15 अगस्त को लखनऊ में ट्रैफिक डायवर्जन, घर से निकलने से पहले जान लें कौन से रास्ते रहेंगे बंद

Updated:
विज्ञापन

15 अगस्त पर लखनऊ में ट्रैफिक डायवर्जन

15 अगस्त को स्वतंत्रता दिवस समारोह के चलते लखनऊ में सुरक्षा और यातायात व्यवस्था कड़ी कर दी गई है. मुख्य समारोहों के कारण शहर के कई प्रमुख मार्ग बाधित रहेंगे.

विज्ञापन

UP News : स्वतंत्रता दिवस समारोह को लेकर राजधानी लखनऊ में सुरक्षा व्यवस्था के साथ यातायात व्यवस्था को भी दुरुस्त किया गया है. 15 अगस्त को विधानसभा में मुख्य ध्वजारोहण, राजभवन के कार्यक्रम और कैसरबाग-शहीद स्मारक क्षेत्र में होने वाले मार्च पास्ट को देखते हुए शहर के कई प्रमुख मार्गों पर वाहनों का आवागमन प्रतिबंधित या डायवर्ट रहेगा. ऐसे में घर से निकलने से पहले ट्रैफिक प्लान जरूर जान लें.

सुबह 6 बजे से विधानसभा क्षेत्र में डायवर्जन

विधानसभा में ध्वजारोहण कार्यक्रम के दौरान सुबह 6 बजे से कार्यक्रम समाप्त होने तक कई प्रमुख रास्तों पर सामान्य वाहनों की आवाजाही बंद रहेगी. समतामूलक चौराहे से 1090 चौराहा, गोल्फ क्लब और बंदरियाबाग की ओर सामान्य वाहन नहीं जा सकेंगे. इन वाहनों को ग्रीन कॉरिडोर, ताज अंडरपास, पिपराघाट और जी-20 तिराहे की ओर डायवर्ट किया जाएगा. इसी तरह रॉयल होटल चौराहे से हजरतगंज चौराहे के बीच भी सामान्य ट्रैफिक प्रतिबंधित रहेगा. वाहनों को सिसेंडी, एनेक्सी, लालबत्ती या कैसरबाग अशोक लाट की ओर से वैकल्पिक मार्ग दिया जाएगा.

हजरतगंज जाने वालों को इन रास्तों का करना होगा इस्तेमाल

मेफेयर, अल्का और बाल्मीकि तिराहे से हजरतगंज, डीएसओ चौराहा और बंदरियाबाग की ओर जाने वाले वाहनों को डनलप, सिकंदरबाग, दैनिक जागरण चौराहा या सुभाष चौराहा होकर जाना होगा. वहीं केकेसी तिराहे से राणा प्रताप चौराहा, बर्लिंगटन और रॉयल होटल की ओर जाने वाले वाहनों को लोको चौराहा और कुंवर जगदीश चौराहा की तरफ डायवर्ट किया जाएगा. सुभाष चौराहे से हजरतगंज जाने वाले वाहन अशोक लाट या हनुमान सेतु के रास्ते ग्रीन कॉरिडोर का इस्तेमाल कर सकेंगे.

राजभवन कार्यक्रम के दौरान भी बदला रहेगा रूट

राजभवन यानी जनभवन में सुबह 8 बजे और शाम 4 बजे होने वाले कार्यक्रमों को देखते हुए भी यातायात में बदलाव रहेगा. बंदरियाबाग चौराहे से जनभवन, डीएसओ चौराहा और हजरतगंज की ओर सामान्य वाहनों का प्रवेश नहीं होगा. इन वाहनों को गोल्फ क्लब चौराहा या एसएन ओवरब्रिज की ओर भेजा जाएगा. लालबत्ती चौराहे से प्रेरणा केंद्र, एनेक्सी और सिसेंडी तिराहे की ओर जाने वाला ट्रैफिक भी प्रतिबंधित रहेगा. हजरतगंज से डीएसओ और बंदरियाबाग की ओर जाने वाले वाहन पार्क रोड के रास्ते निकलेंगे.

डीएसओ-पार्क रोड पर वन-वे व्यवस्था रहेगी निलंबित

15 अगस्त को डीएसओ से पार्क रोड होते हुए हजरतगंज तक लागू रहने वाली वन-वे व्यवस्था भी निलंबित रहेगी. इसलिए इस मार्ग से गुजरने वाले वाहन चालकों को अतिरिक्त सावधानी बरतने की सलाह दी गई है.

दोपहर 2 बजे से कैसरबाग-शहीद स्मारक क्षेत्र में डायवर्जन

मुख्य मार्च पास्ट के दौरान दोपहर 2 बजे से कैसरबाग और शहीद स्मारक क्षेत्र में ट्रैफिक डायवर्जन लागू होगा. इस दौरान कई प्रमुख मार्गों पर सामान्य वाहनों को आगे जाने की अनुमति नहीं होगी. सिटी स्टेशन की ओर से आने वाले वाहन गोलागंज से बलरामपुर ढाल या चारबत्ती चौराहे की ओर नहीं जा सकेंगे. इन्हें नक्षत्रशाला और डालीगंज पुल की ओर डायवर्ट किया जाएगा. अमीनाबाद से गुईन रोड होते हुए कैसरबाग बस अड्डे की ओर जाने वाले वाहनों को नजीराबाद की तरफ भेजा जाएगा.

चौक और कैसरबाग रूट पर भी बदलाव

चकबस्त चौराहे से कैसरबाग बस अड्डे की ओर जाने वाले वाहनों को रोककर परिवर्तन चौक, सुभाष चौराहा और मकबरा रोड के रास्ते भेजा जाएगा. कैंट रोड, बीएन रोड और लाटूश रोड से आने वाला ट्रैफिक कैसरबाग अशोक लाट होते हुए बस अड्डे की ओर नहीं जा सकेगा. इन वाहनों को लाटूश रोड, बारादरी और परिवर्तन चौक की ओर डायवर्ट किया जाएगा. वहीं चौक से डालीगंज होकर शहीद स्मारक और सीडीआरआई जाने वाले वाहनों को नक्षत्रशाला, सिटी स्टेशन या नदवा बंधा रोड का इस्तेमाल करना होगा.

एंबुलेंस और इमरजेंसी वाहनों को मिलेगी छूट

ट्रैफिक पुलिस के मुताबिक चिकित्सकीय आपात स्थिति में एंबुलेंस, शव वाहन और स्कूली वाहनों को प्रतिबंधित मार्गों पर प्राथमिकता के आधार पर निकलने की अनुमति दी जाएगी. यानी इमरजेंसी सेवाओं को डायवर्जन से जरूरी छूट दी जाएगी. यातायात से जुड़ी किसी भी जानकारी या सहायता के लिए नागरिक लखनऊ ट्रैफिक कंट्रोल रूम के हेल्पलाइन नंबर 9454405155 पर संपर्क कर सकते हैं.

जरूरी सलाह

15 अगस्त को हजरतगंज, विधानसभा, राजभवन, कैसरबाग और शहीद स्मारक क्षेत्र की ओर जाने वाले लोग घर से निकलने से पहले वैकल्पिक मार्ग की जानकारी जरूर ले लें. सुबह 6 बजे से चरणबद्ध तरीके से लागू होने वाले डायवर्जन के कारण सामान्य दिनों की तुलना में यात्रा में अधिक समय लग सकता है.

Also Read : यूपी में 15 अगस्त को क्या खुला रहेगा, क्या बंद? जाने स्कूल, कॉलेज, बैंक, सरकारी दफ्तर और बाजार की स्थिति


विज्ञापन
रवि रंजन कुमार

लेखक के बारे में

By रवि रंजन कुमार

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola