ePaper

वरिष्ठ पत्रकार विनोद वर्मा की गिरफ्तारी से जुड़ी 20 बड़ी बातें, छत्तीसगढ़ पुलिस ने किया है गिरफ्तार

Updated at : 28 Oct 2017 9:47 AM (IST)
विज्ञापन
वरिष्ठ पत्रकार विनोद वर्मा की गिरफ्तारी से जुड़ी 20 बड़ी बातें, छत्तीसगढ़ पुलिस ने किया है गिरफ्तार

गाजियाबाद / रायपुर : बीबीसी और अमर उजाला में वरिष्ठ पदों पर रह चुके पत्रकार विनोद वर्मा को छत्तीसगढ पुलिस ने ब्लैकमेल और उगाही के आरोपों में शुक्रवार तड़के उनके आवास से गिरफ्तार कर लिया. मामला कथित रूप से छत्तीसगढ़ के एक मंत्री की सेक्स सीडी से जुड़ा है. मंत्री ने सीडी को फर्जी बताया […]

विज्ञापन

गाजियाबाद / रायपुर : बीबीसी और अमर उजाला में वरिष्ठ पदों पर रह चुके पत्रकार विनोद वर्मा को छत्तीसगढ पुलिस ने ब्लैकमेल और उगाही के आरोपों में शुक्रवार तड़के उनके आवास से गिरफ्तार कर लिया. मामला कथित रूप से छत्तीसगढ़ के एक मंत्री की सेक्स सीडी से जुड़ा है. मंत्री ने सीडी को फर्जी बताया और कहा कि यह उनके चरित्र हनन की कोशिश है. आइए जानते हैं इस गिरफ्तारी और स्कैंडल से जुड़ी पूरी बात.

– सबसे पहले शुक्रवार को पूर्व में बीबीसी हिंदी सेवा और अमर उजाला में काम कर चुके वर्मा को गिरफ्तार करने के बाद उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद में मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट (सीजेएम) अर्चना के सामने पेश किया गया जिन्होंने उनकी जमानत याचिका नामंजूर कर दी.

-उन्हें 30 अक्तूबर तक ट्रांजिट रिमांड पर छत्तीसगढ़ पुलिस को सौंप दिया. वर्मा एडिटर्स गिल्ड ऑफ इंडिया के भी सदस्य हैं.

-रायपुर जिले के पुलिस अधीक्षक संजीव शुक्ला ने दावा किया कि पत्रकार के घर से करीब 500 पोर्न सीडी, दो लाख रुपये नकद, एक पेन ड्राइव, एक लैपटॉप और एक डायरी पत्रकार के घर से बरामद की गयी.

– छत्तीसगढ़ पुलिस की एक टीम ने गाजियाबाद पुलिस की मदद से वर्मा को इंदिरापुरम के महागुन मैंशन अपार्टमेंट्स स्थित उनके घर से तड़के साढ़े तीन बजे गिरफ्तार किया.

-पुलिस अधीक्षक ने कहा कि वर्मा के खिलाफ पोर्नोग्राफिक सामग्री रखने के लिए सूचना प्रौद्योगिकी (आईटी) अधिनियम की धारा 67 के तहत मामला दर्ज किया गया है.

-पत्रकार ने दावा किया है कि उनके पास छत्तीसगढ़ के लोक निर्माण मंत्री राजेश मूणत की सेक्स सीडी थी, जिसकी वजह से छत्तीसगढ़ पुलिस उनसे खफा थी और उन्हें इस मामले में फंसाया जा रहा है.

-वहीं मूणत ने कहा कि सीडी फर्जी है और उनका चरित्र हनन करने की एक कोशिश है जबकि भाजपा और कांग्रेस दोनों ने मुद्दे को लेकर एक दूसरे पर आरोप प्रत्यारोप लगाये.

-मूणत ने रायपुर में एक संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए मांग की कि सीडी की सच्चाई की जांच की जाए और इस साजिश में शामिल लोगों पर कार्रवाई की जाये.

-छत्तीसगढ़ भाजपा के प्रवक्ता शिवरतन शर्मा ने आरोप लगाया कि प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष भूपेश बघेल फर्जी सीडी से जुड़ी साजिश में शामिल हैं.

-उन्होंने कहा कि साजिश का मूल उद्देश्य ब्लैकमेलिंग है और अगर भूपेश बघेल के पास सीडी थी तो उन्हें पुलिस का रुख करना चाहिए था और मामला दर्ज कराना चाहिए था. शर्मा और मूणत दोनों ने सवाल किया कि पत्रकार ने सीडी की 500 प्रतियां क्यों तैयार कीं.

-दूसरी ओर बघेल ने मुद्दे को लेकर मंत्री के इस्तीफे की मांग की और दावा किया गया कि प्राथमिकी में विनोद वर्मा का नाम नहीं था.

-उन्होंने कहा कि प्रकाश बजाज नाम के एक व्यक्ति की शिकायत के बाद छत्तीसगढ के रायपुर जिले के पंडरी पुलिस थाने में ब्लैकमैल और उगाही का एक मामला दर्ज किया गया.

-रायपुर के डीएसपी शुक्ला ने बताया कि वर्मा पर सूचना प्रौद्योगिकी (आईटी) अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है. उन्होंने बताया कि प्रकाश बजाज नामक व्यक्ति ने एक शिकायत दर्ज करायी थी.

-शुक्ला ने कहा शिकायतकर्ता ने रायपुर के पंडरी पुलिस थाने में एक अज्ञात कॉलर द्वारा फोन पर परेशान किये जाने की शिकायत दर्ज करायी थी. फोन करने वाले व्यक्ति ने उसे कहा था कि उसके पास उसके आका की एक सीडी है.

-बजाज ने पुलिस को बताया कि फोन करने वाले ने उसे धमकी दी थी कि उसकी मांग पूरी न होने पर वह सीडी बांट देगा. अधिकारी ने बताया कि एक खोजी दल पत्रकार का पता लगाने दिल्ली पहुंचा था.

-शुक्ला ने कहा, जांच के दौरान, पुलिस को उस दुकान का पता चला जहां से इस सीडी को कॉपी कराया गया था. दुकानदार ने बताया कि विनोद वर्मा नामक व्यक्ति ने सीडी की एक हजार कॉपी तैयार करायी थी.

-उन्होंने बताया कि इसके बाद उन्होंने गाजियाबाद में अपने समकक्ष से संपर्क कर पत्रकार को उसके घर से गिरफ्तार किया और वहां से सीडी तथा अन्य सामग्री जब्त की.

-बीबीसी और अमर उजाला के पूर्व पत्रकार की गिरफ्तारी की खबर बाहर आने के बाद इलेक्ट्रॉनिक और प्रिंट मीडिया के अनेक वरिष्ठ पत्रकार गाजियाबाद पुलिस स्टेशन के बाहर एकत्रित हो गये.

-आप नेता एवं पूर्व पत्रकार आशुतोष ने इसे प्रेस पर हमला करार दिया.

-उत्तर प्रदेश पुलिस को अपने एक ट्वीट में उन्होंने कहा कि वर्मा की रहस्यमय तरीके से गिरफ्तारी प्रेस की स्वतंत्रता पर हमले के समान है.

यह भी पढ़ें-
पुणे पिच प्रकरण के बाद ग्रीन पार्क की पिच की फूल प्रूफ सुरक्षा

विज्ञापन
Prabhat Khabar Digital Desk

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola