वाराणसी में सीवर से पानी नहीं, निकलने लगीं बालू की बोरियां! क्या थी जलभराव की साजिश? CCTV खोलेगा राज
वाराणसी में सीवर लाइन से निकली बालू की बोरियां (क्रेडिट सोशल मीडिया )
UP News: वाराणसी में सीवर लाइनों से कचरे की जगह बालू से भरी बोरियां, पत्थर और लकड़ी का बुरादा निकल रहा है. इससे नगर निगम के अधिकारी हैरान हैं और जानबूझकर सीवर जाम करने की आशंका जता रहे हैं. पुलिस CCTV फुटेज खंगाल रही है.
UP News: वाराणसी में सीवर चोक होने की शिकायतों के बीच सफाई के दौरान जो सामने आया, उसने नगर निगम के अधिकारियों को भी चौंका दिया. सीवर लाइनों से कचरे की जगह बालू से भरी बोरियां, पत्थर और लकड़ी का बुरादा निकला है. शिवाला में करीब 12 बोरी बालू मिलने के बाद जानबूझकर सीवर लाइन जाम करने की आशंका जताई जा रही है. मामले में अज्ञात लोगों के खिलाफ FIR दर्ज कर पुलिस CCTV फुटेज खंगाल रही है.
सफाई के दौरान खुला मामला
शिवाला, नगवा और सरायनंदन समेत करीब आधा दर्जन वार्डों में सीवर चोक होने की शिकायतें लगातार मिल रही थीं. इसके बाद नगर निगम की टीम ने अलग-अलग इलाकों में सीवर लाइनों की सफाई शुरू की. सफाई के दौरान कर्मचारियों को सामान्य कचरे के बजाय बड़ी मात्रा में बालू, पत्थर और लकड़ी का बुरादा मिला. शिवाला की सीवर लाइन से करीब 12 बोरी बालू निकाली गई.
जानबूझकर जाम करने का शक
सीवर के अंदर इतनी बड़ी मात्रा में मलबा मिलने के बाद मामला गंभीर हो गया है. अधिकारियों को आशंका है कि किसी ने जानबूझकर सीवर लाइन में यह सामग्री डाली. इससे लाइन चोक हो सकती थी और गलियों में गंदे पानी का ओवरफ्लो होने की स्थिति बन सकती थी. हालांकि, इसका वास्तविक मकसद जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट होगा.
कई इलाकों में मिला मलबा
शिवाला के अलावा नगवा और सरायनंदन में भी सीवर की सफाई के दौरान इसी तरह की सामग्री मिली. अलग-अलग जगहों पर बालू, पत्थर और लकड़ी का बुरादा मिलने से नगर निगम ने इसे गंभीरता से लिया है. अब जांच इस बात पर केंद्रित है कि इन जगहों पर मलबा किसने डाला और क्या सभी घटनाओं के पीछे एक ही व्यक्ति या समूह है.
CCTV से होगी आरोपियों की पहचान
नगर निगम की शिकायत पर अज्ञात लोगों के खिलाफ FIR दर्ज की गई है. अब पुलिस और नगर निगम की टीमें संबंधित इलाकों में लगे CCTV कैमरों की रिकॉर्डिंग खंगाल रही हैं. अधिकारियों को उम्मीद है कि फुटेज से सीवर लाइन के आसपास संदिग्ध गतिविधियों की जानकारी मिल सकती है. CCTV जांच के बाद ही इस पूरे मामले में आगे की तस्वीर साफ होने की उम्मीद है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए