी थी. उसी दौरान घर से पड़ोसी बच्ची का एक पायल नहीं मिल रहा था. आरोप है कि परिवार वालों ने बिना जांच किये संगीता पर ही चोरी का आरोप लगा दिया. इस अपमान से आहत संगीता रोती हुई घर लौटी. मां ने भी गुस्से में उसे डांट लगायी और दो तमाचे मार दिये. आशंका जतायी जा रही है कि पड़ोसियों के आरोप और मां की फटकार से आहत बच्ची ने रात में घर में रखे हेयर डाई को पी लिया. परिजन तुरंत उसे गंभीर हालत में ताम्रलिप्त मेडिकल कॉलेज व अस्पताल ले गये, जहां इलाज के दौरान उसी रात उसकी मौत हो गयी. बुधवार को शव का पोस्टमॉर्टम कर परिजनों को सौंप दिया गया.
मृतका के चाचा सोना बेरा ने कहा, “सिर्फ शक के आधार पर पायल चोरी का आरोप लगाना बेहद दुखद है. हमारी बच्ची बहुत मासूम थी, वह रोज ही पड़ोस के घर में खेलने जाती थी.” स्थानीय निवासी मानस कुमार आदक ने कहा, “इतनी छोटी उम्र में इस तरह का अपमान वह सह नहीं सकी. यह समाज के लिए चेतावनी है.” मानसिक स्वास्थ्य विशेषज्ञ डॉ आलोक पात्र ने कहा कि आजकल बच्चे भावनात्मक रूप से बेहद संवेदनशील हो गये हैं. पढ़ाई के दबाव और संवाद की कमी के कारण वे छोटी-छोटी बातों से टूट जाते हैं. उन्होंने सलाह दी कि बच्चों को केवल पढ़ाई में नहीं, बल्कि खेल, प्रकृति और बातचीत से भी जोड़े रखना चाहिए, ताकि वे अपने मन का बोझ साझा कर सकें. पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




