UP News : विपक्ष का एजेंडा ‘फूट डालो और हुकूमत करो’, बोले योगी आदित्यनाथ
Published by : Amitabh Kumar Updated At : 18 Oct 2025 11:20 AM
सीएम योगी आदित्यनाथ
UP News : अटल कन्वेंशन सेंटर में प्रदेश स्तरीय कार्यशाला में सीएम योगी ने विपक्ष पर तीखा प्रहार किया. उन्होंने कहा कि कांग्रेस-सपा आज भी अंग्रेजों की नीति अपना रही हैं.
UP News : मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने विपक्षी दलों पर करारा हमला बोलते हुए कहा कि कांग्रेस, समाजवादी पार्टी और इंडी गठबंधन अंग्रेजों की “फूट डालो और राज करो” की नीति को आज भी अपनाए हुए हैं. उन्होंने कहा कि जब भाजपा ‘एक भारत श्रेष्ठ भारत’ के संकल्प के साथ देश की एकता को मजबूत करने में जुटी है, तब विपक्ष समाज को जाति, मजहब और क्षेत्र के नाम पर तोड़ने की राजनीति कर रहा है.
राजधानी के अटल कन्वेंशन सेंटर में सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती समारोह अभियान के तहत आयोजित प्रदेश स्तरीय कार्यशाला को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि भारत की अखंडता और एकता लौह पुरुष सरदार पटेल के त्याग और दूरदृष्टि का परिणाम है. उन्होंने कहा, “जब देश आजाद हो रहा था, तब अंग्रेज भारत को कई हिस्सों में बांटने की साजिश कर रहे थे, लेकिन सरदार पटेल ने अपनी दृढ़ इच्छाशक्ति से 563 रियासतों को भारत गणराज्य में मिलाकर अखंड भारत की नींव रखी.”
सीएम योगी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में पिछले 11 वर्षों से हर वर्ष 31 अक्टूबर को राष्ट्रीय एकता दिवस के रूप में मनाया जा रहा है, ताकि देशवासी सरदार पटेल के योगदान को याद रखें और एकता का संदेश जन-जन तक पहुंचाएं.
प्रदेश में ‘रन फॉर यूनिटी’ और ‘एकता पदयात्रा’ का आयोजन
मुख्यमंत्री ने बताया कि 31 अक्टूबर को पूरे प्रदेश में ‘रन फॉर यूनिटी’ का आयोजन होगा. इसके बाद 1 नवंबर से 26 नवंबर तक हर विधानसभा क्षेत्र में 8 से 10 किलोमीटर लंबी ‘एकता पदयात्रा’ निकाली जाएगी. इसमें रिटायर्ड सैनिक, किसान, श्रमिक, एनएसएस, एनसीसी, स्काउट-गाइड और भाजपा के विभिन्न अनुशांगिक संगठन शामिल होंगे। यात्रा के दौरान ‘भारत माता की जय’, ‘वंदे मातरम’ और ‘नेता जी सुभाष चंद्र बोस अमर रहें’ के नारों से वातावरण गूंजेगा. हर दो किलोमीटर पर यात्रा का पड़ाव होगा, जहां समाज से संवाद के माध्यम से राष्ट्रीय एकता का संदेश दिया जाएगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह आयोजन केवल औपचारिकता न रह जाए, बल्कि हर कार्यकर्ता को सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करनी चाहिए.
संविधान दिवस पर युवाओं की यात्रा स्टेच्यू ऑफ यूनिटी तक
सीएम योगी ने कहा कि 26 नवंबर को संविधान दिवस मनाया जाएगा, जो बाबा साहब डॉ. भीमराव आंबेडकर को कृतज्ञता ज्ञापित करने का अवसर है. इस दिन प्रत्येक जिले से पांच युवाओं की टोली दिल्ली से गुजरात के स्टेच्यू ऑफ यूनिटी तक होने वाली पदयात्रा में शामिल होगी। यह यात्रा 26 नवंबर से 6 दिसंबर तक चलेगी, जिससे युवा पीढ़ी सरदार पटेल और बाबा साहब दोनों से प्रेरणा ले सकेगी.
विकसित भारत और स्वदेशी उत्पादों पर जोर
मुख्यमंत्री ने कहा कि 1946-47 में जो अंग्रेज भारत की एकता को तोड़ना चाहते थे, आज वही भारत ब्रिटेन को पछाड़कर चौथी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन चुका है. उन्होंने कहा कि “2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाना हर नागरिक का संकल्प होना चाहिए.” मुख्यमंत्री ने नागरिकों से अपील की कि त्योहारों में स्वदेशी उत्पादों की खरीद को प्राथमिकता दें. इससे स्थानीय कारीगरों, महिला समूहों और आत्मनिर्भर भारत अभियान को नई गति मिलेगी. उन्होंने कहा, “जब हम स्वदेशी खरीदते हैं, तो हम केवल वस्तु नहीं, बल्कि भारत की अर्थव्यवस्था को मजबूत करते हैं.”
कार्यक्रम में वरिष्ठ नेताओं की उपस्थिति
इस अवसर पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष चौधरी भूपेंद्र सिंह, संगठन महामंत्री धर्मपाल, संयोजक संजय राय, प्रदेश उपाध्यक्ष देवेश कोरी, प्रदेश मंत्री शंकर लोधी सहित बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि और कार्यकर्ता उपस्थित रहे.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Amitabh Kumar
अमिताभ कुमार झारखंड की राजधानी रांची के रहने वाले हैं और पिछले कई वर्षों से पत्रकारिता की दुनिया में सक्रिय हैं. डिजिटल न्यूज में अच्छी पकड़ है और तेजी के साथ सटीक व भरोसेमंद खबरें लिखने के लिए जाने जाते हैं. वर्तमान में अमिताभ प्रभात खबर डिजिटल में नेशनल और वर्ल्ड न्यूज पर फोकस करते हैं और तथ्यों पर आधारित खबरों को प्राथमिकता देते हैं. हरे-भरे झारखंड की मिट्टी से जुड़े अमिताभ ने अपनी शुरुआती पढ़ाई जिला स्कूल रांची से पूरी की और फिर Ranchi University से ग्रेजुएशन के साथ पत्रकारिता की पढ़ाई की. पढ़ाई के दौरान ही साल 2011 में रांची में आयोजित नेशनल गेम को कवर करने का मौका मिला, जिसने पत्रकारिता के प्रति जुनून को और मजबूत किया.1 अप्रैल 2011 से प्रभात खबर से जुड़े और शुरुआत से ही डिजिटल पत्रकारिता में सक्रिय रहे. खबरों को आसान, रोचक और आम लोगों की भाषा में पेश करना इनकी खासियत है. डिजिटल के साथ-साथ प्रिंट के लिए भी कई अहम रिपोर्ट कीं. खासकर ‘पंचायतनामा’ के लिए गांवों में जाकर की गई ग्रामीण रिपोर्टिंग करियर का यादगार अनुभव है. प्रभात खबर से जुड़ने के बाद कई बड़े चुनाव कवर करने का अनुभव मिला. 2014, 2019 और 2024 के लोकसभा चुनाव के साथ-साथ झारखंड विधानसभा चुनावों (2014, 2019 और 2024) की भी ग्राउंड रिपोर्टिंग की है. चुनावी माहौल, जनता के मुद्दे और राजनीतिक हलचल को करीब से समझना रिपोर्टिंग की खास पहचान रही है.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










