UP News: 27 जून से खुलेंगे यूपी के सरकारी स्कूल, परिषदीय स्कूलों की गर्मी की छुट्टियां 11 दिन और बढ़ीं

Updated at : 08 Jun 2023 5:33 PM (IST)
विज्ञापन
UP News: 27 जून से खुलेंगे यूपी के सरकारी स्कूल, परिषदीय स्कूलों की गर्मी की छुट्टियां 11 दिन और बढ़ीं

प्रदेश में अत्यधिक गर्मी और लू की आशंका के चलते योगी सरकार ने बेसिक विद्यालयों के छात्रों को राहत दी है. सचिव बेसिक शिक्षा परिषद ने सभी बीएसए को 26 जून तक छुट्टी करने के आदेश दिये हैं.

विज्ञापन

लखनऊ: प्रदेश में तेज गर्मी और लू की स्थिति को देखते हुए योगी सरकार ने सभी परिषदीय विद्यालयों में ग्रीष्मकालीन अवकाश को 15 जून से बढ़ाकर 26 जून कर दिया है. सचिव बेसिक शिक्षा ने इसका आदेश जारीकर दिया है. अब सभी परिषदीय स्कूल 27 जून को खुलेंगे. परिषद के अधीन संचालित मान्यता प्राप्त विद्यालयों में ग्रीष्मकालीन अवकाश के संबंध में विद्यालय प्रबंधन समिति निर्णय लेने के लिये अधिकृत होगी.

गर्मी की छुट्टियां अब 26 जून तक 

सचिव उत्तर प्रदेश बेसिक शिक्षा परिषद प्रताप सिंह बघेल के आदेश में कहा गया है कि शिक्षा निदेशक (बेसिक) से प्राप्त अनुमोदन के क्रम में उत्तर प्रदेश बेसिक शिक्षा परिषद के नियंत्रणाधीन संचालित परिषदीय विद्यालयों / मान्यता प्राप्त बेसिक विद्यालयों में 20 मई से 15 जून 2023 तक की ग्रीष्मकालीन अवकाश की अवधि को 26 जून 2023 तक बढ़ाया जाता है.

इसके अनुसार ग्रीष्मकालीन अवकाश की अवधि 20 मई से 26 जून 2023 तक होगी. निर्देश दिया गया है कि 27 जून 2023 को विद्यालय खोले जाने के पूर्व पर्याप्त साफ-सफाई, शौचालय की सफाई, बच्चों के लिए शुद्ध पेयजल एवं बैठने की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए.

उल्लेखनीय है कि परिषदीय विद्यालयों में दिसंबर 2022 में जारी आदेश के अनुसार परिषदीय विद्यालयों में ग्रीष्म अवकाश 27 दिन और शीतकालीन अवकाश (15 दिन) घोषित किया गया था. इस तरह ग्रीष्मकालीन और शीतकालीन अवकाश कुल 42 दिवस का अनुमन्य किया गया था. लेकिन अब इसे बढ़ा दिया गया है.

छोटे बच्चों को मिलेगी राहत

महानिदेशक स्कूल शिक्षा विजय किरण आनंद ने बताया कि प्रदेश में आगामी कुछ दिनों में तेज धूप और लू की आशंका व्यक्त की गई है. अत्यधिक गर्मी का छोटे बच्चों पर विपरीत असर पड़ सकता है. इसी को ध्यान में रखते हुए ग्रीष्मकालीन अवकाश को 26 जून तक के लिए बढ़ाया गया है. सभी विद्यालय 27 जून से नियमित खुलेंगे और पठन पाठन का कार्य होगा.

उन्होंने कहा कि छुट्टियों तक परिषदीय विद्यालयों के बच्चे ग्रीष्मकालीन अवकाश में दिए गए गृह कार्य को करना जारी रखेंगे. साथ ही विभिन्न डिजिटल साधनों (दीक्षा ऐप) के माध्यम से अध्ययन करते रहेंगे. उन्होंने कहा कि मौसम विभाग ने आगामी दिनों में पूरे प्रदेश में भीषण गर्मी और लू की चेतावनी जारी की है. प्रदेश के कई जिलों के लिए येलो अलर्ट भी जारी किया गया है.

योग दिवस पर खुलेंगे स्कूल

21 जून को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर विद्यालयों को खोल जाएगा. इस दिन योग अभ्यास के साथ ही छात्रों को मिष्ठान व फल का वितरण किया जाएगा. 21 जून को 9वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर बेसिक शिक्षा परिषद के अधीन संचालित विद्यालयों को एक दिन पूर्व खुलवाकर समुचित सफाई व्यवस्था कराने के निर्देश दिये गये हैं. साथ ही अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस में योगाभ्यास कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा.

विज्ञापन
Amit Yadav

लेखक के बारे में

By Amit Yadav

UP Head (Asst. Editor)

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola