वोटर लिस्ट विवाद : पानीहाटी के एक वार्ड में 270 फर्जी वोटर!

Updated:
विज्ञापन
वोटर लिस्ट विवाद : पानीहाटी के एक वार्ड में 270 फर्जी वोटर!

पानीहाटी के भाजपा नेता जॉय साहा ने दावा किया है कि सिर्फ एक वार्ड में 270 फर्जी मतदाता पाये गये हैं.

विज्ञापन

भाजपा नेता का दावा- मृतकों और स्थानांतरित लोगों के नाम अभी भी शामिल बैरकपुर. बंगाल में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआइआर) को लेकर चल रहे गहमागहमी के बीच अब पानीहाटी में फर्जी मतदाताओं के नाम होने का बड़ा आरोप सामने आया है. पानीहाटी के भाजपा नेता जॉय साहा ने दावा किया है कि सिर्फ एक वार्ड में 270 फर्जी मतदाता पाये गये हैं. साहा के अनुसार, पानीहाटी के वार्ड-18 के सात बूथों पर अकेले 210 फर्जी मतदाता हैं. उन्होंने आरोप लगाया कि ऐसे लोगों के नाम सूची में बरकरार हैं, जिनकी या तो मृत्यु हो चुकी है, जो इलाके से कहीं और चले गये हैं या जो अब किसी और क्षेत्र में मतदान करते हैं. जॉय साहा ने दावा किया कि पूरे पानीहाटी क्षेत्र में कम से कम 10,000 मतदाताओं के नाम सूची से हटाये जाने चाहिए. इस आरोप पर वार्ड-18 की तृणमूल पार्षद पूजा चौधरी ने प्रतिक्रिया दी है. उन्होंने भाजपा के आरोपों को सीधे तौर पर नकारते हुए कहा कि अगर मृतकों के नाम सूची में रह गये हैं, तो इसकी जिम्मेदारी किसकी है? यह देखना चुनाव आयोग का काम है. चौधरी ने कहा, ‘हम लोग न तो मतदाताओं के नामों का उल्लेख करते हैं, न ही मतदाता सूची तैयार करते हैं. अगर भाजपा के पास कोई ठोस जानकारी है, तो उसे सीधे चुनाव आयोग को बताना चाहिए.’ इसी बीच, पानीहाटी नगर पालिका के वार्ड- 6 के आगरपाड़ा में भी मतदाताओं की सूची को लेकर दहशत का माहौल है. आगरपाड़ा के एलियास रोड निवासी स्वपन कुमार दे और उनका परिवार, जो 1990 से मतदान करता आ रहा है, हाल ही में हुई एक आत्महत्या की घटना के बाद चिंता में है. जब उन्होंने चुनाव आयोग द्वारा प्रकाशित 2002 की मतदाता सूची देखी, तो पाया कि उनके परिवार के तीन सदस्यों के नाम सूची से गायब थे. हालांकि, नगरपालिका की ओर से उन्हें जल्द ही मदद करने का आश्वासन दिया गया है.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

विज्ञापन
Ganesh Mahto

लेखक के बारे में

By Ganesh Mahto

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola