ePaper

पंचायत चुनाव में खराब प्रदर्शन की गाज, ममता बनर्जी ने हटाये तीन मंत्री

Updated at : 06 Jun 2018 4:18 AM (IST)
विज्ञापन
पंचायत चुनाव में खराब प्रदर्शन की गाज, ममता बनर्जी ने हटाये तीन मंत्री

कोलकाता : राज्य के कुछ हिस्सों में पंचायत चुनाव में तृणमूल कांग्रेस के खराब प्रदर्शन और पार्टी की आंतरिक लड़ाई की गाज मंगलवार को राज्य के तीन मंत्रियों और उत्तर दमदम नगरपालिका के चेयरमैन और वाइस चेयरमैन पर गिर गयी. अन्य पिछड़ा वर्ग मामलों के मंत्री चूड़ामणि महतो, आदिवासी विकास मामलों के मंत्री जेम्स कुजुर […]

विज्ञापन
कोलकाता : राज्य के कुछ हिस्सों में पंचायत चुनाव में तृणमूल कांग्रेस के खराब प्रदर्शन और पार्टी की आंतरिक लड़ाई की गाज मंगलवार को राज्य के तीन मंत्रियों और उत्तर दमदम नगरपालिका के चेयरमैन और वाइस चेयरमैन पर गिर गयी. अन्य पिछड़ा वर्ग मामलों के मंत्री चूड़ामणि महतो, आदिवासी विकास मामलों के मंत्री जेम्स कुजुर व अवनी जोआरदार (कोई विभाग नहीं) को मंत्री पद से हटा दिया गया है.
वहीं, उत्तर दमदम नगरपालिका के चेयरमैन कल्याण कर और वाइस चेयरमैन शेख नजुमुद्दीन को हटाकर सुबोध चक्रवर्ती को चेयरमैन और लोपामुद्रा दत्ता चौधरी को वाइस चेयरपर्सन बनाया गया है. सुबोध चक्रवर्ती पहले नगरपालिका में ही सीआइसी के पद पर थे. लोपामुद्रा 32 नंबर वार्ड की पार्षद हैं. नगरपालिका में यह फेरबदल पार्टी में आंतरिक विवाद की वजह से हुआ है. सूत्रों के अनुसार, चूड़ामणि महतो व जेम्स कुजुर ने अपना इस्तीफा मुख्यमंत्री ममता बनर्जी को सौंप दिया है. गौरतलब है कि चूड़ामणि महतो झाड़ग्राम जिले से हैं तथा पिछड़े वर्ग के नेता माने जाते हैं.
उसी तरह से जेम्स कुजुर भी अलीपुरद्वार के आदिवासी इलाके के नेता हैं, लेकिन पंचायत चुनाव में इन दोनों इलाकों में तृणमूल कांग्रेस का प्रदर्शन अच्छा नहीं रहा है, जबकि अवनी जोआरदार के पास फिलहाल कोई विभाग नहीं था. वह बीमार चल रहे थे. 2016 में दूसरी बार मुख्यमंत्री पद का शपथ लेने के बाद सुश्री बनर्जी ने राज्य मंत्रिमंडल में पहली बार फेरबदल किया है.
इस माह के अंत में सुश्री बनर्जी चीन दौरे पर जाने वाली हैं. अभी तक यह तय नहीं हुआ है कि हटाये गये मंत्रियों के बदले किन्हें नया मंत्री बनाया जायेगा, लेकिन सूत्रों का कहना है कि चीन दौरे के पहले सुश्री बनर्जी नये मंत्री के नामों की घोषणा कर देंगी. उल्लेखनीय है कि पंचायत चुनाव में खराब प्रदर्शन के कारण सोमवार को आइपीएस अधिकारियों में भारी फेरबदल किया गया था.
मंत्री ने पार्षदों को लेकर की बैठक: सूत्रों के मुताबिक, उत्तर दमदम नगरपालिका के पार्षदों को लेकर मंगलवार को एक बैठक हुई. बैठक में राज्य के खाद्य मंत्री व उत्तर 24 परगना जिला तृणमूल कांग्रेस के अध्यक्ष ज्योतिप्रिय मल्लिक, तृणमूल सांसद सौगत राय, राज्य के स्वास्थ्य विभाग की मंत्री चन्द्रिमा भट्टाचार्य, जिला पर्यवेक्षक निर्मल घोष, उत्तर दमदम के विधान मिश्रा, सुखेन मजूमदार, पार्थ भौमिक समेत अन्य कई लोग मौजूद थे. बैठक में कई विषयों पर विचार-विमर्श हुआ और उत्तर दमदम में हुई घटना की पुनरावृत्ति न हो, इसका सख्त निर्देश दिया गया.
चूड़ामणि महतो, अवनी जोआरदार व जेम्स कुजुर की मंत्रिमंडल से छुट्टी
सूत्रों के मुताबिक, नये चेयरमैन और वाइस चेयरपर्सन बनाने के साथ ही उत्तर दमदम नगरपालिका के सारे कार्यों पर निगरानी रखने के लिए एक नयी मॉनिटरिंग कमेटी भी बनायी गयी है. इस कमेटी में एक मंत्री और एक सांसद शामिल हैं. इसमें राज्य के खाद्य मंत्री ज्योतिप्रिय मल्लिक और दमदम लोकसभा के तृणमूल सांसद सौगत राय भी शामिल है.
नगरपालिका में क्या हुआ था
गत 23 मई को उत्तर दमदम नगरपालिका परिसर में जोरदार हंगामा हुआ था. तृणमूल के ही दो गुटों में विवाद के कारण पालिका परिसर में वाइस चेयरमैन शेख नजुमुद्दीन पर स्थानीय दो ठेकेदारों ने हमला किया था. इसके विरोध में वाइस चैयरमैन के समर्थकों ने हंगामा भी किया था. तृणमूल सांसद सौगत राय का भी घेराव कर प्रदर्शन किया गया था. घटना की वजह यह थी कि उत्तर दमदम नगरपालिका इलाके में तृणमूल के दो गुट हैं. बताया जाता है कि एक गुट कल्याण कर का और दूसरा शेख नजुमुद्दीन का है.
पूर्व चेयरमैन के खेमे में स्थानीय ठेकेदार विपुल मंडल और निपेन मंडल सहित तृणमूल कांग्रेस के कई स्थानीय दिग्गज नेता हैं. वहीं दूसरे खेमे में पूर्व वाइस चेयरमैन सहित कई अन्य तृणमूल नेता है. आरोप सामने आया था कि इलाके में तालाब भरने, अवैध प्रमोटिंग सहित कई अवैध कार्य चल रहे थे. मंडल गिरोह के लोगों का शेख नजुमुद्दीन ने विरोध किया था. जिस कारण नगरपालिका परिसर में ही शेख नजुमुद्दीन पर स्थानीय दो ठेकेदारों ने हमला किया था.
विज्ञापन
Prabhat Khabar Digital Desk

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola