बंगाल चुनाव: वोटरों को धमकाने के आरोप में तृणमूल का पूर्व पार्षद गिरफ्तार, भेजा गया जेल

पुलिस
Bengal Election: विधाननगर से भाजपा प्रार्थी ने चुनाव आयोग से की शिकायत थी. इसके बाद पुलिस ने यह कार्रवाई की है.
मुख्य बातें
Bengal Election: कोलकाता. वोटरों को डराने-धमकाने और प्रभावित करने के आरोप में विधाननगर नगर निगम के तृणमूल कांग्रेस के पूर्व पार्षद निर्मल दत्त को पुलिस ने गिरफ्तार किया है. बुधवार को उन्हें विधाननगर कोर्ट में पेश किया गया, जहां अदालत ने 10 दिनों की न्यायिक हिरासत में भेजने का आदेश दिया. मामले की शुरुआत मंगलवार को हुई, जब विधाननगर से भाजपा प्रत्याशी शरदबत मुखर्जी ने निर्मल दत्त के खिलाफ चुनाव आयोग में शिकायत दर्ज करायी. उन्होंने आरोप लगाया कि निर्मल वोटरों को धमका कर चुनाव प्रभावित करने की कोशिश कर रहे हैं. शरदबत मुखर्जी ने इस संबंध में विधाननगर पुलिस कमिश्नर से भी मुलाकात की थी.
सुजीत बोस का बताया जा रहा करीबी
शिकायत के बाद विधाननगर दक्षिण थाने की पुलिस ने दत्ताबाद इलाके से निर्मल दत्त को गिरफ्तार कर लिया. उनकी पत्नी विधाननगर नगर निगम के वार्ड संख्या 38 से तृणमूल कांग्रेस की पार्षद हैं. मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने हाल ही में इस्लामपुर में एक चुनावी रैली के दौरान चुनाव आयोग की कार्रवाई पर सवाल उठाते हुए कहा था कि अगर तृणमूल कांग्रेस के एक नेता को गिरफ्तार किया जाता है, तो उनकी जगह सौ अन्य नेता खड़े हो जायेंगे. निर्मल दत्त को राज्य मंत्री सुजीत बोस का करीबी माना जाता है, जो विधाननगर विधानसभा क्षेत्र से चुनाव लड़ रहे हैं.
क्या है मामला
बताया जा रहा है कि 13 अप्रैल को सॉल्टलेक में हुई एक बैठक का वीडियो वायरल होने के बाद मामला तूल पकड़ गया. वीडियो में निर्मल दत्त कथित तौर पर यह कहते नजर आ रहे हैं कि यदि किसी ने तृणमूल कांग्रेस के खिलाफ मतदान किया, तो उसे गंभीर परिणाम भुगतने होंगे. साथ ही उन्होंने यह भी दावा किया कि एक मोबाइल एप के जरिये यह पता लगाया जा सकता है कि किसने किसे वोट दिया है. इस बयान के बाद भाजपा प्रत्याशी ने चुनाव आयोग में शिकायत दर्ज करायी, जिसके आधार पर कार्रवाई की गयी. इससे पहले भी निर्मल दत्त पर सॉल्टलेक के दत्ताबाद इलाके में भाजपा कार्यकर्ताओं पर हमले का आरोप लग चुका है.
Also Read: उत्तर बंगाल में ममता बनर्जी को झटका, भाजपा में शामिल हुई टीएमसी की यह महिला नेता
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Ashish Jha
डिजिटल पत्रकारिता के क्षेत्र में 10 वर्षों का अनुभव. लगातार कुछ अलग और बेहतर करने के साथ हर दिन कुछ न कुछ सीखने की कोशिश. वर्तमान में बंगाल में कार्यरत. बंगाल की सामाजिक-राजनीतिक नब्ज को टटोलने के लिए प्रयासरत. देश-विदेश की घटनाओं और किस्से-कहानियों में विशेष रुचि. डिजिटल मीडिया के नए ट्रेंड्स, टूल्स और नैरेटिव स्टाइल्स को सीखने की चाहत.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




