कोलकाता : न्यू मार्केट स्थित होटल से मिला शख्स का शव, युवक मैनेजमेंट का था छात्र
Published by : Prabhat Khabar Digital Desk Updated At : 10 Nov 2018 8:29 PM
कोलकाता : न्यू मार्केट थाना इलाका स्थित प्रतिष्ठित होटल के शौचालय से संदिग्ध अवस्था में एक युवक का शव बरामद किया गया. घटना गत शुक्रवार की रात की है. घटना को लेकर होटल कर्मियों में सनसनी फैल गयी. मृतक की शिनाख्त हर्ष बालानी (24) के रूप में हुई है. वह मूल रूप से गुजरात के […]
कोलकाता : न्यू मार्केट थाना इलाका स्थित प्रतिष्ठित होटल के शौचालय से संदिग्ध अवस्था में एक युवक का शव बरामद किया गया. घटना गत शुक्रवार की रात की है. घटना को लेकर होटल कर्मियों में सनसनी फैल गयी. मृतक की शिनाख्त हर्ष बालानी (24) के रूप में हुई है. वह मूल रूप से गुजरात के राजकोट का निवासी था. साथ ही वह जमशेदपुर स्थित एक निजी मैनेजमेंट कॉलेज का छात्र था.
घटना प्रकाश में आने के बाद स्थानीय पुलिस व गुप्तचर विभाग के अधिकारी मौके पर पहुंचे. होटल के कुछ कर्मियों से भी पूछताछ की गयी है.
कब और क्या हुआ :
सूत्रों के अनुसार हर्ष गुरुवार को होटल आया था. पहले उसे होटल का कमरा पसंद नहीं आ रहा था. बाद में उसने होटल के चार तल्ले पर स्थित एक कमरा बुक किया. कमरे में जाने के बाद उसे बाहर निकलते किसी ने नहीं देखा. शुक्रवार की रात को कई दफा कमरे के बाहर आवाज देने पर जब अंदर से कोई आवाज नहीं आयी तो डुप्लीकेट चाबी के जरिए होटल कर्मियों ने दरवाजा खोला.
शौचालय का दरवाजा भी अंदर से बंद था. शौचालय का दरवाजा खोलने पर होटल कर्मियों ने देखा कि हर्ष लहूलुहान अवस्था में बाथटब में पड़ा हुआ था. पास में ही एक छुरी पड़ी हुई थी. होटल प्रबंधन की ओर से घटना की सूचना न्यू मार्केट थाने को दी गयी. हर्ष को एसएसकेएम अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसके मृत होने की पुष्टि की.
इधर, फोरेंसिक विशेषज्ञों ने भी घटनास्थल का जायजा लिया है. वहां के कुछ सामानों को भी संग्रह किया है. होटल में लगे सीसीटीवी कैमरे की रिकार्डिंग की भी जांच की जा रही है. साथ ही जिस कमरे में युवक का शव बरामद किया गया है उसे सील कर दिया गया. सूत्रों के अनुसार मृतक के गले पर जख्मों के निशान पाये गये हैं.
शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है. पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम की रिपोर्ट के बाद ही मृत्यु के सटीक कारण का पता चल पायेगा. मामला हत्या का है या आत्महत्या का, इसकी जांच जारी है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Prabhat Khabar Digital Desk
यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










