जन्मदिन की मोमबत्ती जलाने से पहले बुझ गया घर का चिराग, हाथरस में केक लेने गए 12 साल के मासूम की पिकअप की टक्कर से मौत
जन्मदिन की खुशियां मातम में बदलीं
हाथरस के हाथरस जिले के सादाबाद क्षेत्र में एक 12 वर्षीय किशोर की जन्मदिन के दिन ही सड़क हादसे में दर्दनाक मौत हो गई. वरुण चौधरी अपने दोस्त के साथ केक लेने गया था, तभी तेज रफ्तार पिकअप ने उनकी स्कूटी को टक्कर मार दी.
UP Road Accident: उत्तर प्रदेश के हाथरस जिले के सादाबाद क्षेत्र में जन्मदिन के ही दिन एक दर्दनाक सड़क हादसे ने 12 वर्षीय किशोर की जिंदगी छीन ली. गणेश कॉलोनी निवासी वरुण चौधरी अपने जन्मदिन को लेकर बेहद उत्साहित था और दोस्त के साथ स्कूटी से केक व सजावट का सामान लेने गया था. लौटते समय एक तेज रफ्तार पिकअप/लोडर टेंपो ने उनकी स्कूटी को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे यह दुखद हादसा हो गया.
हादसे में गंभीर घायल हुआ वरुण
टक्कर इतनी तेज थी कि स्कूटी सवार दोनों बच्चे उछलकर दूर जा गिरे. हादसे में वरुण गंभीर रूप से घायल हो गया. दुर्घटना देखकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी. जानकारी मिलने पर परिजन भी घटनास्थल पर पहुंचे और वरुण को तत्काल इलाज के लिए अस्पताल ले जाने लगे, लेकिन रास्ते में ही उसकी सांसें थम गईं. अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया.
जन्मदिन की खुशियां मातम में बदलीं
जिस दिन घर में वरुण के जन्मदिन की खुशियां मनाने की तैयारी थी, उसी दिन उसकी मौत की खबर से परिवार में कोहराम मच गया. परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. हादसे के बाद आसपास के लोग भी परिवार को सांत्वना देने पहुंचे. आवश्यक कार्रवाई के बाद किशोर के शव को परिजनों को सौंप दिया गया, जिसके बाद उसे पैतृक गांव ले जाकर गमगीन माहौल में अंतिम संस्कार किया गया.
फरार चालक की तलाश में जुटी पुलिस
हादसे के बाद पिकअप/लोडर टेंपो चालक वाहन लेकर मौके से फरार हो गया. पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और वाहन व चालक के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है. हादसा किन परिस्थितियों में हुआ और चालक की स्थिति क्या थी, यह पुलिस की जांच पूरी होने के बाद स्पष्ट होगा.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए