लखनऊ में छात्रों पर जानलेवा हमला, फ्लैट में घुसकर गला दबाया, पिस्टल दिखाकर लूटा ब्रेसलेट

फ्लैट में घुसकर छात्रों पर हमला और लूटपाट का मामला ( AI सांकेतिक तस्वीर)
UP Crime News: लखनऊ के चिनहट में छात्रों पर दबंगों ने हमला कर दिया. हमलावरों ने न केवल छात्रों को पीटा, बल्कि फ्लैट में घुसकर गला दबाया, धारदार हथियार से वार किया और पिस्टल की नोक पर करीब दो लाख रुपये का सोने का ब्रेसलेट लूट लिया. पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.
UP Crime News: लखनऊ के चिनहट थाना क्षेत्र स्थित अयांश मेंशन में रहने वाले छात्रों पर दबंग युवकों द्वारा हमला करने का मामला सामने आया है. आरोप है कि हमलावरों ने पहले छात्रों के साथ मारपीट की, फिर फ्लैट में घुसकर गला दबाया, धारदार हथियार से हमला किया और पिस्टल के बल पर करीब दो लाख रुपये का सोने का ब्रेसलेट लूट लिया. पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने नामजद आरोपियों समेत अन्य के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.
पहले सड़क पर मारपीट, फिर फ्लैट में घुसकर हमला
पीड़ित तलहा मोबीन ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि 20 जुलाई की रात करीब 8 से 9 बजे के बीच रुद्र प्रताप सिंह उर्फ बिहारी, मेघराज गिरी, आयुष रघुवंशी, साजिल, शुभम और उनके अन्य साथियों ने उसके दोस्तों प्रिंस और राज को रास्ते में रोक लिया. आरोपियों ने गाली-गलौज करते हुए दोनों के साथ मारपीट शुरू कर दी. जान बचाकर दोनों छात्र फ्लैट की ओर भागे तो आरोपी भी उनके पीछे पहुंच गए.
गला दबाया, पिस्टल तानी और ब्रेसलेट लूट लिया
तहरीर के मुताबिक, आरोपी लाठी-डंडों के साथ फ्लैट में घुस गए और सीढ़ियों पर छात्र हर्षित को पकड़कर उसका गला दबाया. उस पर धारदार हथियार से हमला कर जान से मारने की कोशिश की गई. शोर सुनकर बाहर आए कृष्ण मोहन यादव पर भी एक आरोपी ने पिस्टल तान दी. इसी दौरान आरोपियों ने हर्षित को धमकाकर उसके हाथ से करीब दो लाख रुपये कीमत का सोने का ब्रेसलेट छीन लिया और मौके से फरार हो गए.
हॉस्टल के बाहर दोबारा किया हमला
तलहा ने बताया कि घटना की जानकारी मिलने के बाद वह अपने दोस्तों के साथ बॉयज हॉस्टल जा रहा था. आरोप है कि रास्ते में आरोपी उनका पीछा करते रहे. हॉस्टल गेट पर पहुंचते ही एक कार और दो से अधिक मोटरसाइकिलों से पहुंचे आरोपियों ने दोबारा हमला कर दिया. इस दौरान गाली-गलौज के साथ प्लाईवुड के टुकड़ों से भी वार किया गया और जान से मारने की धमकी दी गई.
पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा
मामले में चिनहट पुलिस ने पीड़ित की शिकायत पर नामजद आरोपियों समेत अन्य लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली है. इंस्पेक्टर दिनेश मिश्रा ने बताया कि मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की तलाश की जा रही है और मामले की जांच जारी है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में
By Komal Agarwal
कोमल अग्रवाल पिछले तीन वर्षों से पत्रकारिता और डिजिटल मीडिया के क्षेत्र में सक्रिय हैं और वर्तमान में प्रभात खबर में डिजिटल पत्रकार के रूप में कार्यरत हैं. वे डिजिटल मीडिया के क्षेत्र में सक्रिय हैं और विभिन्न विषयों पर समाचार एवं लेख लिखती हैं. इससे पहले उन्होंने प्रिंट और डिजिटल मीडिया में इंटर्नशिप एवं कार्य अनुभव प्राप्त किया है, जहां उन्होंने रिपोर्टिंग, कंटेंट राइटिंग, सोशल मीडिया मैनेजमेंट और वीडियो एडिटिंग जैसे क्षेत्रों में काम किया. उन्होंने पटना विमेंस कॉलेज से जनसंचार एवं पत्रकारिता की पढ़ाई की है. कोमल तथ्यपरक, विश्वसनीय और पाठक-केंद्रित पत्रकारिता में विश्वास रखती हैं तथा सरल, सटीक और प्रभावी समाचार लेखन को प्राथमिकता देती हैं.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










