Good News कानपुर में जाम से मिलेगी राहत, पुराने गंगा पुल के पास बन रहा नया 4-लेन सेतु, जानें पूरा प्लान
कानपुर में पुराने गंगा पुल के पास बन रहा नया 4-लेन सेतु
Kanpur Unnao connectivity: कानपुर और उन्नाव के बीच आवागमन को सुगम बनाने के लिए नए फोर लेन गंगा पुल का निर्माण तेजी से चल रहा है. 2028 तक पूरा होने की उम्मीद वाले इस प्रोजेक्ट की ताजा प्रगति जानें.
Kanpur Unnao connectivity: कानपुर और उन्नाव के बीच आवागमन को बेहतर बनाने के लिए पुराने गंगा पुल के पास नए फोर लेन सेतु का निर्माण कराया जा रहा है. करीब 235 करोड़ रुपये की लागत वाली इस परियोजना का लगभग 15 प्रतिशत काम पूरा हो चुका है. निर्माण कार्य फरवरी 2026 में शुरू हुआ था और इसे फरवरी 2028 तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है. कानपुर के जिलाधिकारी जितेंद्र प्रताप सिंह ने निर्माणाधीन पुल का निरीक्षण कर परियोजना की प्रगति और आगे की कार्ययोजना की जानकारी ली.
1,196 मीटर लंबा और 20 मीटर चौड़ा होगा पुल
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने जिलाधिकारी को बताया कि प्रस्तावित फोर लेन सेतु की कुल लंबाई 1,196 मीटर और चौड़ाई 20 मीटर होगी. परियोजना के तहत कुल 24 पिलर बनाए जाने हैं. इनमें से 14 पिलर पर प्रारंभिक संरचनात्मक कार्य किया जा चुका है. जिलाधिकारी ने पिलर निर्माण समेत परियोजना की मौजूदा भौतिक प्रगति की समीक्षा की.
गंगा का जलस्तर घटते ही तेज होगा निर्माण
फिलहाल गंगा का जलस्तर बढ़ा होने के कारण नदी क्षेत्र में निर्माण कार्य प्रभावित हो रहा है. जिलाधिकारी ने राज्य सेतु निगम के अधिकारियों को निर्देश दिया कि जलस्तर सामान्य होते ही पर्याप्त संसाधन और मैनपावर लगाकर निर्माण कार्य में तेजी लाई जाए. उन्होंने निर्माण की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान देने और परियोजना को निर्धारित समयसीमा में पूरा करने के निर्देश दिए.
2021 से बंद है पुराना गंगा पुल
पुराना गंगा पुल कानपुर की पहचान और हेरिटेज का हिस्सा रहा है. क्षतिग्रस्त होने के कारण वर्ष 2021 से इस पुल पर आवागमन बंद है. इसके चलते कानपुर से शुक्लागंज और उन्नाव होते हुए लखनऊ जाने वाले लोगों के लिए जाजमऊ गंगापुल प्रमुख विकल्प बना हुआ है. पुराने पुल के पास बन रहा नया फोर लेन सेतु तैयार होने के बाद मध्य कानपुर से शुक्लागंज और उन्नाव की ओर आवागमन आसान होने की उम्मीद है.
750 करोड़ की दूसरी परियोजना
नए फोर लेन सेतु के तैयार होने के बाद मध्य कानपुर से शुक्लागंज और उन्नाव की ओर आने-जाने में सुविधा होगी. इसके साथ ही शुक्लागंज और उन्नाव होते हुए लखनऊ की ओर जाने वाले यातायात को भी बेहतर कनेक्टिविटी मिलने की उम्मीद है. कानपुर और उन्नाव के बीच कनेक्टिविटी मजबूत करने के लिए ट्रांस गंगा क्षेत्र में करीब 750 करोड़ रुपए की लागत से एक अन्य पुल परियोजना पर भी काम किया जा रहा है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए