शादी के तीन महीने बाद उजड़ा पत्नी का सुहाग, रायबरेली में तालाब में डूबने से युवक की मौत
तालाब में डूबने से युवक की मौत (क्रेडिट सोशल मीडिया)
UP News: उत्तर प्रदेश के रायबरेली में एक दुखद घटना हुई, जहाँ शौच के लिए तालाब गए 30 वर्षीय युवक की डूबने से मौत हो गई. यह घटना तब और भी मार्मिक हो जाती है जब पता चलता है कि युवक की शादी महज तीन महीने पहले ही हुई थी.
UP News: उत्तर प्रदेश के रायबरेली जिले में मंगलवार शाम तालाब में डूबने से 30 वर्षीय युवक की मौत हो गई. युवक शौच के लिए तालाब की ओर गया था, इसी दौरान पैर फिसलने से वह गहरे पानी में चला गया. ग्रामीणों ने देर रात तक उसकी तलाश की, लेकिन सफलता नहीं मिली. बुधवार सुबह करीब 10 बजे उसका शव तालाब से बरामद किया गया. युवक की शादी महज तीन महीने पहले हुई थी, जिससे परिवार में मातम छा गया.
शौच के लिए तालाब की ओर गया था युवक
जायस कस्बे के पूरे हकीम मोहल्ला निवासी राम पियारे का छोटा बेटा नन्द लाल प्रजापति मंगलवार को नाग पंचमी (गुड़िया) का त्योहार मनाने अपनी ससुराल गया था. शाम करीब पांच बजे वह पत्नी कमलेश कुमारी को वहीं छोड़कर अकेले घर लौट आया. इसके करीब दो घंटे बाद शाम सात बजे वह घर के पास स्थित तालाब की ओर शौच के लिए गया था. बताया गया कि तालाब के पास पहुंचने के दौरान अचानक उसका पैर फिसल गया और वह गहरे पानी में जा गिरा. हादसे की जानकारी मिलते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और पानी में उतरकर युवक की तलाश शुरू की. देर रात तक ग्रामीण उसे खोजते रहे, लेकिन उसका कोई पता नहीं चल सका.
सुबह तालाब से निकाला गया शव
बुधवार सुबह ग्रामीणों ने दोबारा तालाब में तलाश शुरू की करीब 10 बजे कड़ी मशक्कत के बाद नन्द लाल का शव पानी से बाहर निकाला जा सका. घटना की सूचना मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंची और शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया.
तीन महीने पहले हुई थी शादी
नन्द लाल की शादी इसी साल 10 मई को कमलेश कुमारी के साथ हुई थी. शादी के महज तीन महीने बाद पति की मौत की खबर सुनकर पत्नी बदहवास हो गई. ससुराल पहुंचने के बाद वह लगातार रोती रही और कई बार बेहोश होने की बात सामने आई. मृतक की मां बिमला देवी, बड़े भाई दिनेश प्रजापति समेत परिवार के अन्य सदस्यों का भी रो-रोकर बुरा हाल है.
राजस्व टीम ने की मौके पर जांच
हादसे की जानकारी मिलने के बाद राजस्व टीम भी मौके पर पहुंची और घटना की जांच की. तहसीलदार अभिषेक यादव ने बताया कि राजस्व टीम को मौके पर भेजकर जांच कराई गई है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद नियमानुसार पीड़ित परिवार को शासन की ओर से मिलने वाली आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने की कार्रवाई की जाएगी.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए









