ePaper

नसीमुद्दीन ‘टैपिंग ब्लैकमेलर'' : मायावती

Updated at : 11 May 2017 11:00 PM (IST)
विज्ञापन
नसीमुद्दीन ‘टैपिंग ब्लैकमेलर'' : मायावती

लखनऊ : बहुजन समाज पार्टी से निष्कासित नेता नसीमुद्दीन सिद्दीकी को ‘टेपिंग ब्लैकमेलर’ बताते हुए पार्टी सुप्रीमो मायावती ने गुरुवार को कहा कि उन्होंने पार्टी की सदस्यता अभियानमें जमा हुआ करीब पचास फीसदी धन पार्टी कोष में जमा नहीं किया इसलिए उन्हें पार्टी से निकाला गया. ये भी पढ़ें… कभी मायावती के बेहद करीबी रहे […]

विज्ञापन

लखनऊ : बहुजन समाज पार्टी से निष्कासित नेता नसीमुद्दीन सिद्दीकी को ‘टेपिंग ब्लैकमेलर’ बताते हुए पार्टी सुप्रीमो मायावती ने गुरुवार को कहा कि उन्होंने पार्टी की सदस्यता अभियानमें जमा हुआ करीब पचास फीसदी धन पार्टी कोष में जमा नहीं किया इसलिए उन्हें पार्टी से निकाला गया.

ये भी पढ़ें… कभी मायावती के बेहद करीबी रहे नसीमुद्दीन सिद्दीकी बसपा से निष्कासित

मायावती ने नसीमुद्दीन को एक आधारहीन नेता बताते हुए कहा कि वह ऐसे ही फोन टैप कर पार्टी के कार्यकर्ताओं और नेताओं से पैसे वसूल करते थे. वह पार्टी में अच्छे और काबिल मुसलमान नेताओं को आने ही नहीं देना चाहते थे. मायावती ने पार्टी महासचिव सतीश चंद्र मिश्रा को ईमानदार और स्वच्छ छविवाला नेता बताया. नसीमुद्दीन सिद्दीकी द्वारा प्रेस वार्ता में मायावती पर लगाये गये आरोपों के बाद शाम को बसपा सुप्रीमो ने मीडिया को बुलाया.

उत्तर प्रदेश के 2017 विधानसभा चुनाव में पार्टी की हार के लिए एक बार फिर ईवीएम को जिम्मेदार ठहराते हुए उन्होंने कहा, ‘नसीमुद्दीन को पश्चिमी उत्तर प्रदेश की मुसलिम बहुल सीटों पर मुसलमानों को पार्टी से जोड़ने की जिम्मेदारी काफी पहले दी गयी थी. जब नोटबंदी हुई तो चुनाव लड़ने के लिए अधिक से अधिक लोगों को पार्टी से जोड़ने और उनसे सदस्यता शुल्क लेने का काम सभी पार्टी नेताओं को दिया गया था, क्योंकि बसपा सदस्यों के चंदे के सहारे ही चुनाव लड़ती है. वह किसी भी उद्योगपति या धन्नासेठों से पैसा नहीं लेती है.’ उन्होंने कहा कि सभी पार्टी नेताओं ने सदस्यता की रसीदें पैसे के साथ पार्टी कार्यालय में जमा करा दी, लेकिन नसीमुद्दीन ने केवल पचास प्रतिशत पैसा ही जमा करवाया. उनसे बार-बार पैसा जमा करवाने को कहा गया, लेकिन वह आनकानी करते रहे.

बसपा सुप्रीमो ने कहा कि पश्चिमी उत्तर प्रदेश के अनेक नेताओं ने उनसे शिकायत की वह सदस्यता शुल्क का पैसा नसीमुद्दीन को दे चुके हैं, लेकिन वह उसे पार्टी कार्यालय में नहीं जमा करवा रहे हैं. इसके अलावा मुझे पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कई नेताओं और कार्यकर्ताओं ने बताया कि यह पार्टी नेताओं की बात फोन पर टेप करते हैं और ‘उस टेपिंग को मुझे (मायावती) को सुनाने की धमकी देकर उनसे अवैध वसूली करते थे. यह टेपिंग ब्लेकमेलर का काम करते थे.’ उन्होंने कहा, ‘जो आदमी अपनी राष्ट्रीय अध्यक्ष की बातें टेप करता है. वह आम नेताओं कार्यकर्ताओं की बात जरूर टेप करता होगा. उन्होंने कहा कि नसीम ने जो टेप मीडिया को सुनवाये उसमें काटछांट की गयी है और उसमें सिर्फ मेरी बातें ही सुनवायी गयी हैं, जबकि उसके सिर्फ ‘हां और बहनजी’ जैसे ही शब्द सुनायी दे रहे हैं.’ मायावती ने कहा, ‘जो भी बात टेप में है, उसमें मैं केवल पार्टी की सदस्यता का पैसा जमा करवाने की बात कर रही हूं. जिस पर वह कह रहा है कि मैं अपनी जमीन जायदाद बेच कर पार्टी का पैसा जमा करवाऊंगा. तब मैंने कहा कि पार्टी का सदस्यता शुल्क जमा कराओ क्योंकि उससे ही पार्टी का खर्च चलता है.’

उन्होंने अपने भाई आनंद पर पैसा कमाने के नसीमुद्दीन के आरोपों का जवाब देते हुए कहा, ‘जो लोग कह रहे हैं कि मेरा भाई एक चतुर्थ श्रेणी का कर्मचारी था और अब पैसेवाला हो गया. वह लोग अंबानी का बैकग्राउंड देख लें. अंबानी मेहनत करके इस जगह पर पहुंचे हैं. वैसे ही मेरे भाई ने कारोबार में मेहनत की और आज इस स्थान पर पहुंचा.’ बसपा सुप्रीमो ने कहा कि मुसलिम समाज नसीमुद्दीन को कभी माफ नहीं करेगा, क्योंकि उन्होंने आज मुसलिम समाज के लिए जिन गंदे शब्दों का प्रयोग किया वह अपनी जुबान से नहीं कर सकती हैं.

विज्ञापन
Prabhat Khabar Digital Desk

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola