पहले साथ खेला, फिर डीजल डाला... माचिस जलते ही छह साल के बच्चे के साथ सीतापुर में हुआ खौफनाक हादसा
छह वर्षीय बालक डीजल से लगी आग में झुलसा
UP Crime News: सीतापुर में खेल-खेल में एक 15 वर्षीय किशोर ने छह साल के अफनान पर डीजल डालकर माचिस जला दी. आग लगते ही बच्चा गंभीर रूप से झुलस गया. उसका अस्पताल में इलाज चल रहा है और पुलिस मामले की जांच कर रही है.
UP Crime News: खेलने की उम्र में छह साल के मासूम को शायद अंदाजा भी नहीं था कि अगले कुछ पल उसकी जिंदगी के सबसे दर्दनाक पल बन जाएंगे. सीतापुर में किशोर के साथ खेल रहा अफनान अचानक आग की लपटों में घिर गया. आरोप है कि खेल-खेल में उसके ऊपर डीजल डालकर माचिस दिखा दी गई. आग लगते ही बच्चा चीखता हुआ बुआ के घर की ओर दौड़ा. गंभीर रूप से झुलसे अफनान को आनन-फानन में अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसका इलाज जारी है.
रास्ते में रोककर खेलने लगा किशोर
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार घटना अटरिया थाना क्षेत्र के गोधना गांव की है. गांव निवासी अफनान अपनी बुआ के घर जा रहा था. इसी दौरान गांव के ही 15 वर्षीय दानिश ने उसे रास्ते में रोक लिया. दोनों कुछ देर खेलने लगे. आरोप है कि इसी दौरान दानिश ने खेल-खेल में अफनान के ऊपर डीजल डाल दिया.
माचिस दिखाते ही भड़क उठी आग
डीजल डालने के बाद किशोर ने माचिस जला दी. आग लगते ही अफनान घबरा गया और चीखते हुए वहां से भागा. वह किसी तरह बुआ के घर पहुंचा. वहां मौजूद लोगों ने तुरंत आग बुझाई. हादसे में अफनान गंभीर रूप से झुलस गया.
सीएचसी में चल रहा इलाज, जांच में जुटी पुलिस
परिजन बच्चे को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, सिधौली लेकर पहुंचे. वहां उसका इलाज जारी है. घटना की सूचना के बाद पुलिस ने मामले की जानकारी जुटानी शुरू कर दी है. थानाध्यक्ष लाल बहादुर मिश्र ने बताया कि परिजनों की ओर से अभी कोई शिकायत नहीं की गई है. पुलिस मामले की जांच कर रही है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए