'जो खुद जायेंगे, उनपर नहीं करेंगे कार्रवाई', घुसपैठियों की घर वापसी पर बोले अमित शाह

Published by : Ashish Jha Updated At : 29 May 2026 9:53 AM

विज्ञापन

अमित शाह और शुभेंदु अधिकारी. (फाइल फोटो)

Amit Shah: शुभेंदु अधिकारी के कामकाज से खुश अमित शाह ने कहा- अब बंगाल से वापस लौट रहे घुसपैठिये. मैं आशा रखता हूं कि पहचान अभियान शुरू होने से पहले ही काफी लोग अपने आप वापस चले जायेंगे. जो खुद जायेंगे बंगाल सरकार उनकी मदद करेगी.

विज्ञापन

Amit Shah: कोलकाता. केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने पश्चिम बंगाल में घुसपैठ की समस्या को लेकर राज्य की पूर्व मुख्यमंत्री व तृणमूल कांग्रेस प्रमुख ममता बनर्जी पर हमला बोला. उन्होंने कहा कि अब अखबारों में खबरें आ रही हैं कि पहले ममता सरकार के शासन में हर रोज बंगाल में घुसपैठ होती थी, लेकिन अब घुसपैठ करने वाले खुद वापस जाने लगे हैं. गुजरात के अहमदाबाद दौरे पर गये अमित शाह ने बंगाल में घुसपैठियों पर मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी की कार्रवाई पर कहा – मुख्यमंत्री और भाजपा की बंगाल सरकार ने घुसपैठियों के लिए डिटेंशन सेंटर बनाये हैं, मगर हम सब चाहते हैं कि जो लोग घुसपैठ कर आये हैं, वे अपने आप ही वहीं वापस चले जायें, जहां से वे आये हैं. उन्होंने कहा – अगर वे अपने आप चले जाते हैं, तो बंगाल सरकार उन पर कोई केस नहीं करेगी और जाने में उनकी सहायता भी करेगी.

घुसपैठ रोकने के लिए केंद्र ने बनायी हाइ लेवल कमेटी

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कहा : हमारी सरकार का संकल्प है कि देशभर से एक-एक घुसपैठिये को चुन-चुनकर बाहर निकाला जाये. इसी दिशा में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की घोषणा के अनुरूप सरकार ने डेमोग्राफिक बदलाव को लेकर एक उच्चस्तरीय कमेटी का गठन किया है. यह कमेटी देशभर में जनसंख्या में हो रहे कृत्रिम बदलावों, उनके कारणों व उन्हें रोकने के उपायों का व्यापक अध्ययन करेगी. इसके लिए अगर कोई कानून बनाने की जरूरत होगी, तो उसकी भी सिफारिश करेगी. यह कमेटी एक साल में अपनी रिपोर्ट देगी और कृत्रिम जनसांख्यिकीय बदलाव को रोकने का काम हमारी सरकार पूरी मजबूती से करेगी.

पश्चिम बंगाल की अन्य महत्वपूर्ण खबरों को पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें

बीएसएफ को सौंपी जा चुकी है 600 हेक्टेयर जमीन

पश्चिम बंगाल के सीमावर्ती इलाकों में सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) के लिए जमीन देने के मामले पर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कहा : हमने बंगाल विधानसभा चुनाव में कहा था कि अगर आप हमें जीत दिलायेंगे, तो हम बांग्लादेश सीमा पर बचा हुआ फेंसिंग का काम कुछ ही दिनों में शुरू करेंगे. उन्होंने कहा- मैं बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी को बधाई देना चाहता हूं कि उन्होंने सिर्फ सात दिनों में 600 हेक्टेयर भूमि बीएसएफ को सौंपने का काम कर दिया. साथ ही चिकन नेक की 121 हेक्टेयर भूमि भी बीएसएफ को सौंप दी.

Also Read: कोलकाता पुलिस बनेगी दिल्ली पुलिस की तरह हाइटेक, सरकार ने मांगी रिपोर्ट

विज्ञापन
Ashish Jha

लेखक के बारे में

By Ashish Jha

डिजिटल पत्रकारिता के क्षेत्र में 10 वर्षों का अनुभव. लगातार कुछ अलग और बेहतर करने के साथ हर दिन कुछ न कुछ सीखने की कोशिश. वर्तमान में बंगाल में कार्यरत. बंगाल की सामाजिक-राजनीतिक नब्ज को टटोलने के लिए प्रयासरत. देश-विदेश की घटनाओं और किस्से-कहानियों में विशेष रुचि. डिजिटल मीडिया के नए ट्रेंड्स, टूल्स और नैरेटिव स्टाइल्स को सीखने की चाहत.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola