"एक मुलाकात ने बदल दी पूरी कहानी…" पहली पत्नी से मिलने लगा पति, दूसरी ने प्रेमी संग रची हत्या की साजिश, लखनऊ में ऐसे खुला खौफनाक राज
लखनऊ में हत्या की साजिश का खुलासा
UP Crime News: एक तांगा चालक की हत्या ने रिश्तों में बढ़ते विवाद पर सवाल खड़े कर दिए हैं. पुलिस जांच में पत्नी, उसके प्रेमी और एक साथी की गिरफ्तारी हुई है. सीसीटीवी फुटेज ने इस खौफनाक राज को खोला.
UP Crime News: उत्तर प्रदेश की राजधानी में एक ऐसी वारदात सामने आई है, जिसने रिश्तों के बीच बढ़ते विवाद को लेकर कई सवाल खड़े कर दिए हैं. दुबग्गा के तांगा चालक रामकिशोर वाल्मीकि की हत्या के मामले में पुलिस ने उसकी दूसरी पत्नी सूफिया बानो, उसके प्रेमी मुन्ना और साथी मो. इकबाल को गिरफ्तार किया है. पुलिस के मुताबिक, रामकिशोर अपनी पहली पत्नी से दोबारा मिलने लगा था और उसे खर्च भी देने लगा था. दूसरी पत्नी को यह बात नागवार गुजरी, जिसके बाद प्रेमी और उसके साथी के साथ मिलकर हत्या की साजिश रचने का आरोप है.
180 सीसीटीवी फुटेज से खुली हत्या की गुत्थी
डीसीपी दक्षिणी मो. मुश्ताक के अनुसार, रामकिशोर की शिनाख्त होने के बाद उसकी पहली पत्नी कविता देवी ने बिजनौर निवासी सूफिया बानो और अज्ञात के खिलाफ हत्या व साक्ष्य छिपाने की धाराओं में एफआईआर दर्ज कराई थी. पुलिस ने जांच के दौरान करीब 170 से 180 CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली. फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने सूफिया, मुन्ना और मो. इकबाल को गिरफ्तार किया.
दूसरी पत्नी के संबंध मुन्ना से होने का पुलिस का दावा
रामकिशोर की दूसरी पत्नी सूफिया के संबंध मुन्ना से हो गए थे. जब रामकिशोर को इसकी जानकारी हुई तो दोनों के बीच विवाद होने लगा. इसी दौरान रामकिशोर अपनी पहली पत्नी कविता देवी के पास दोबारा जाने लगा और उसे खर्च भी देने लगा. इसी बात को लेकर सूफिया ने मुन्ना और उसके दोस्त मो. इकबाल के साथ मिलकर हत्या की साजिश रची.
सोते समय चाकू से गला रेता, शव बक्से में छिपाया
पुलिस के अनुसार, मंगलवार रात सूफिया ने मुन्ना और इकबाल को घर बुलाया और दरवाजा खुला छोड़ दिया. देर रात दोनों घर पहुंचे, उस समय रामकिशोर सो रहा था. आरोप है कि दोनों ने चाकू से उसका गला रेतकर हत्या कर दी. इसके बाद कमरे में फैले खून के निशान मिटाने की कोशिश की गई और शव को लकड़ी के बक्से में रखकर बिस्तर के नीचे छिपा दिया गया. बाद में शव को ई-रिक्शा लोडर में रखकर मोहनलालगंज के भावाखेड़ा इलाके में नहर के पास फेंक दिया गया.
25 हजार रुपये का लालच देकर बनाया साथी
पुलिस के मुताबिक, सूफिया और मुन्ना ने मो. इकबाल को हत्या में शामिल होने के लिए 25 हजार रुपये देने का लालच दिया था. पुलिस ने मामले में एक नाबालिग ई-रिक्शा चालक को भी पकड़ा है. पुलिस के अनुसार, उसकी मदद से शव को ठिकाने लगाया गया. उसकी निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल चाकू और ई-रिक्शा लोडर भी बरामद किया गया है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए