अब सिर्फ 3 घंटे में आपके घर पहुंचेगा LPG सिलेंडर, इंडियन ऑयल ने वाराणसी से शुरू की खास सुविधा
वाराणसी में 3 घंटे में LPG डिलीवरी की नई सुविधा (AI)
UP News: इंडियन ऑयल ने एलपीजी सिलेंडर की डिलीवरी को तेज करने के लिए एक नई सेवा शुरू की है. वाराणसी से शुरू हुई इस सुविधा के तहत, बुकिंग के तीन घंटे के भीतर कंपोजिट एलपीजी सिलेंडर उपभोक्ता के घर पहुंचाया जाएगा. यह हल्का, जंग-मुक्त और पारदर्शी सिलेंडर गैस की बची मात्रा देखने में भी सहायक है.
UP News: एलपीजी सिलेंडर की डिलीवरी के लिए अब उपभोक्ताओं को ज्यादा इंतजार नहीं करना पड़ेगा. इंडियन ऑयल ने तेजी से गैस आपूर्ति के लिए फास्ट ट्रैक लॉजिस्टिक्स कंपोजिट LPG सिलेंडर सेवा शुरू की है. कंपनी के मुताबिक, बुकिंग के तीन घंटे के भीतर सिलेंडर उपभोक्ता के घर पहुंचाया जाएगा. फिलहाल इस सुविधा की शुरुआत वाराणसी से की गई है.
हल्का और पारदर्शी है कंपोजिट सिलेंडर
इंडियन ऑयल के कार्यकारी निदेशक एवं राज्य प्रमुख संजय भंडारी ने बताया कि कंपोजिट सिलेंडर पारंपरिक स्टील सिलेंडर के मुकाबले हल्का, जंग-मुक्त और आधुनिक डिजाइन वाला है. इसकी पारदर्शी बॉडी के कारण उपभोक्ता सिलेंडर के बाहर से ही बची हुई गैस की मात्रा देख सकेंगे. इससे सिलेंडर में गैस खत्म होने का अनुमान लगाना आसान होगा.
मॉड्यूलर किचन के लिए भी उपयोगी
कंपनी के मुख्य महाप्रबंधक (LPG) भोद्रो लाकरा के अनुसार, यह सुविधा खास तौर पर कामकाजी लोगों, छात्रों और ऐसे उपभोक्ताओं के लिए उपयोगी होगी, जिन्हें तुरंत गैस की जरूरत पड़ती है. कंपोजिट सिलेंडर का डिजाइन मॉड्यूलर किचन के हिसाब से तैयार किया गया है. इसके इस्तेमाल से रसोई के फर्श पर दाग-धब्बे पड़ने की समस्या भी कम होने का दावा किया गया है.
बिना किसी मासिक सीमा के करा सकेंगे बुकिंग
इंडियन ऑयल के मुताबिक, इस सिलेंडर को लेने या रिफिल कराने के लिए उपभोक्ताओं पर किसी तरह की मासिक या वार्षिक सीमा नहीं होगी. जरूरत के अनुसार ग्राहक कभी भी इसकी बुकिंग करा सकेंगे. इंडेन एक्स्ट्रालाइट नाव सिलेंडर की बुकिंग इंडियन ऑयल के IndianOil ONE App के जरिए ऑनलाइन या नजदीकी इंडेन गैस एजेंसी से की जा सकती है.
इन उपभोक्ताओं को मिलेगा ज्यादा फायदा
फास्ट ट्रैक लॉजिस्टिक्स कंपोजिट LPG सिलेंडर सेवा अपार्टमेंट, हाउसिंग सोसायटी, हॉस्टल, ट्रांसफरेबल कर्मचारियों और छोटे व्यवसायों के लिए खास तौर पर उपयोगी होगी. कंपनी का कहना है कि तीन घंटे के भीतर डिलीवरी मिलने से ऐसे उपभोक्ताओं को जरूरत के समय एलपीजी सिलेंडर उपलब्ध कराने में आसानी होगी.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में
By Khushboo Kumari
खुशबू कुमारी पिछले तीन वर्षों से पत्रकारिता और डिजिटल मीडिया के क्षेत्र में सक्रिय हैं और वर्तमान में प्रभात खबर में डिजिटल कंटेंट राइटर के रूप में कार्यरत हैं. उन्होंने पटना विमेंस कॉलेज, से मास कम्युनिकेशन में स्नातक किया है तथा वर्तमान में इग्नू से मास्टर ऑफ आर्ट्स (मास कम्युनिकेशन एंड डिजिटल मीडिया) की पढ़ाई कर रही हैं. उन्हें जनहित से जुड़ी खबरों, डिजिटल पत्रकारिता, समाचार लेखन, फोटोग्राफी, वीडियो एडिटिंग और ग्राफिक डिजाइन में विशेष रुचि है. वे राजनीति, शिक्षा, प्रशासन, सामाजिक मुद्दों, अपराध और जनसरोकार से जुड़े विषयों पर शोधपरक, तथ्यपरक और पाठकों के लिए उपयोगी डिजिटल कंटेंट तैयार करती हैं. उनका उद्देश्य पाठकों तक विश्वसनीय, स्पष्ट और प्रभावी जानकारी पहुंचाना है, ताकि समाचार केवल सूचना का माध्यम न होकर समाज के लिए उपयोगी साबित हों.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










