लखनऊ में 23 साल बाद डेविस कप का आयोजन, 16-17 सितंबर को भारत और मोरक्को के बीच होगा मुकाबला, जानें शेड्यूल

लखनऊ में खेल प्रेमियों के लिए अच्छी खबर है. एक के बाद एक बड़ी प्रतियोगिताओं के आयोजन की कड़ी में अब शहर में अंतरराष्ट्रीय टेनिस प्रतियोगिता डेविस कप का मुकाबला देखने को मिलेगा. लखनऊ में आईपीएल क्रिकेट मैच, खेलो इंडिया यूनिवर्सिटी गेम्स और अब डेविस कप के आयोजन को लेकर लोगों में उत्साह है.
Lucknow: टेनिस प्रेमियों को राजधानी लखनऊ में जल्द बड़ी अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता देखने को मिलेगी. लखनऊ को 23 साल बाद डेविस कप की मेजबानी का बड़ा अवसर मिलने जा रहा है. राजधानी में 16 और 17 सितंबर को इकाना स्पोर्ट्स सिटी के टेनिस कोर्ट पर इस प्रतियोगिता का आयोजन होगा. इसमें भारत और मोरक्को के बीच वर्ल्डकप ग्रुप-2 का टाई होगा.
बताया जा रहा है कि इस प्रतियोगिता के लिए शासन स्तर पर 20 करोड़ की धनराशि स्वीकृत की गई है. इससे पहले वर्ष 2000 में लखनऊ में भारत और लेबनान के बीच डेविस कप मुकाबला अवध जिमखाना में खेला गया था. उसमें भारतीय टीम ने 3-2 से जीत हासिल की थी. वहीं 23 साल बाद एक बार फिर प्रतिष्ठित डेविस कप के मुकाबले को लेकर इकाना के नवनिर्मित टेनिस कोर्ट में तैयारियां तेज हो गई हैं.
इससे पहले यहां विगत 17 से 26 मार्च तक 25000 अमेरिकी डॉलर वाले आईटीएफ मेंस फ्यूचर टेनिस का सफल आयोजन किया गया था. यूपी टेनिस एसोसिएशन के अध्यक्ष नवनीत सहगल ने बताया कि 16 और 17 सितंबर से भारत और मोरक्को के बीच पांच मुकाबले खेले जाएंगे. इसस पहले 15 सितंबर को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की मौजूदगी में ड्रा निकाला जाएगा.
Also Read: राकेश टिकैत बोले- सरकार की तानाशाही के खिलाफ 2024 से पहले नया आंदोलन, पहलवानों की मांगे पूरी होने तक समर्थन
डेविस कप दुनिया की सबसे बड़ी अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में से एक है. पहली बार 1900 में खेला गया था, इसे मूल रूप से अंतरराष्ट्रीय लॉन टेनिस ट्रॉफी कहा जाता था. इस प्रतियोगिता ने अभी भी अपनी इस चमक को बरकरार रखा है. डेविस कप एक अंतरराष्ट्रीय पुरुष टेनिस स्पर्धा है जो कि दलों द्वारा खेली जाती है. डेविस कप प्रतिवर्ष नॉक आउट ढंग से खेला जाता है. इसे ‘टेनिस का विश्व कप’ भी कहा जाता है. ग्रेट ब्रिटेन, 2023 के लिए इस प्रतियोगिता का मेजबान राष्ट्र बना हुआ है. इस साल का आयोजन मैनचेस्टर में एओ एरिना में हो रहा है.
एक वक्त था जब लखनऊ बड़ी प्रतियोगिताओं के आयोजन को तरसता था. लेकिन, कुछ समय से राजधानी अब खेलों का नया हब बनती नजर आ रही है. खेलो इंडिया यूनिवर्सिटी गेम्स के भव्य आयोजन के साथ जहां राजधानी में इसकी कई प्रतियोगिताएं आयोजित की जा रही हैं. वहीं बड़े आयोजनों की मेजबानी की बात करें तो शहर के अटल बिहारी वाजपेयी इकाना किक्रेट स्टेडियम में आईपीएल के मुकाबले खेले गए. इस दौरान खिलाड़ियों ने लखनऊ की तारीफ की.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Sanjay Singh
working in media since 2003. specialization in political stories, documentary script, feature writing.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




