World Tourism Day पर UP में धमाका, नीम करौली बाबा के भक्तों के लिए 50% छूट, जन्मस्थान से वृंदावन तक 3 दिन का स्पेशल टूर
जन्मस्थान से वृंदावन तक 3 दिन का स्पेशल टूर
UP Tourism: उत्तर प्रदेश पर्यटन विभाग ने विश्व पर्यटन दिवस के मौके पर नीम करौली बाबा से जुड़े स्थलों की यात्रा के लिए एक विशेष तीन दिवसीय टूर पैकेज शुरू किया है. यह 25 से 27 सितंबर तक उपलब्ध है और इसमें 50% की छूट दी जा रही है.
UP Tourism: विश्व पर्यटन दिवस के मौके पर उत्तर प्रदेश पर्यटन विभाग ने नीब करौरी बाबा से जुड़े प्रमुख स्थलों को जोड़ते हुए तीन दिवसीय विशेष टूर पैकेज शुरू किया है. यूपीएसटीडीसी की ओर से शुरू किए गए इस पैकेज के तहत पर्यटकों को बाबा की जन्मस्थली, आश्रम, समाधि स्थल और कई प्रमुख धार्मिक एवं ऐतिहासिक स्थलों की यात्रा कराई जाएगी. यह पैकेज 25 से 27 सितंबर तक उपलब्ध रहेगा.
16,500 की जगह 8,500 रुपये में यात्रा
विशेष टूर पैकेज की कीमत 8,500 रुपये निर्धारित की गई है, जबकि इसकी सामान्य कीमत 16,500 रुपये बताई गई है. यानी विश्व पर्यटन दिवस के अवसर पर पर्यटकों को करीब 50 फीसदी की छूट दी जा रही है. पैकेज में डबल शेयरिंग के आधार पर एसी आवास, भोजन, हाई टी, टूर गाइड और विभिन्न स्थलों के प्रवेश शुल्क जैसी सुविधाएं शामिल हैं.
लखनऊ से शुरू होगा सफर, पहुंचेंगे बाबा की जन्मभूमि
यात्रा की शुरुआत लखनऊ से होगी. पहले दिन पर्यटकों को फर्रुखाबाद स्थित नीब करौरी बाबा आश्रम ले जाया जाएगा. इसके बाद सांकेसा में अशोक स्तंभ, बौद्ध स्तूप और प्राचीन बौद्ध अवशेषों एवं मठों का भ्रमण कराया जाएगा. दूसरे दिन यात्रा फिरोजाबाद के अकबरपुर गांव पहुंचेगी, जिसे नीब करौरी बाबा की जन्मस्थली बताया गया है.
मथुरा-वृंदावन में धार्मिक स्थलों का भी भ्रमण
अकबरपुर के बाद टूर मथुरा और वृंदावन की ओर बढ़ेगा. मथुरा में श्रीकृष्ण जन्मभूमि और द्वारकाधीश मंदिर के दर्शन कराए जाएंगे, जबकि शाम को पर्यटक वृंदावन के प्रेम मंदिर जाएंगे. अंतिम दिन वृंदावन में बाबा की आध्यात्मिक विरासत से जुड़े स्थलों का भ्रमण होगा. इसमें बाबा का समाधि स्थल, बांके बिहारी मंदिर और इस्कॉन मंदिर शामिल हैं. इसके बाद यात्री लखनऊ लौटेंगे.
यूपी कनेक्शन को सामने लाने की कोशिश
यूपीएसटीडीसी के चेयरमैन अमृत अभिजात के मुताबिक, नीब करौरी बाबा की आध्यात्मिक विरासत के बारे में काफी चर्चा है, लेकिन उत्तर प्रदेश से उनके जुड़ाव की जानकारी अपेक्षाकृत कम लोगों को है. पर्यटन विभाग इसी कनेक्शन को यात्रियों के सामने लाने की कोशिश कर रहा है. विभाग के मुताबिक, पहले शुरू किए गए बाबा से जुड़े टूर पैकेजों को अच्छा रिस्पॉन्स मिला और बड़ी संख्या में लोगों ने जानकारी के लिए संपर्क किया. इच्छुक यात्री 9149099890 और 8303019844 पर संपर्क कर सकते हैं.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए