ePaper

बोलीं मायावती- केरल के साथ सौतेला बर्ताव कर रही मोदी सरकार

Updated at : 28 Aug 2018 2:30 PM (IST)
विज्ञापन
बोलीं मायावती- केरल के साथ सौतेला बर्ताव कर रही मोदी सरकार

लखनऊ : बहुजन समाज पार्टी (बसपा) की अध्यक्ष मायावती ने मंगलवार को केन्द्र की नरेन्द्र मोदी सरकार पर भीषण बाढ़ की तबाही से जूझ रहे केरल के साथ सौतेला बर्ताव करने का आरोप लगाते हुए इस आफ़त को ‘राष्ट्रीय आपदा‘ घोषित करने की मांग की. मायावती ने यहां एक बयान में कहा कि केरल के […]

विज्ञापन

लखनऊ : बहुजन समाज पार्टी (बसपा) की अध्यक्ष मायावती ने मंगलवार को केन्द्र की नरेन्द्र मोदी सरकार पर भीषण बाढ़ की तबाही से जूझ रहे केरल के साथ सौतेला बर्ताव करने का आरोप लगाते हुए इस आफ़त को ‘राष्ट्रीय आपदा‘ घोषित करने की मांग की.

मायावती ने यहां एक बयान में कहा कि केरल के लाखों परिवार इस सदी की भीषण बाढ़ से बुरी तरह प्रभावित हुए हैं लेकिन केन्द्र की भाजपा सरकार इस गै़र-भाजपा शासित राज्य के साथ सौतेला व्यवहार कर रही है. बसपा इसकी निन्दा करती है और मांग करती है कि केन्द्र सरकार इसे ‘राष्ट्रीय आपदा’ घोषित करके केरल के लोगों को राहत, सहायता देने तथा उनके पुनर्वास में सहयोग करे.

उन्होंने आरोप लगाया कि केन्द्र सरकार केरल की भीषण तबाही को ना तो राष्ट्रीय आपदा घोषित कर रही है और ना ही इस राज्य को अपने स्तर पर अतिरिक्त संसाधन जुटाने के लिये स्टेट जी.एस.टी. के तहत उपकर लगाने की अनुमति देने के मामले में गंभीरता दिखा रही है.

उन्होंने कहा कि यह केन्द्र की संकीर्ण राजनीति नहीं तो और क्या है. मायावती ने कहा कि केन्द्र सरकार की घोर उदासीनता और निष्क्रियता का ही परिणाम है कि केरल के मुख्यमंत्री को दुनिया भर में रहने वाले मलयाली लोगों से सहायता की अपील करनी पड़ी है. केरल के करीब 10 लाख परिवारों ने अपना घर-बार खो दिया है. वहां महाविपत्ति का माहौल है.

उन्होंने कहा कि ऐसी घोर विपत्ति के समय में केन्द्र सरकार के साथ-साथ विभिन्न राज्यों की सरकारों को भी राजनीतिक संकीर्णता भुला कर आगे आना चाहिये. यही समय की ज़रूरत और मांग है. मायावती ने कहा कि उत्तराखण्ड तथा उत्तर प्रदेश के कुछ इलाकों में भी बाढ़ से जन-जीवन प्रभावित है और इसके लिये इन राज्यों की भाजपा सरकारों को लापरवाही तथा उदासीनता के बजाय पूरी गंभीरता और तत्परता से काम करने की जरूरत है.

विज्ञापन
Prabhat Khabar Digital Desk

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola