कोडवर्ड में बातचीत, गजवा-ए-हिंद का प्लान! 19 साल के नबील को UP ATS ने किया गिरफ्तार, खौफनाक साजिश का खुलासा
मोहम्मद नबील आतंकवादी साज़िश का पर्दाफाश।
UP News: यूपी एटीएस ने आजमगढ़ से 19 साल के मोहम्मद नबील को गिरफ्तार किया है. उस पर अल-कायदा इन इंडियन सब-कॉन्टिनेंट (AQIS) की विचारधारा फैलाने और युवाओं को जोड़ने का आरोप है. पाकिस्तान, तुर्की और बांग्लादेश जाकर ट्रेनिंग लेने की योजना का भी खुलासा हुआ है.
UP News: उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ में यूपी एटीएस ने 19 वर्षीय मोहम्मद नबील को गिरफ्तार किया है. एटीएस का आरोप है कि नबील प्रतिबंधित आतंकी संगठन अल-कायदा इन इंडियन सब-कॉन्टिनेंट (AQIS) की विचारधारा को आगे बढ़ा रहा था और सोशल मीडिया के जरिए युवाओं को अपने नेटवर्क से जोड़ने की कोशिश कर रहा था. जांच में पाकिस्तान, तुर्की और बांग्लादेश जाकर कथित तौर पर ट्रेनिंग लेने की योजना से जुड़ी बातें भी सामने आने का दावा किया गया है.
सोशल मीडिया और WhatsApp ग्रुप के जरिए नेटवर्क चलाने का आरोप
यूपी एटीएस के मुताबिक, नबील सोशल मीडिया और WhatsApp ग्रुप के जरिए दूसरे लोगों के संपर्क में था. इन ग्रुप में कथित तौर पर कोडवर्ड का इस्तेमाल कर बातचीत की जाती थी. जांच एजेंसी का कहना है कि इन ऑनलाइन समूहों में भारत के अलावा बांग्लादेश, म्यांमार और सऊदी अरब समेत दूसरे देशों के लोग भी जुड़े हुए थे. एटीएस का आरोप है कि नबील AQIS से जुड़ी विचारधारा का प्रचार कर रहा था और युवाओं को कट्टरपंथी विचारधारा की ओर प्रभावित करने की कोशिश कर रहा था. उसके मोबाइल और ऑनलाइन गतिविधियों की भी जांच की जा रही है.
पाकिस्तान, तुर्की और बांग्लादेश जाने की योजना का दावा
जांच के दौरान एटीएस ने दावा किया कि नबील पाकिस्तान, तुर्की और बांग्लादेश जाने की योजना बना रहा था. एजेंसी के मुताबिक, इन देशों में जाकर कथित तौर पर आतंकी ट्रेनिंग लेने को लेकर बातचीत हुई थी. एटीएस ने यह भी दावा किया है कि नबील के ऑनलाइन संपर्कों में बम बनाने से जुड़ी सामग्री और पोटैशियम नाइट्रेट हासिल करने को लेकर बातचीत के साक्ष्य मिले हैं. इन सभी बिंदुओं की जांच एजेंसी आगे पड़ताल कर रही है.
‘गजवा-ए-हिंद’ की साजिश से जोड़कर जांच
एटीएस के मुताबिक, नबील और उसके संपर्कों से जुड़ी जांच में पाकिस्तान के साथ मिलकर कथित तौर पर ‘गजवा-ए-हिंद’ की साजिश से संबंधित बातचीत का भी पता चला है. एजेंसी अब उसके ऑनलाइन नेटवर्क और संपर्क में रहे दूसरे लोगों की भूमिका की जांच कर रही है.
परिवार के साथ रहता था नबील
स्थानीय लोगों के मुताबिक नबील शांत स्वभाव का था और अपनी मां के साथ रहता था. उसके पिता दानिश अंसारी सऊदी अरब में रहते हैं. नबील ने सरायमीर क्षेत्र के एक मदरसे में पढ़ाई की थी और हिफ्ज की पढ़ाई पूरी की थी. मदरसे से लौटने के बाद वह उर्दू में वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर पोस्ट करता था. स्थानीय लोगों के अनुसार वह मोहल्ले की मस्जिद में भी जाता था और बच्चों को तालीम देता था.
गिरफ्तारी के बाद मायके चली गई मां
नबील की गिरफ्तारी के बाद उसकी मां अपनी दो बेटियों के साथ फूलपुर स्थित मायके चली गई. पड़ोसियों के मुताबिक परिवार में नबील के अलावा उसकी मां, दो बहनें और दादा-दादी रहते थे. उसके दादा की आंखों की रोशनी नहीं है.
अधिकारी बोले- पहले कोई आपराधिक मामला नहीं था
अधिकारियों के मुताबिक नबील का आजमगढ़ में पहले से कोई आपराधिक इतिहास सामने नहीं आया था और उसके खिलाफ जिले में पहले कोई मामला दर्ज नहीं था. अब एटीएस उसके ऑनलाइन संपर्कों, सोशल मीडिया गतिविधियों और कथित नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की जांच कर रही है.
Also Read:गाड़ी तेज चलाई तो घरवालों के फोन पर पहुंचेगा मैसेज! शामली के 10वीं के छात्र ने बनाया गजब का ऐप
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए