UP Weather Update: लखनऊ, आगरा, गोरखपुर सहित कई जगह बारिश और सर्द हवाओं ने गिराया पारा, जानें मौसम का हाल

UP Weather Update: आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र, लखनऊ के मुताबिक, फिलहाल मौसम में बहुत बड़े बदलाव के आसार नहीं हैं. लेकिन, बारिश की वजह से तापमान में गिरावट देखने को मिल सकती है. धूप और बादलों का सिलसिला जारी रह सकता है. वहीं इस बारिश के बावजूद गुरुवार को कई जगह धुंध-कोहरे की स्थिति बरकरार रही.
UP Weather Update: उत्तर प्रदेश के मौसम में बदलाव का सिलसिला जारी है. बीते चौबीस घंटे में प्रदेश में धुंध-कोहरा के साथ ठंड का असर देखने को मिला. हालांकि मंगलवार की अपेक्षा बुधवार को धूप निकलने से लोगों को राहत मिली. वहीं गुरुवार सुबह एक बार फिर मौसम ने करवट ली और बारिश हुई. राजधानी लखनऊ, आगरा, गोरखपुर सहित कई इलाकों में इस बारिश की वजह से मौसम में बदलाव देखने को मिला.सुबह के वक्त बाहर निकलने वाले अचानक हुई इस बारिश से परेशान दिखे. लखनऊ समेत प्रदेश के कई इलाकों में बरसात की वजह से तापमान में गिरावट दर्ज की गई है. हालांकि लखनऊ में फिलहाल शीतलहर जैसी स्थिति देखने को नहीं मिली है. लेकिन, इस बारिश की वजह से मौसम में असर पड़ा है. तड़के शुरू हुई बारिश आधे घंटे से ज्यादा समय तक जारी रही और सड़कों पर पानी भरा हुआ है. मौसम विभाग ने बारिश को लेकर संभावना जताई थी. वहीं आगे भी इसी तरह का मौसम रहने का अनुमान है. आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र, लखनऊ के मुताबिक, प्रदेश में 2 दिसंबर तक बारिश की स्थिति है. 1 दिसंबर को पश्चिमी यूपी के साथ-साथ पूर्वी यूपी में भी बारिश और गरज के साथ बौछारें पड़ने की संभावना है. जबकि 2 दिसंबर को पश्चिमी यूपी में मौसम शुष्क रह सकता है और पूर्वी यूपी में एक दो स्थान पर बारिश व गरज के साथ बौछारें पड़ने की उम्मीद है. पश्चिमी विक्षोभ की वजह से ये बदलाव देखने को मिल रहा है.
आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र, लखनऊ के मुताबिक, फिलहाल मौसम में बहुत बड़े बदलाव के आसार नहीं हैं. लेकिन, बारिश की वजह से तापमान में गिरावट देखने को मिल सकती है. धूप और बादलों का सिलसिला जारी रह सकता है. वहीं इस बारिश के बावजूद गुरुवार को कई जगह धुंध-कोहरे की स्थिति बरकरार रही. आने वाले दिनों में मध्यम से घने कोहरे के कारण लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ सकता है. दिसंबर में ठंड हवाओं के कारण पारे में अधिक गिरावट देखने को मिलेगी.
Also Read: UP Weather Update: यूपी में पश्चिमी विक्षोभ की सक्रियता से 2 दिसंबर तक बारिश का मौसम, घना होगा कोहरा
आगरा में गुरुवार सुबह घने बादलों के साथ हल्की बूंदाबांदी के बीच ठंडी हवाएं चलने लगी. कुछ देर बाद ही तेज बरसात से मौसम पूरी तरह बदल गया. लोगों ने बरसात से बचने के लिए रेनकोट और छाते का प्रयोग किया. ठंडी हवाओं ने ठिठुरन बढ़ा दी है. मौसम विभाग ने गुरुवार को पूरे दिन बादल छाए रहने के आसार जताए हैं. शहर में न्यूनतम तापमान 12 डिग्री तक पहुंच सकता है. शुक्रवार को भी आगरा में कोहरे के आसार जताए गए हैं.
गोरखपुर में गुरुवार की सुबह से ही मौसम ने यू टर्न ले लिया. सुबह से ही आसमान में बादल छाए रहे. इसके बाद हल्की ठंडी हवाएं चलने लगी और फिर बूंदाबांदी शुरू हो गई है. इससे मौसम पूरी तरह बदल गया है. मौसम विभाग के मुताबिक प्रदेश में पश्चिमी हवाओं के असर से यह बारिश हो रही है. मौसम विभाग के अनुसार 30 नवंबर को आसमान में बादल छाए रहेंगे. गुरुवार को अधिकतम तापमान 24 से 26 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 16 डिग्री सेल्सियस तक रह सकता है. मौसम विभाग का पूर्वानुमान है कि यूपी में 2 दिसंबर तक बारिश की आशंका है. अगले 24 घंटे में उत्तर प्रदेश के 23 शहरों में हल्की बारिश हो सकती है, जिसमें ज्यादातर पूर्वांचल के जिले शामिल हैं. वहीं बादलों के छाए रहने से तापमान में बढ़ोतरी भी हो सकती है. मौसम विज्ञानियों की माने तो पश्चिमी हिमालय क्षेत्र में एक ताजा पश्चिमी विक्षोभ बना है. इसका असर एक दिसंबर तक रहेगा. पहाड़ों पर बारिश हल्की बर्फबारी का असर मैदानी इलाकों में भी देखने को मिलेगा.
उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर में सबसे कम न्यूनतम तापमान रिकॉर्ड किया गया है. न्यूनतम तापमान की बात करें तो इसमें उतार चढ़ाव देखने को मिल रहा है. मुजफ्फरनगर में सबसे कम 10.6 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान रिकार्ड किया गया है. अयोध्या में 13.0 डिग्री, फुरसतगंज में 13.6 डिग्री, वाराणसी बीएचयू में 14.9 डिग्री, बलिया, लखीमपुर खीरी और गोरखपुर में 16.0 डिग्री न्यूनतम तापमान रहा है. वहीं मेरठ में 10.8 डिग्री, नजीबाबाद में 11.0 डिग्री, बरेली में 11.8 डिग्री, कानपुर सिटी में 12.4 डिग्री और बहराइच में 13.0 डिग्री न्यूनतम तापमान दर्ज किया गया है. इसी तरह शाहजहांपुर में 14.2 डिग्री और गाजीपुर में 14.0 डिग्री तापमान रिकॉर्ड किया गया.
मौसम विभाग के मुताबिक इस समय पश्चिमी विक्षोभ पंजाब से हरियाणा होते हुए दिल्ली तक समुद्र तल से लगभग 5.8 किमी ऊपर पश्चिमी हवाओं में एक ट्रफ के रूप में बना हुआ है. श्रीलंका और आसपास के इलाकों पर एक चक्रवाती हवाओं का क्षेत्र बना हुआ है. दक्षिण अंडमान और उससे सटे दक्षिणपूर्व बंगाल की खाड़ी के ऊपर एक निम्न दबाव का क्षेत्र, बंगाल की दक्षिणपूर्व खाड़ी और उससे सटे दक्षिण अंडमान सागर के ऊपर एक गहरी निम्म् दबाव में तब्दील हो गया है. इसके पश्चिम उत्तर-पश्चिम दिशा में बढ़ने और 30 नवंबर के आसपास एक डिप्रेशन में तब्दील होने की संभावना है. इसके बाद अगले 48 घंटों के दौरान, इसके उत्तर-पश्चिम की ओर बढ़ने और दक्षिण-पूर्व बंगाल की खाड़ी पर एक चक्रवाती तूफान में तब्दील होने की संभावना है. दक्षिणपूर्व अरब सागर से केरल होते हुए उत्तरी महाराष्ट्र तक एक ट्रफ निचले स्तर पर चल रही पूर्वी हवाओं में विकसित होने के आसार हैं.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Sanjay Singh
working in media since 2003. specialization in political stories, documentary script, feature writing.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




