वाराणसी में जिस जल पुलिस पर सुरक्षा की जिम्मेदारी, पानी घटा तो वही थाना बाढ़ के बाद गाद-कीचड़ में डूबा
गंगा का पानी उतरने के बाद जल पुलिस थाने में जमा सिल्ट और कीचड़ (फोटो क्रेडिट सोशल मीडिया)
वाराणसी में गंगा का जलस्तर घटने के बाद दशाश्वमेध घाट पर स्थित जल पुलिस थाने की बदहाल तस्वीर सामने आई है. कीचड़ और सिल्ट से भरा यह थाना कब तक साफ हो पाएगा, यह भी एक बड़ी चिंता का विषय है.
Varanasi Flood Update: गंगा का पानी उतरने लगा है, लेकिन बाढ़ की मुश्किलें अभी खत्म नहीं हुई हैं. दशाश्वमेध घाट पर स्थित वाराणसी का जल पुलिस थाना भी बाढ़ के बाद बदहाल स्थिति में है. पानी घटने के साथ ही थाने में सिल्ट, गाद, कीचड़ और गंदगी का अंबार नजर आ रहा है.
पानी घटा, मुश्किलें नहीं
वाराणसी में गंगा का जलस्तर करीब 2 सेंटीमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से घट रहा है. पानी नीचे जाने के बाद बाढ़ का असर साफ दिखाई देने लगा है. दशाश्वमेध घाट स्थित जल पुलिस थाना पहले ही बाढ़ की चपेट में आ गया था. इसके चलते थाने को अस्थायी रूप से घाट के ऊपर शिफ्ट करना पड़ा.
थाने में जमा हुई सिल्ट और कीचड़
बाढ़ का पानी उतरने के बाद खाली पड़े जल पुलिस थाने की स्थिति बेहद खराब है. मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार परिसर में मिट्टी, सिल्ट, गाद और कीचड़ जमा है. पूरा थाना दलदल जैसा नजर आ रहा है. बाढ़ का पानी अपने साथ जो गंदगी लेकर आया था, वह पानी घटने के बाद वहीं जमा रह गई है.
सफाई में लग सकता है महीने तक का समय
नाविक शिवानंद साहनी ने बताया कि पानी घटने के बाद घाटों पर भी सिल्ट और गंदगी का ढेर लग गया है. इसकी सफाई में एक महीने से ज्यादा समय लग सकता है. उन्होंने बताया कि गंगा आरती से जुड़ी संस्था और नगर निगम मिलकर सफाई का काम करते हैं. इसे पूरा होने में करीब एक से डेढ़ महीने तक का समय लग जाता है.
फिर बढ़ सकता है पानी, घाट पुरोहितों में चिंता
घाट पुरोहित लवकुश दुबे ने बताया कि अभी गंगा का पानी दोबारा बढ़ने की आशंका बनी हुई है. इसी वजह से उन्होंने अपनी पूजा की चौकियां अभी नीचे नहीं उतारी हैं. बारिश के पूरे मौसम में घाट से जुड़े लोगों की आजीविका प्रभावित होती है. इसके बावजूद उन्हें उम्मीद है कि मां गंगा का आशीर्वाद बना रहेगा.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए