एनइपी लागू नहीं होने से बंगाल को नहीं मिल सका 10 हजार करोड़ : धर्मेंद्र प्रधान

Published by : BIJAY KUMAR Updated At : 14 Feb 2026 10:55 PM

विज्ञापन

केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने शनिवार को महानगर में प्रदेश भाजपा के शिक्षक सेल की ओर से आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि राज्य की स्कूल शिक्षा व्यवस्था को बेहतर करना होगा. तृणमूल कांग्रेस ने यहां की शिक्षा व्यवस्था को रसातल में पहुंचा दिया है.

विज्ञापन

कोलकाता.

केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने शनिवार को महानगर में प्रदेश भाजपा के शिक्षक सेल की ओर से आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि राज्य की स्कूल शिक्षा व्यवस्था को बेहतर करना होगा. तृणमूल कांग्रेस ने यहां की शिक्षा व्यवस्था को रसातल में पहुंचा दिया है. यहां भाजपा के सत्ता में आने के बाद शिक्षा व्यवस्था में सुधार करेंगे. उन्होंने कहा कि पश्चिम बंगाल में शिक्षा क्षेत्र का विकास करने के लिए केंद्र सरकार हर संभव मदद करने के लिए तैयार है. लेकिन आश्चर्य की बात है कि राज्य सरकार वह लेने के लिए तैयार नहीं है. यहां की तृणमूल सरकार ने राज्य में राष्ट्रीय शिक्षा नीति को लागू नहीं किया, जिसके कारण बंगाल करीब 10 हजार करोड़ रुपये के फंड से वंचित रह गया. शिक्षा मंत्री ने कहा कि देश में सबसे ज्यादा शिक्षक विहीन स्कूल बंगाल में हैं, जिनकी संख्या लगभग 4,000 है. देश के 70 प्रतिशत स्कूलों में इंटरनेट है, जबकि बंगाल के सिर्फ 16 प्रतिशत स्कूलों में इंटरनेट की सुविधा है. यहां योग्य शिक्षक सड़कों पर आंदोलन कर रहे हैं.

सत्ता में आये, तो शिक्षकों व छात्रों के लिए उठाये जायेंगे कई कदम : केंद्रीय शिक्षा मंत्री ने कहा कि बार-बार कहने के बाद भी राष्ट्रीय शिक्षा नीति को राज्य में लागू नहीं किया गया. इस नीति में मातृभाषा यानी बांग्ला भाषा में अध्ययन की बात कही गयी है. धर्मेंद्र प्रधान ने कहा कि राज्य में भाजपा सत्ता में आती है, तो यहां के शिक्षकों और छात्रों के लिए कई कदम उठाये जायेंगे.

घुसपैठ के मुद्दे पर बंगाल सरकार पर साधा निशाना : केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने शनिवार को कहा कि पश्चिम बंगाल में घुसपैठ एक गंभीर मुद्दा बन गया है और राज्य को घुसपैठियों के हवाले किया जा रहा है. उन्होंने यहां भाजपा के शिक्षक प्रकोष्ठ के एक सम्मेलन को संबोधित करते हुए केंद्र की ‘पूर्वोदय’ विकास विजन का भी जिक्र किया और कहा कि भारत की समग्र प्रगति पूर्वी राज्यों के उत्थान पर निर्भर करती है. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को इस दृष्टिकोण को सामने रखने का श्रेय देते हुए उन्होंने कहा कि कोलकाता पूर्वोदय की राजधानी है. पूर्व के विकास की पहली किरण कोलकाता से आनी चाहिए. प्रधान ने आरोप लगाते हुए कहा : तृणमूल सरकार बंगाल को घुसपैठियों के हवाले करने और एक बार फिर बंग भंग जैसी स्थिति को आमंत्रित करने की योजना बना रही है. मेरा राज्य ओडिशा भी इससे प्रभावित हुआ है. उन्होंने दावा किया कि राज्य में भ्रष्टाचार चरम पर है, जबकि गरीबी देश को नुकसान पहुंचा रही है.

राज्य बजट की आलोचना : उन्होंने मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के बजट की भी आलोचना करते हुए आरोप लगाया कि यह आम जनता से अधिक घुसपैठियों और मदरसों के लिए है. इस बीच, इसी कार्यक्रम में भाजपा के वरिष्ठ नेता शुभेंदु अधिकारी ने कहा कि यदि पार्टी सत्ता में आती है, तो वह राज्य के कर्मचारियों की प्रमुख मांगों को पूरा करेगी, जिनमें लंबित महंगाई भत्ते (डीए) का भुगतान, सातवें वेतन आयोग की सिफारिशों का क्रियान्वयन और आठवें वेतन आयोग का गठन शामिल है.

बंगाल में अब आ गया है सत्ता परिवर्तन का समय

तृणमूल कांग्रेस सरकार पर जोरदार हमला बोलते हुए प्रधान ने सत्ता परिवर्तन का अनुरोध किया और आरोप लगाया कि मौजूदा सरकार ने प्रशासन को भ्रष्टाचार और घुसपैठ के हवाले कर दिया है. उन्होंने कहा कि बंगाल में इस भ्रष्ट सरकार को हटाने के लिए सत्ता परिवर्तन का समय आ गया है. उन्होंने लोगों से भाजपा के नेतृत्व वाली डबल इंजन सरकार बनाने की दिशा में काम करने का आह्वान किया.

विज्ञापन
BIJAY KUMAR

लेखक के बारे में

By BIJAY KUMAR

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola