PM मोदी के जन्मदिन पर काशी से वडनगर तक निकलेगी बाइक यात्रा, 20 दिन बाद होगा समापन, 71 विधानसभा तक पहुंचेगा अभियान
PM मोदी के जन्मदिन पर काशी में खास आयोजन (AI)
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन पर 17 सितंबर से एक विशेष बाइक यात्रा का आयोजन किया जा रहा है. यह यात्रा काशी से शुरू होकर 20 दिनों में वडनगर पहुंचेगी, जिसमें 16 जिलों के 31,168 बूथों को कवर किया जाएगा.
PM Modi Birthday : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन 17 सितंबर को वाराणसी से भारतीय जनता युवा मोर्चा की बाइक यात्रा निकाली जाएगी. काशी से शुरू होने वाली यह यात्रा करीब 20 दिनों में 16 जिलों, 71 विधानसभा क्षेत्रों, 337 मंडलों और 31,168 बूथों तक पहुंचेगी. यात्रा का समापन सात अक्टूबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की जन्मभूमि वडनगर में होगा. यात्रा की शुरुआत से पहले काशी विश्वनाथ मंदिर में 10 नदियों के जल से बाबा विश्वनाथ का जलाभिषेक किया जाएगा. भाजपा इसे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की कर्मभूमि काशी और जन्मभूमि वडनगर को जोड़ने वाले राजनीतिक और सांस्कृतिक संदेश के रूप में पेश करने की तैयारी में है.
17 सितंबर से शुरू होगा सेवा संकल्प अभियान
प्रधानमंत्री मोदी के राजनीतिक जीवन के 25 वर्ष पूरे होने के मौके पर भाजपा काशी क्षेत्र की ओर से 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक सेवा संकल्प अभियान चलाया जाएगा. अभियान को संगठन के 16 जिलों में बूथ स्तर तक ले जाने की योजना है. रोहनिया स्थित भाजपा काशी क्षेत्र कार्यालय में हुई बैठक में अभियान की तैयारियों को अंतिम रूप दिया गया. क्षेत्र अध्यक्ष अशोक चौरसिया ने पदाधिकारियों और क्षेत्र कार्यसमिति के सदस्यों के सामने अभियान का ब्लूप्रिंट रखा. उन्होंने सभी कार्यक्रमों को बूथ स्तर तक पहुंचाने के निर्देश दिए.
31,168 बूथों तक पहुंचेगा अभियान
भाजपा की योजना अभियान को काशी क्षेत्र के 16 जिलों, 71 विधानसभा क्षेत्रों, 337 मंडलों और 31,168 बूथों तक पहुंचाने की है. बूथ स्तर पर 'आशीर्वाद का दीया' कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा. इसमें पार्टी कार्यकर्ताओं के अलावा युवाओं, महिलाओं और विभिन्न सरकारी योजनाओं के लाभार्थियों को भी शामिल करने की तैयारी है.
स्कूलों में होगा विकसित भारत को लेकर कार्यक्रम
अभियान के तहत स्कूलों में 'सपनों का भारत' कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा. इसमें विकसित भारत के संकल्प को लेकर विभिन्न गतिविधियां और भाषण प्रतियोगिताएं करायी जाएंगी.वहीं, गांवों में ग्राम चौपाल और सीधा संवाद कार्यक्रम के जरिये लोगों से संपर्क किया जाएगा. इसके माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों में सरकार की योजनाओं और विकसित भारत के संकल्प को लेकर संवाद करने की तैयारी है.
अभियान में होंगे 13 प्रमुख कार्यक्रम
क्षेत्र अध्यक्ष अशोक चौरसिया के मुताबिक, एक महीने तक चलने वाले सेवा संकल्प अभियान के तहत कुल 13 प्रमुख कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे. इनमें नमो सेवा गाथा, आंगन का उत्सव, कहानी बदलाव की, विकसित भारत संकल्प यात्रा, सेवा ज्योति यात्रा, वडनगर से वाराणसी यात्रा, सेवा मेरा योगदान, सेवा सेतु अभियान, रंगोली राष्ट्र एवं घर-घर से राष्ट्र तक, राष्ट्रीय इनोवेशन चैलेंज और जनसेवा महाकुंभ प्रमुख हैं.
काशी से वडनगर तक जाएगा राजनीतिक-सांस्कृतिक संदेश
भाजपा की ओर से प्रस्तावित बाइक यात्रा को अभियान का प्रमुख कार्यक्रम माना जा रहा है. 17 सितंबर को काशी से शुरू होकर यह यात्रा विभिन्न जिलों और विधानसभा क्षेत्रों से होते हुए सात अक्टूबर को वडनगर पहुंचेगी. भाजपा के मुताबिक, यात्रा के जरिए संगठनात्मक गतिविधियों को मजबूत करने के साथ ही व्यापक जनसंपर्क अभियान चलाया जाएगा. इसमें युवाओं की भागीदारी पर विशेष जोर रहेगा.
Also Read : गोंडा जाने निकले अजय राय, रास्ते में अचानक पुलिस ने रोका... फिर थाने ले गई, जानें क्या है पूरा मामला
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए